×

Hardoi News: मुख्य चौराहे पर लगी एलइडी स्क्रीन फ्यूज, DM के तबादले के बाद से आज तक बंद

Hardoi News: कभी चौराहे पर जगमगाती स्क्रीन महीनों से बंद पड़ी है। यहीं से रोजाना प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं, पर इसे ठीक कराने का होश किसी को नहीं है।

Pulkit Sharma
Published on: 8 May 2023 8:40 AM GMT
Hardoi News: मुख्य चौराहे पर लगी एलइडी स्क्रीन फ्यूज, DM के तबादले के बाद से आज तक बंद
X
Hardoi News

Hardoi News: यूपी में शहरों को माडर्न दिखाने के लिए ज्यादातर जिलों के मुख्य चौराहों पर एलइडी स्क्रीन लगाई गई हैं। मकसद, शहरों के गौरवशाली स्थानों को दर्शाना है। हरदोई में भी एलइडी स्क्रीन लगी तो सिनेमा चौराहा रोशन हो उठा था। लेकिन कुछ दिनों में ही ये स्क्रीन प्रशासनिक व्यवस्थाओं की तरह फ्यूज हो गई।

बच्चे देखकर होते थे खुश

सिनेमा चौराहे से गुजरते वक्त इस स्क्रीन पर हरदोई की रंग-बिरंगी झलकियां देख आम लोग खुश होते थे। बच्चे तालियां बजाते थे, पर अब यह स्क्रीन काले बोर्ड से ज्यादा कुछ नहीं बची। फुंकी हुई स्क्रीन को देख लोग मुंह मोड़ लेते हैं।

प्राचीन धरोहरों की मिलती थी जानकारी

शहर के निवासियों और यात्रियों को हरदोई के ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देने के लिए यह स्क्रीन लगाई गई थी। वर्ष 2018 में जिलाधिकारी पुलकित खरे ने इसे लगवाया था। स्क्रीन पर स्लाइड्स में शहर की प्राचीन धरोहरों को दिखाया जाता था। इसके अलावा शहर भर में क्या विकास कार्य किए गए हैं, वो इसके माध्यम से दर्शाए जाते थे। कुछ ही महीनों के बाद जिलाधिकारी पुलकित खरे का तबादला यहां से हो गया। कुछ वक्त बाद एलइडी स्क्रीन भी फुंक गई। बीच-बीच में इसे ठोंक-पीट व मरम्मत करके कुछ दिन चलाया जाता रहा। लेकिन इसमें जान नहीं फूंकी जा सकी। आज ये सफेद हाथी की तरह बीच चौराहे पर व्यवस्थाओं को मुंह चिढ़ा रही है।

महानगरों जैसे लुक का सपना फ्यूज

जब इस बारे में जनपद के लोगों से बात की गई तो उनका कहना था कि यह एलइडी स्क्रीन चलती थी, तो लगता था कि हरदोई जनपद भी बड़े शहरों की तरह तरक्की कर रहा है। लेकिन यह फीलिंग ज्यादा दिन नहीं रह सकी। कुछ ही दिनों बाद यह स्क्रीन अंधेरी हो गई। लोगों को इस बात पर अफसोस और आश्चर्य दोनों है कि कोई जिम्मेदार इसको ठीक नहीं करा रहा। जबकि पूरा प्रशासनिक अमला रोज यहीं से आता-जाता है।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story