×

Flood And Rainfall: दिल्ली में फिर मंडराने लगा बाढ़ का खतरा, इन राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

Flood And Rainfall: लगातार बारिश और यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। शहर के निचले इलाके तो पूरी तरह पानी में डूब ग़ए।

Krishna Chaudhary
Published on: 24 July 2023 8:09 AM GMT
Flood And Rainfall: दिल्ली में फिर मंडराने लगा बाढ़ का खतरा, इन राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट
X
Delhi Flood Update (photo: social media)

Flood And Rainfall: देश के कुछ हिस्सों में जहां जुलाई में काफी कम बारिश हुई है तो वहीं कुछ क्षेत्रों में जमकर पानी गिरा है। अत्यधिक बरसात के कारण इन जगहों पर स्थिति विकट हो रखी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी इन दिनों ऐसी ही परिस्थिति से गुजर रही है। लगातार बारिश और यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। शहर के निचले इलाके तो पूरी तरह पानी में डूब ग़ए।

राजधानी के पॉश इलाके भी जलमग्न नजर आए। कुछ दिनों तक बारिश न होने के कारण यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे चला गया था। लेकिन भारी बारिश के कारण एकबार फिर वो खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। पहाड़ों पर तेज बारिश के कारण नदी में खूब पानी आ रहा है। सोमवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर 206.56 मीटर दर्ज किया गया है, जो कि खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। रविवार सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 206.1 मीटर दर्ज किया गया था।

नदी किनारे से लोगों को किया जा रहा शिफ्ट

बाढ़ का पानी उतरने के बाद अधिकांश लोग निचले इलाके में स्थित अपने घरों में लौट आए थे। लेकिन हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिसके कारण दिल्ली में नदी किनारे बसे लोगों को एकबार फिर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। लगातार जलस्तर को देखते हुए रेलवे ने एकबार फिर पुराना लोहा पुल से ट्रेनों के आवागमन को रोक दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, एकबार फिर यमुना बाजार, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, सोनिया विहार समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

गुजरात – महाराष्ट्र में भी तेज बारिश

गुजरात-महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश ने प्रलय मचाया है। आम तौर पर इन हिस्सों में कम बारिश होती रही है लेकिन इस बार मानसून यहां भी जमकर बरसा है। गुजरात के कई शहरों में अचानक हुई अत्यधिक बारिश ने भयंकर तबाही मचाही है। कॉलनियों में कई फुट पानी लग जाने के कारण कारें तैरती नजर आईं। अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तो पानी का सैलाब बहते देखा गया। इसी तरह महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण तापी नदी में उफान आ गई है। मुंबई में जगह-जगह जलभराव देखा गया है। पालघर में एक 48 साल का शख्स कोल्हा नदी को पार करने के दौरान बह गया ।

इन राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में देश के कुछ राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी दी है। इनमें हिमाचल प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश, कर्नाटक, गोवा, तेलंगाना, ओडिशा, मेघालय, असम, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story