×

रामायण-महाभारत के प्रसारण से डीडी के दिन बहुरे, देश में बन गया नंबर वन

रामायण-महाभारत और 90 के दशक के कई अन्य चर्चित सीरियलों का फिर से प्रसारण शुरू होने के बाद दूरदर्शन के पुराने दिन लौट आए हैं। लॉकडाउन के कारण घरों में रहने पर मजबूर लोग इन सीरियलों का भरपूर मजा ले रहे हैं। दूरदर्शन देखने वालों की संख्या इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि मौजूदा समय में दूरदर्शन भारत में सबसे ज्यादा देखे जाने वाला चैनल बन गया है।

Shivani Awasthi
Published on: 13 April 2020 3:55 AM GMT
रामायण-महाभारत के प्रसारण से डीडी के दिन बहुरे, देश में बन गया नंबर वन
X

अंशुमान तिवारी

नई दिल्ली। रामायण-महाभारत और 90 के दशक के कई अन्य चर्चित सीरियलों का फिर से प्रसारण शुरू होने के बाद दूरदर्शन के पुराने दिन लौट आए हैं। लॉकडाउन के कारण घरों में रहने पर मजबूर लोग इन सीरियलों का भरपूर मजा ले रहे हैं। दूरदर्शन देखने वालों की संख्या इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि मौजूदा समय में दूरदर्शन भारत में सबसे ज्यादा देखे जाने वाला चैनल बन गया है।

40000 फ़ीसदी का उछाल

यह खुलासा ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (बीएआरसी) की एक रिपोर्ट में हुआ है। बार्क का कहना है कि दूरदर्शन देखने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। बार्क का कहना है कि सुबह और शाम के समय में दूरदर्शन के दर्शकों की संख्या में लगभग 40000 फ़ीसदी का उछाल आया है। इससे समझा जा सकता है कि इन दिनों दूरदर्शन देखने वालों की संख्या कितनी बढ़ गई है।

लोगों की मांग पर शुरू हुआ प्रसारण

दूरदर्शन ने अभी हाल में रामायण और महाभारत का प्रसारण शुरू किया है। दूरदर्शन पर जब पहली बार इन दोनों सीरियलों का प्रसारण किया गया था तो भी उन्हें काफी लोकप्रियता मिली थी। लॉकडाउन के कारण घरों में कैद लोगों की भारी मांग के बाद इन दोनों सीरियलों का फिर से प्रसारण शुरू किया गया है।

ये भी पढ़ेंः PM मोदी और आडवाणी के साथ सीता बनीं दीपिका का दिखा ये अंदाज, तस्वीर हुई वायरल

दूसरी बार भी लोगों को आ रहा आनंद

कुछ लोगों का मानना था कि दोबारा प्रसारण होने के कारण इन दोनों शो को ज्यादा दर्शक नहीं मिलेंगे मगर चौंकाने वाली बात है कि अभी भी लोग इसका भरपूर मजा ले रहे हैं। लोगों का रूटीन इन सीरियलों के समय के हिसाब से तय हो गया है और लोग पूरे परिवार के साथ बैठकर इनका आनंद ले रहे हैं।

तब पसर जाता था सड़कों पर सन्नाटा

पहली बार दूरदर्शन पर जब रामायण और महाभारत का प्रसारण शुरू हुआ था तो लोगों ने इसको इतना पसंद किया था कि प्रसारण के समय में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था। हर आदमी टीवी से चिपककर इन दोनों सीरियलों का आनंद लेता था। उस समय सबके घरों में टीवी भी नहीं था,लेकिन लोग आस-पड़ोस के घरों में जाकर भी इन दोनों सीरियलों के आनंद लेने का मौका नहीं चूकते थे।

ये भी पढ़ेंः रियल लाइफ ऐसे दिखते हैं रामायण के कलाकारों के पार्टनर

कई अन्य चर्चित कार्यक्रमों का भी प्रसारण

रामायण और महाभारत के अलावा दूरदर्शन ने शक्तिमान और बुनियाद जैसे कई अन्य कार्यक्रमों का भी फिर से प्रसारण शुरू किया है। इन सीरियलों के जरिए भी लोगों का भरपूर मनोरंजन हो रहा है।

तब दूसरी थीं स्थितियां

पहली बार जब इन सीरियलों का प्रसारण हुआ था तब स्थितियां दूसरी थी। तब देश में टीवी प्रसारण पर दूरदर्शन का ही एकाधिकार था। लेकिन धीरे-धीरे स्थितियां पूरी तरह बदल गई। दूसरे प्रतिद्वंदी चैनलों द्वारा मनोरंजक और अच्छे सीरियल लाए जाने के बाद दूरदर्शन लगातार पिछड़ता गया और उसे देखने वालों की संख्या लगातार घटती गई। देश की अधिकांश आबादी के लॉकडाउन के कारण घरों में कैद होने और इन पुराने क्लासिक्स का फिर से प्रसारण शुरू होने के बाद दूरदर्शन के दिन बहुरे है।

ये भी पढ़ेंः टीवी सीरियल से संसद तक पहुंचे रामायण और महाभारत के ये आर्टिस्ट

रामायण-महाभारत के कारण कामयाबी

बार्क का कहना है कि दूरदर्शन के सबसे आगे निकलने का प्रमुख कारण रामायण और महाभारत का प्रसारण है जबकि अन्य कार्यक्रमों ने भी चुनिंदा समय स्लॉट में चैनल की स्थिति को बेहतर बनाने में मदद की है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shivani Awasthi

Shivani Awasthi

Next Story