×

Delhi Murder Case: इन हत्याओं से दहली दिल्ली, क्यों बढ़ रही दरिंदगी, क्या अपराधियों में नहीं रहा पुलिस का खौफ

Delhi Murder Case: प्यार में धोखा खाए सिरफिरे आशिकों ने ऐसे वीभत्स तरीके से अपनी प्रेमिकाओं को मौत के घाट उतारा, जिसके बारे में सुनकर लोगों के रौंगटे खड़े हो गए।

Krishna Chaudhary
Published on: 1 Jun 2023 11:12 AM GMT (Updated on: 2 Jun 2023 8:45 AM GMT)
Delhi Murder Case: इन हत्याओं से दहली दिल्ली, क्यों बढ़ रही दरिंदगी, क्या अपराधियों में नहीं रहा पुलिस का खौफ
X
Brutal Delhi Murder Case (photo: social media )

Delhi Murder Case: प्यार, तकरार और फिर हत्या राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ समय से लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। प्यार में धोखा खाए सिरफिरे आशिकों ने ऐसे वीभत्स तरीके से अपनी प्रेमिकाओं को मौत के घाट उतारा, जिसके बारे में सुनकर लोगों के रौंगटे खड़े हो गए। ताजा मामला साक्षी हत्याकांड को ही लें, जिस बर्बर तरीके से उसके प्रेमी ने उसकी हत्या की उसने पूरे समाज को झकझोड़ कर रख दिया। सिरफिरे ने तब तक पीड़िता को मारना जारी रखा जब तक उसके शरीर से प्राण नहीं निकल गए।

उसने इस घटना को किसी सुनसान जगह पर नहीं बल्कि खुलेआम लोगों के सामने इसे अंजाम दिया। हत्यारे के बगल से लोग इस तरह गुजर रहे थे, मानो वह कोई असल दृश्य नहीं बल्कि किसी फिल्म के सीन का शूट चल रहा हो। ये पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, साथ ही इसने दिल्लीवासियों के अंसवेदनशील चेहरे को भी कैद कर लिया। देश की राजधानी में लगातार घट रही इस प्रकार की घटनाएं पुलिस के इकबाल पर सवालिया निशान खड़े करती है।

दिल्ली में लगातार बढ़ रही दरिंदगी

1.शिव नाडर यूनिवर्सिटी मर्डर केस – बीते माह यानी मई 2023 में ग्रेटर नोएडा स्थित शिव नाडर यूनिवर्सिटी में खौफनाक घटी। यहां के एक छात्र अनुज ने साथ पढ़ने वाली स्नेहा चौरसिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं इसके बाद उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया था। जांच में पता चला कि दोनों का अफेयर था। स्नेहा द्वारा एकतरफा ब्रेकअप करने से नाराज होकर अनुज ने यह खौफनाक कदम उठाया था।

2.मोलड़बंद मर्डर केस – इसी साल अप्रैल माह में दिल्ली के मोलड़बंद इलाके में प्रिंस नामक युवक ने अपने प्रेमिका को चाकू से गोदकर मौत की नींद सुला दिया था। मृतका ने आरोपी युवक से कुछ समय पहले बातचीत करना बंद कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

3.निक्की यादव हत्याकांड – फरवरी 2023 में दिल्ली के नजफगढ़ के मित्रा गांव के रहने वाले साहिल गहलोत ने अपनी प्रेमिका निक्की यादव की कार में गला घोंटकर हत्या कर दी थी। दोनों लिव इन में काफी समय से रह रहे थे। इस बीच आरोपी साहिल के घरवालों ने उसकी शादी तय कर दी थी। जिसकी भनक जब निक्की को लगी तो उसने इसका कड़ा विरोध किया और असलियत सामने लाने की धमकी दी। साहिल गहलोत ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शव के टुकड़े-टुकड़े किए और फिर उसे ढाबे के बड़े फ्रिज में छिपा दिया।

4.जनवरी 2023 – दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में सुखविंदर नामक शख्स ने अपनी प्रेमिका की नृशंष हत्या कर दी थी। आरोपी लड़की के घरवालों द्वारा शादी से इनकार करने के फैसले से नाराज था। हत्या की खौफनाक घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे दबोचा था।

5.श्रद्धा हत्याकांड – महाराष्ट्र की रहने वाली श्रद्धा वॉलकर की दिल्ली में वीभत्स हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसी के लिव इन पार्टनर आफताब पूनावाला ने की थी। वो भी महाराष्ट्र के पालघर जिले का ही रहने वाला था। आरोपी ने मई 2022 में श्रद्धा की हत्या कर उसके शव के 35 टुकड़े किए और फिर उसे फ्रिज में रख दिया। फिर एक-एक कर अगले कुछ दिनों तक शव के टुकड़े जंगल में फेंकता गया। जांच में पता चला कि श्रद्धा आफताब के व्यवहार से परेशान होकर उसे छोड़ने वाली थी। लेकिन आरोपी ने इससे पहले ही उसका काम तमाम कर दिया।

6.जुलाई 2022 – पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में जुलाई 2022 को एक ऐसी ही खौफनाक घटना घटी थी। दीपक भाटी नामक शख्स ने एक महिला को इसलिए गोली मार दी थी क्योंकि पीड़िता ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। दोनों के बीच काफी समय से अफेयर था।

क्या अपराधियों में नहीं रहा पुलिस का खौफ ?

देश की राजधानी में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं दिल्ली पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़े करती है। सवाल उठता है कि क्या अपराधियों में कानून का भय या खौफ नहीं रह गया है? कई मामलों में देखा गया है कि पुलिस मामले की सही तरीके से जांच नहीं कर पाई, जिसके कारण आरोपी या तो बच निकले या उन्हें समय पर सजा नहीं मिल पाई। इन्हीं वजहों से दिल्ली पुलिस आलोचकों के निशाने पर भी रही है। चूंकि दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर केंद्र के जिम्मे आता है, इसलिए विपक्ष के निशाने पर मोदी सरकार भी रहती है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story