×

INDIA Mumbai Meeting: AAP के हिस्सा लेने पर सस्पेंस खत्म, केजरीवाल ने किया बैठक में शामिल होने का ऐलान

INDIA Mumbai Meeting: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप के मुंबई बैठक में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है।

Anshuman Tiwari
Published on: 21 Aug 2023 1:33 PM GMT
INDIA Mumbai Meeting: AAP के हिस्सा लेने पर सस्पेंस खत्म, केजरीवाल ने किया बैठक में शामिल होने का ऐलान
X
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल: Photo- Social Media

INDIA Mumbai Meeting: विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की मुंबई में होने वाली बैठक में आम आदमी पार्टी की भागीदारी पर छाए संकट के बादल छंट गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप के मुंबई बैठक में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है। दिल्ली समेत कई राज्यों में आप और कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान के आम आदमी पार्टी के मुंबई में बैठक में हिस्सा लेने पर संशय पैदा हो गया था मगर अब केजरीवाल ने पार्टी के मुंबई बैठक में शामिल होने का ऐलान कर दिया है।

कांग्रेस की बैठक के बाद शुरू हुआ विवाद

विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की महत्वपूर्ण बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होने वाली है। पटना और बेंगलुरु की बैठक के बाद इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इस बैठक के दौरान विपक्षी गठबंधन का संयोजक भी तय किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बैठक से पूर्व कांग्रेस और आपके बीच घमासान शुरू हो गया था। दोनों पार्टियों के बीच तनातनी की शुरुआत दिल्ली में कांग्रेस की चुनावी रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई बैठक के बाद हुई थी।

दरअसल इस बैठक के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा था कि पार्टी नेतृत्व की ओर से दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया गया है। उनका कहना था कि पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली के कार्यकर्ताओं को इस बाबत तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। अलका लांबा के बयान के बाद दोनों दलों के बीच खींचतान शुरू हो गई थी।

अब केजरीवाल ने खत्म कर दिया सस्पेंस

दोनों दलों में तनातनी के बीच यह भी चर्चा शुरू हो गई थी कि आम आदमी पार्टी मुंबई में होने वाली बैठक से दूर रह सकती है। इसका कारण यह था कि आप की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का कहना था कि ऐसे में विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की मुंबई बैठक का क्या मतलब है। उनका यह भी कहना था कि मुंबई बैठक में आप के शामिल होने के संबंध में हाईकमान को फैसला लेना है।

उनके इस बयान के बाद मुंबई बैठक में आप की हिस्सेदारी को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे मगर अब आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के मुंबई बैठक में भाग लेने की पुष्टि कर दी है। उन्होंने आज मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि आप मुंबई बैठक में हिस्सा लेगी और वहां पर जो भी रणनीति बनेगी, उसके संबंध में अवगत करा दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ बयानबाजी में यकीन नहीं करते बल्कि जो कहते हैं,उसे पूरा करके भी दिखाते हैं।

मुंबई बैठक में दलों की संख्या बढ़ने की संभावना

विपक्षी दलों की पहली बैठक 23 जून को पटना में हुई थी जबकि दूसरी बैठक 17 और 18 जुलाई को बेंगलुरु में हुई थी अब 31 अगस्त से दो दिवसीय बैठक मुंबई में होने वाली है। बेंगलुरु की बैठक में 26 विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया था मगर मुंबई बैठक में हिस्सा लेने वाले दलों की संख्या बढ़ सकती है। इस बैठक के दौरान गठबंधन के लोगो का अनावरण किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

बैठक के पहले दिन महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की ओर से विपक्षी नेताओं को डिनर दिया जाएगा जबकि दूसरे दिन कांग्रेस पार्टी की ओर से लंच की व्यवस्था की गई है। बैठक को कामयाब बनाने के लिए महाराष्ट्र के महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल तीनों दलों कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और एनसीपी के नेताओं की ओर से जोरदार तैयारियां की जा रही है। तीनों दलों के नेता नियमित बैठक करने में जुटे हुए हैं और इन बैठकों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story