×

बिहार: कोरोना का रिकवरी रेट 78.05%, बाढ़ पर सरकार की कड़ी नजर

आज भी माननीय मुख्यमंत्री ने कोरोना को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की है और अधिकारियों को जांच में और तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।

Newstrack
Published on: 21 Aug 2020 6:05 PM GMT
बिहार: कोरोना का रिकवरी रेट 78.05%, बाढ़ पर सरकार की कड़ी नजर
X

पटना: सचिव सूचना एवं जन सम्पर्क अनुपम कुमार, सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय जितेंद्र कुमार, सचिव जल संसाधन संजीव हंस एवं अपर सचिव आपदा प्रबंधन रामचंद्र डू ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं विभिन्न नदियों के जलस्तर को लेकर सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों के संबंध में प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अद्यतन जानकारी दी।

प्रदेश में कोरोना का रिकवरी रेट 78.05 प्रतिशत

सचिव, सूचना एवं जन-सम्पर्क अनुपम कुमार ने बताया कि बाढ़ एवं कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार पूरी तरह सजग है और तत्परता से सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कोरोना जांच भी तेजी से करायी जा रही है। आज भी माननीय मुख्यमंत्री ने कोरोना को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की है और अधिकारियों को जांच में और तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। बिहार का रिकवरी रेट बढ़कर 78.05 प्रतिशत हो गया है। जो राष्ट्रीय औसत 74.30 प्रतिशत से लगभग 4 प्रतिशत अधिक है।

Bihar Covid-19 Bihar Covid-19

उन्होंने बताया कि पॉजिटिविटी दर भी लगातार घट रही है। जानकारी देते हुए सचिव, सूचना ने बताया कि रोजगार सृजन पर सरकार का पूरा ध्यान है और लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 05 लाख 58 हजार 648 योजनाओं के अंतर्गत 13 करोड़ 72 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है। सचिव स्वास्थ्य लोकेश कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 3,678 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक 91,841 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें- पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार बने चुनाव आयुक्त, जानिए इनके बारे में

बिहार का रिकवरी रेट 78.05 प्रतिशत है। विगत 24 घंटे में कोविड-19 के 2,461 नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में बिहार में कोविड-19 के 25,241 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि 20.08.2020 को 1,12,422 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 22,28,516 है।

गाइडलाइन का हो रहा पूरा पालन- अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय

Jitendra Kumar Jitendra Kumar

अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय जितेन्द्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि सरकार द्वारा 01 अगस्त से लागू अनलॉक-3 के तहत जारी गाइडलाइन्स का अनुपालन कराया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 02 कांड दर्ज किये गये हैं और किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस दौरान 657 वाहन जब्त किये गये हैं और 19 लाख 87 हजार 200 रूपये की राशि जुर्माने के रुप में वसूल की गई है। इस प्रकार 1 अगस्त से अब तक 61 कांड दर्ज किये गए हैं और 99 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। कुल 14,185 वाहन जब्त किए गए हैं और 03 करोड़ 68 लाख 25 हजार 370 रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है।

ये भी पढ़ें- महात्मा गांधी का चश्मा नीलाम: 2.55 करोड़ लगी बोली, इस शख्स ने खरीदा

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 4,254 व्यक्तियों से 02 लाख 12 हजार 700 रूपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। इस प्रकार 01 अगस्त से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 1,06,461 व्यक्तियों से 53 लाख 23 हजार 50 रूपये की जुर्माना राशि वसूल की गयी है। कोविड-19 से निपटने के लिये उठाये जा रहे कदमो और नए दिशा निर्देशों का पालन करने में अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ सख्ती से कदम उठाये जा रहे हैं।

सचिव जल संसाधन ने नदियों के जल स्तर की दी जानकारी

Sanjiv Hans Sanjiv Hans

सचिव जल संसाधन संजीव हंस ने बताया कि गंडक नदी में आज 12 बजे दिन में 1,77,800 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है। गंगा नदी का जलस्तर गांधी घाट, हाथीदह एवं कहलगांव में आज सुबह 6 बजे खतरे के निशान से ऊपर है। विगत 24 घंटे में गंगा नदी के जलस्तर में बक्सर, मुंगेर, भागलपुर एवं कहलगांव में क्रमशः 01 सेंटीमीटर, 03 सेंटीमीटर, 03 सेंटीमीटर एवं 03 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गयी है तथा दीघा एवं हाथीदह में जलस्तर स्थिर है। कोशी नदी का जलस्तर बलतारा अवस्थित गेज स्थल के पास 35.40 मीटर दर्ज किया गया। जो खतरे के निशान 33.85 मीटर से 1.55 मीटर ऊपर है।

