×

राज्यसभा में सिंधिया से दिग्विजय ने किया हिसाब बराबर, बोले: वाह जी महाराज वाह

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कृषि कानूनों की वकालत करते हुए कहा कि यह कानून किसानों की भलाई के लिए लाया गया है। सिंधिया ने कृषि कानूनों और हाल में पेश किए गए बजट पर मोदी सरकार की खुलकर तारीफ की।

Chitra Singh
Published on: 4 Feb 2021 9:36 AM GMT
राज्यसभा में सिंधिया से दिग्विजय ने किया हिसाब बराबर, बोले: वाह जी महाराज वाह
X
राज्यसभा में सिंधिया से दिग्विजय ने किया हिसाब बराबर, बोले: वाह जी महाराज वाह

अंशुमान तिवारी

नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को कृषि बिल पर चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश के दो दिग्गज नेताओं ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह के बीच हुआ संवाद भी चर्चा का विषय बन गया। दोनों नेताओं के बीच हुए संवाद से राज्यसभा का बोझिल माहौल भी थोड़ी देर के लिए हल्का हो गया। विपक्ष की ओर से कृषि कानूनों और किसान आंदोलन के मुद्दे पर जोरदार हमले किए जा रहे थे मगर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस दौरान पूरी मजबूती से सरकार का पक्ष रखा। इस पर दिग्विजय सिंह भी बोल पड़े वाह महाराज जी वाह, आपको बधाई हो।

सिंधिया ने कसा यूपीए सरकार पर तंज

दरअसल हुआ यूं कि विपक्षी नेता लगातार नए कृषि कानूनों और किसान आंदोलन को लेकर सरकार की घेरेबंदी में जुटे हुए थे। इसी बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया को कृषि कानूनों पर बोलने के लिए कहा गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कृषि कानूनों की वकालत करते हुए कहा कि यह कानून किसानों की भलाई के लिए लाया गया है। सिंधिया ने कृषि कानूनों और हाल में पेश किए गए बजट पर मोदी सरकार की खुलकर तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने यूपीए सरकार पर तंज भी कसा।

यह भी पढ़ें... ट्रैक्टर रैली में जान गंवाने वाले ‘नवरीत’ के अंतिम अरदास में शामिल हुई प्रियंका गांधी

सभापति के जरिए दिग्विजय ने दी बधाई

सिंधिया का संबोधन समाप्त होने के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह खड़े हो गए और उन्होंने संक्षिप्त में अपनी बात रखी। उन्होंने सभापति महोदय के माध्यम से ज्योतिरादित्य सिंधिया को बधाई दी और इसके साथ ही उन पर तंज भी कसा। दिग्विजय ने कहा कि सिंधिया जी जितने अच्छे ढंग से यूपीए सरकार में सरकार का पक्ष रखते थे, उतने ही अच्छे ढंग से उन्होंने आज सदन में भाजपा का पक्ष रखा है। फिर उन्होंने सिंधिया को बधाई देते हुए कहा-वाह जी महाराज वाह, वाह जी महाराज वाह।

सिंधिया बोले- सब आपका आशीर्वाद है

दिग्विजय सिंह के ऐसा कहते ही ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मुस्कुराने लगे। फिर उन्होंने हाथ जोड़कर दिग्विजय सिंह से कहा कि सब आपका ही आशीर्वाद है। सिंधिया के यह कहने पर दिग्विजय सिंह जी कहां चुप रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि आप पर हमेशा आशीर्वाद बना रहेगा। आप चाहे जिस पार्टी में रहें, हमारा आशीर्वाद हमेशा आपके साथ रहेगा।

Scindia- Digvijay

अब जाकर मिली किसानों को आजादी

इससे पहले कृषि कानूनों पर सरकार का बचाव करते हुए सिंधिया ने कहा कि किसान देश की रीढ़ की हड्डी की तरह हैं। उन्होंने किसानों को अन्नदाता बताते हुए कहा कि वे अपना ही नहीं पूरी दुनिया का पेट भरते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की तरक्की के लिए सरकार की ओर से तीनों कृषि कानून लाए गए हैं। सिंधिया ने कहा कि देश को आजाद हुए 70 साल बीत चुके हैं मगर सही मायने में किसानों का आजादी अब जाकर मिल पाई है।

यह भी पढ़ें... केंद्र पर मनीष सिसोदिया का पलटवार- पिछले दरवाजे से सरकार चलाना चाहती है BJP

किसानों की सुविधा का ख्याल

सिंधिया ने कहा कि नए कृषि कानून में किसानों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है और अब वे देश में कहीं भी अपनी उपज बेचने के लिए स्वतंत्र होंगे। सरकार के इस कदम से किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की गलतफहमी दूर करने के लिए सरकार ने 11 बार बातचीत की है और सरकार 18 महीने कानूनी स्थगित करने के लिए भी तैयार हो गई है। इससे साफ है कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है।

कांग्रेस और पवार पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान सिंधिया ने अपनी पूर्व पार्टी कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2019 के घोषणा पत्र में कृषि सुधारों का वादा किया था मगर अब कांग्रेस कृषि कानूनों के खिलाफ मैदान में उतर आई है। किसान आंदोलन का समर्थन करने वाले एनसीपी नेता शरद पवार ने भी 2010-11 में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर कृषि क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी की वकालत की थी मगर कांग्रेस और पवार दोनों की जुबान बदल गई है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बयान पर कायम रहना चाहिए। सिंधिया ने पूरी मजबूती के साथ मोदी सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि सरकार किसानों की समस्याएं सुलझाने के लिए हमेशा तैयार है।

दोस्तों देश दुनिया की और को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Chitra Singh

Chitra Singh

Next Story