×

लॉकडाउन: यहां छूट का गलत फायदा उठा रहे लोग, पुलिस हुई परेशान

लॉकडाउन में मिले छूट के कारण कर्मचारियों की मनमानी से राजधानी में लॉकडाउन का पालन कराना भी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। आने वाले दिनों में पुलिस के लिए यह चुनौती और बढ़ने वाली है।

SK Gautam
Published on: 21 April 2020 6:46 AM GMT
लॉकडाउन: यहां छूट का गलत फायदा उठा रहे लोग, पुलिस हुई परेशान
X

नई दिल्ली: कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए लॉकडाउन पूरे देश में लगा हुआ है। 20 अप्रैल से कुछ सेवाओं में छूट दी गयी है। जरूरी सामान की आपूर्ति के लिए चल रही गाड़ियों की वजह से दिल्ली-उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन भीषण जाम लगा रहा। इससे जरूरी सामान की आपूर्ति के लिए लोगों के साथ डॉक्टरों और अन्य सरकारी महकमों के लोगों को परेशानी हो रही है।

मीडियाकर्मियों को भी आईकार्ड दिखाने पर प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही है

मंगलवार सुबह जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग के चलते ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई है। वहीं, कौशांबी व यूपी गेट सीमा पर भी दिल्ली जाने व आने वालों को रोक दिया गया है। मीडियाकर्मियों को भी आईकार्ड दिखाने पर नहीं आने-जाने दिया जा रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिलाधिकारी का आदेश है, पासधारक को ही प्रवेश दिया जाएगा।

राहत मिलते ही मनमाने तरीके से कर्मचारियों को विभागों ने बुला लिया

गौरतलब है कि लॉकडाउन में प्रभावित हो रहे कामकाज को पटरी पर लाने के लिए 33 फीसद केंद्रीय कर्मियों को काम की छूट देना राजधानी के लिए मुसीबत का सबब बन गया। नियमों में राहत मिलते ही विभागों ने मनमाने तरीके से कर्मचारियों को बुला लिया। नतीजतन बड़ी संख्या में वाहन बाहर निकलने से राजधानी की कई सड़कों पर जाम ) लग गया।

ये भी देखें: दर्दनाक हादसा, 12 साल की बच्ची 100 किमी पैदल चली, पर घर न पहुंची

33 फीसद कर्मचारियों को काम पर आने का निर्देश

आपको बता दें कि गृह मंत्रालय ने सोमवार से 33 फीसद कर्मचारियों को काम पर लौटने का निर्देश जारी किया था। इसके लिए आइ कार्ड दिखाकर कर्मचारियों को कार्यालय आने-जाने की छूट दी गई है।

इसके लिए अलग से क‌र्फ्यू पास जारी नहीं किया गया। छूट की आड़ में बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी भी सड़कों पर निकल पड़े, जिनकी ड्यूटी ही नहीं लगी थी। पूरी दिल्ली में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जगह-जगह पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड की वजह से शाम को इंद्रप्रस्थ से एनएच-9 पर जाने वाले मार्ग, विकास मार्ग, आइटीओ आदि सभी इलाकों में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

छूट का गलत फायदा उठाकर मनमानी जगहों पर जा रहे लोग

लॉकडाउन में मिले छूट के कारण कर्मचारियों की मनमानी से राजधानी में लॉकडाउन का पालन कराना भी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। आने वाले दिनों में पुलिस के लिए यह चुनौती और बढ़ने वाली है। यही नहीं बैरिकेड पर हर वाहन की चेकिंग करना पुलिस के लिए संभव नहीं होगा, ऐसे में लोग इस छूट का फायदा उठाकर मनमानी जगहों पर भी पहुंचने में सफल हो सकते हैं।

ये भी देखें: CM योगी के पिता का हुआ दाह संस्कार, जानिए किसने दी मुखाग्नि

SK Gautam

SK Gautam

Next Story