ये भी पढ़ें- CM नीतीश ने कैमूर के ‘रीना देवी मेमोरियल अस्पताल’ किया उद्घाटन

सोन नदी में आज 12 बजे दिन में 1,71,649 क्यूसेक जलश्राव प्रवाहित हुआ है और इसकी प्रवृत्ति घटने की है। बागमती नदी का जलस्तर ढेंग, सोनाखान, कटौझा, बेनीबाद एवं हायाघाट गेज स्थलों पर खतरे के निशान से ऊपर है। जबकि डूब्बाधार तथा कनसार/चंदौली गेज स्थल पर जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। कमला बलान नदी का जलस्तर जयनगर वीयर के डाउनस्ट्रीम एवं झंझारपुर रेल पुल के पास खतरे के निशान से क्रमशः 0.35 मीटर एवं 0.40 मीटर नीचे है। महानंदा नदी का जलस्तर तैयबपुर एवं ढेंगराघाट गेज स्थल पर खतरे के निशान से नीचे है। अधवारा नदी का जलस्तर सोनवर्षा, सुंदरपुर एवं पुपरी गेज स्थल पर खतरे के निशान से नीचे है।

ये भी पढ़ें- दो पक्षों में खूनी जंग: वृद्ध शख्स की मौत, गांव में फोर्स तैनात, MLA ने की ऐसी बात

बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर समस्तीपुर रेल पुल, रोसरा रेल पुल एवं खगड़िया में खतरे के निशान से ऊपर है। घाघरा नदी का जलस्तर दरौली एवं गंगपुर सिसवन में खतरे के निशान से 0.56 मीटर एवं 0.49 मीटर ऊपर है। विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य अभियंता गोपालगंज परिक्षेत्राधीन सारण तटबंध सारण, भैसही पुरैना छरकी, बंधौली शीतलपुर फैजुल्लाहपुर जमींदारी बांध एवं बैकुंठपुर रिटायर्ड लाईन तथा मुख्य अभियंता, मुजफ्फरपुर परिक्षेत्राधीन चंपारण तटबंध के क्षतिग्रस्त भाग को छोड़कर शेष राज्य में विभिन्न नदियों पर अवस्थित तटबंध सुरक्षित हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा सतत् निगरानी एवं चैकसी बरती जा रही है।

बाढ़ पर रखी जा रही पूरी निगरानी

Bihar Flood Bihar Flood

अपर सचिव आपदा प्रबंधन रामचंद्र डू ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि बिहार की विभिन्न नदियों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह से सतर्क है। नदियों के बढ़े जलस्तर से बिहार के 16 जिलों के कुल 130 प्रखंडों की 1,322 पंचायतें प्रभावित हुई हैं। जहाँ आवश्यकतानुसार राहत शिविर चलाए जा रहे हैं। खगड़िया में 01 और समस्तीपुर में 05 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं। इन सभी 06 राहत शिविरों में कुल 5,186 लोग आवासित हैं। 371 कम्युनिटी किचेन चलाए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन 2,79,955 लोग भोजन कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव टालने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर, बताई ये वजह

सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में एन0डी0आर0एफ0 और एस0डी0आर0एफ0 की टीमें राहत एवं बचाव का कार्य कर रही हैं और अब तक प्रभावित इलाकों से एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 और बोट्स के माध्यम से 5,50,792 लोगों को निष्क्रमित किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार बाढ़ प्रभावित 9,56,341 परिवारों को जी0आर0 की राशि 6,000 रूपये की दर से कुल 573.80 करोड़ रूपये का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जा चुका है। ऐसे परिवारों को एस0एम0एस0 के माध्यम से सूचित भी किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग संपूर्ण स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।

Newstrack

Newstrack

Next Story