×

Independence Day PM Modi Speech: भाषण में मोदी ने तोड़ा पंडित नेहरू का रिकॉर्ड, आइये जाने किस साल दिया कितना लंबा संबोधन

Independence Day PM Modi Speech Records: अभी तक प्रधानमंत्री ने 2016 में सबसे लंबा भाषण दिया था जब उन्होंने करीब 94 मिनट तक देश को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री मोदी अपने भाषणों से पूरी दुनिया को प्रभावित करते रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 15 Aug 2023 3:22 AM GMT (Updated on: 15 Aug 2023 6:25 AM GMT)
Independence Day PM Modi Speech: भाषण में मोदी ने तोड़ा पंडित नेहरू का रिकॉर्ड, आइये जाने किस साल दिया कितना लंबा संबोधन
X
Independence Day PM Modi Speech Records(photo: social media )

Independence Day PM Modi Speech Records: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 10वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया। 2014 में प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभालने के बाद मोदी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र को लगातार संबोधित करते रहे हैं। अभी तक प्रधानमंत्री ने 2016 में सबसे लंबा भाषण दिया था जब उन्होंने करीब 94 मिनट तक देश को संबोधित किया था। वैसे प्रधानमंत्री मोदी अपने भाषणों से पूरी दुनिया को प्रभावित करते रहे हैं। चाहे कोई चुनावी सभा हो या देश के नाम संबोधन या कोई अंतरराष्ट्रीय मंच हो, पीएम मोदी हर जगह अपनी वक्तृत्व कला से सबको अपना मुरीद बना लेते हैं।

आज देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने आज लगातार दसवीं बार लालकिले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ ही आने वाले समय में देश की प्रगति के लिए मूल मंत्र भी दिए। उन्होंने आजादी मिलने के बाद देश की विकास यात्रा का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने हाल के वर्षों में हासिल की गई उपलब्धियों की भी चर्चा की।

2016 में दिया था सबसे लंबा भाषण

यदि 2014 के बाद प्रधानमंत्री के लाल किले से दिए गए सभी भाषणों को देखा जाए तो पीएम मोदी ने सबसे लंबा भाषण 2016 में दिया था। 2016 उन्होंने करीब 94 मिनट तक देश को संबोधित किया था। 2019 में भी प्रधानमंत्री ने लंबा भाषण दिया था और करीब 92 मिनट तक देश को संबोधित किया था।

2014 में देश की सत्ता संभालने के बाद अपने पहले संबोधन के दौरान मोदी ने काफी छोटा भाषण दिया था। 2014 में मोदी ने सिर्फ 65 मिनट तक देश को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने अपनी आगामी योजनाओं का खाका खींचा था। यदि पीएम मोदी के सबसे छोटे भाषण की बात की जाए तो उन्होंने 2017 में सबसे छोटा भाषण दिया था। 2017 में पीएम मोदी ने सिर्फ 56 मिनट तक देश को संबोधित किया था

लाल किले से पीएम मोदी के भाषण का समय

  • साल 2014 - 65 मिनट
  • साल 2015 - 88 मिनट
  • साल 2016 - 94 मिनट
  • साल 2017 - 56 मिनट
  • साल 2018 - 83 मिनट
  • साल 2019 - 92 मिनट
  • साल 2020- 86 मिनट
  • साल 2021- 88 मिनट
  • साल 2022- 82 मिनट

पीएम मोदी ने तोड़ा था पंडित नेहरू का रिकॉर्ड

यदि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे भाषण की बात की जाए तो पंडित नेहरू ने लाल किले की प्राचीर से सबसे लंबा भाषण 1947 में दिया था। देश को आजादी मिलने के बाद अपने पहले संबोधन में पंडित नेहरू ने देश को करीब 72 मिनट तक संबोधित किया था। उनका यह रिकॉर्ड लंबे समय तक बना रहा मगर प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में करीब 88 मिनट तक देश को संबोधित करके पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।

2012 में सिर्फ 32 मिनट बोले थे मनमोहन

पीएम मोदी से पहले मनमोहन सिंह ने लाल किले की प्राचीर से 10 बार देश को संबोधित किया। इस दौरान सिर्फ दो ही मौके ऐसे रहे जब मनमोहन सिंह का भाषण करीब 50 मिनट का रहा। वर्ष 2005 और 2006 में मनमोहन सिंह ने करीब 50 मिनट तक देश को संबोधित किया था। उनका सबसे छोटा भाषण 2012 में रहा जब उन्होंने सिर्फ 32 मिनट तक ही देश को संबोधित किया था। 2010 और 2013 में उनका भाषण 35-35 मिनट का रहा। जबकि 2004, 2008 और 2009 मनमोहन सिंह ने करीब 45 मिनट तक देश को संबोधित किया था। 2007 और 2011 में उन्होंने संबोधन में करीब 40-40 मिनट का समय लिया था।

पंडित नेहरू ने सबसे ज्यादा बार किया संबोधित

वैसे लाल किले से देश को सबसे ज्यादा बार पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कुल 17 बार देश को संबोधित किया था। उनके बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 16 बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 10 बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दसवीं बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया है। पीएम मोदी लाल किले पर सबसे ज्यादा बार तिरंगा फहराने वाले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने साल 1998 से 2003 के बीच लगातार छह बार देश को संबोधित किया था।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story