×

Aaj ka Mausam 3 May 2023: लखनऊ में बारिश शुरू, कई जिलो में ओलावृष्टि की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी

Aaj ka Mausam 3 May 2023: बुधवार को प्रदेश के 23 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 3 May 2023 9:29 AM GMT (Updated on: 3 May 2023 10:47 PM GMT)
Aaj ka Mausam 3 May 2023: लखनऊ में बारिश शुरू, कई जिलो में ओलावृष्टि की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
X
Aaj ka Mausam 3 May 2023 (Pic Credit - Social Media)

Aaj ka Mausam 03 May 2023: मई महीने के दौरान भी देश के कई इलाकों में बारिश का माहौल बना हुआ है। देश के कई प्रदेशों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। बुधवार को प्रदेश के 23 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली समेत देश के कई अन्य इलाकों में भी आज आंधी तूफान के साथ बारिश होने की आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ को मौसम में आए इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है।

दो दिनों तक आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अभी अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। उसके बाद बारिश की गतिविधियों पर विराम लगेगा मगर 6 मई के बाद अगले दो-तीन दिनों तक फिर बारिश की गतिविधियां दिखेंगी। उत्तराखंड में आज और कल ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है। राज्य के कई इलाकों में 3 मई को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक मध्य भारत में अगले दो दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की आशंका है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में आज ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी भारत में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा। गंगीय पश्चिम बंगाल में भी आज ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 4 मई तक बारिश और ओलावृष्टि का दौर बना रहेगा। प्रदेश के 23 जिलों में बुधवार को बारिश और ओलावृष्टि होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश सुल्तानपुर जिले में 46 मिलीमीटर दर्ज की गई है।

मौसम के जानकारों के मुताबिक बारिश के साथ काफी तेज गति से हवाएं चलने की आशंका भी बनी हुई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे वाली हो सकती है। मौसम में आए बदलाव के बाद प्रदेश के कई जिलों के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मध्य भारत के इलाकों में होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी राज्यों में 5 मई तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में कल तक मौसम सुहाना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश के भी अधिकांश इलाकों में तेज और मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य भारत के इलाकों में भी झमाझम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में मध्य प्रदेश पूर्व पश्चिम में राजस्थान के जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और गुजरात में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में भी बरसेंगे बादल

दिल्ली में झमाझम बारिश के बाद मंगलवार को तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार की सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में 15 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी में आज भी आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आंधी के दौरान हवाओं की स्पीड काफी ज्यादा हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिमी हिमालय पर अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों और सिक्किम व अरुणाचल प्रदेश के इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश के साथ एक या दो इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान और कुमार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और गुजरात में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story