×

फिल्म सिटी: योगी की कवायद पर महाराष्ट्र सरकार में खलबली, ये पार्टियां बिफरीं

योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण की कोशिशों से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की नींद उड़ी हुई है। उनका कहना है कि हम किसी को जबरन महाराष्ट्र से कारोबार नहीं ले जाने देंगे।

Newstrack
Published on: 2 Dec 2020 5:25 AM GMT
फिल्म सिटी: योगी की कवायद पर महाराष्ट्र सरकार में खलबली, ये पार्टियां बिफरीं
X
Maharashtra: Mumbai में CM Yogi Adityanath करेंगे Press Conference

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कवायद से महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार में खलबली मच गई है। योगी की इस कवायद पर शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने निशाना साधा है। योगी आदित्यनाथ की कोशिशों से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की नींद उड़ी हुई है। उनका कहना है कि हम किसी को जबरन महाराष्ट्र से कारोबार नहीं ले जाने देंगे। दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा बॉलीवुड का टुकड़ा उत्तर प्रदेश में ले जाने की साजिश रच रही है।

ये भी पढ़ें: किसानों के समर्थन में आए 30 पूर्व खिलाड़ी, कर दिया ये बड़ा ऐलान

उद्धव बोले- जबरन कारोबार नहीं ले जाने देंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण की कोशिशें तेज कर दी हैं। इस सिलसिले में वे दो दिन के दौरे पर मंगलवार को मायानगरी पहुंचे। योगी के इस दौरे से महाराष्ट्र सरकार में खलबली मच गई है। शिवसेना प्रमुख और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने योगी का नाम लिए बिना निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस तरह किसी को जबरन महाराष्ट्र से कारोबार और ले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को किसी की उन्नति से जलन नहीं है मगर प्रतिस्पर्धा निष्पक्ष होनी चाहिए।

चव्हाण ने कहा-भाजपा रच रही साजिश

महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने आरोप लगाया है कि भाजपा बॉलीवुड का एक टुकड़ा उत्तर प्रदेश ले जाने की साजिश रच रही है। उन्होंने इस बाबत ट्वीट करते हुए कहा कि जब भाजपा महाराष्ट्र में सत्ता थी तब उसने कई उद्योगों एवं कार्यालयों को गुजरात स्थानांतरित कर दिया था। उन्होंने कहा कि अब महाराष्ट्र में सरकार बदल चुकी है मगर भाजपा अब बॉलीवुड का एक टुकड़ा उत्तर प्रदेश ले जाने की कोशिशों में जुटी है। उन्होंने कहा कि हम अब वह कहानी नहीं दोहराने देंगे, जो भाजपा शासनकाल में हुई थी।

दूसरे का हिस्सा छीनने का अधिकार नहीं

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के भाजपा नेताओं को इस काम में सहभागी बनकर महाराष्ट्र के साथ द्रोह नहीं करना चाहिए। चव्हाण ने कहा कि हर राज्य को अपने आप को विकसित करने और दूसरे राज्यों की मदद करने का अधिकार है मगर किसी भी राज्य को दूसरे का हिस्सा छीनने का कोई हक नहीं है। प्रदेश भाजपा नेताओं को अपनी पार्टी के इस कदम से अलग हट जाना चाहिए और इस पाप में भागीदार नहीं बनना चाहिए।

एनसीपी ने भी जताई आपत्ति

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी योगी की इस कवायद पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी का मुंबई में स्वागत है मगर वह कितनी भी कोशिश कर लें, बॉलीवुड को मुंबई से अलग नहीं किया जा सकता।

बॉलीवुड दिग्गजों से आज मिलेंगे योगी

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण के लिए काफी सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को मुंबई पहुंचने के बाद योगी आदित्यनाथ की प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से मुलाकात हुई। सूफी सिंगर कैलाश खेर ने भी सीएम योगी से मुलाकात की। सीएम योगी गुरुवार को मुंबई स्टॉक एक्सचेंज में 200 करोड़ रुपए के लखनऊ म्युनिसिपल बांड को लांच करेंगे। बुधवार को योगी की बोनी कपूर, आनंद पंडित, मनमोहन शेट्टी व सुभाष भाई से भी मुलाकात होगी।

ये भी पढ़ें: किसान आंदोलन: दिल्ली के कई एंट्री प्वाइंट को किया गया बंद, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

cm yogi in mumbai

प्रदेश में तेज हुई फिल्म सिटी की कवायद

इस बीच फिल्म सिटी की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। फिल्म सिटी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए तीन दिसंबर तक आवेदन मांगे गए हैं और 7 दिसंबर को तकनीकी निविदा खोलने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक 15 दिसंबर तक कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। चयनित कंपनी दो महीने में फीजिबिलिटी रिपोर्ट सौंपेगी। यमुना अथॉरिटी एरिया के सेक्टर 21 में 1000 एकड़ के क्षेत्रफल में फिल्म सिटी बनाने की योजना है। इसके लिए अथॉरिटी में गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं।

अंशुमान तिवारी

Newstrack

Newstrack

Next Story