×

King Charles III Coronation: कौन हैं प्रिंस चार्ल्स के राज्याभिषेक में शामिल होने वाली इरा दुबे, जानें उत्तराखंड से इनका कनेक्शन

King Charles III Coronation Updates: कार्यक्रम में शामिल होकर इरा दुबे इतिहास रचने जा रही हैं। क्योंकि अब तक वेस्टमिंस्टर स्कूल के केवल मेल छात्र ही राजपरिवार के कार्यक्रम में शिरकत करते रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 6 May 2023 9:37 AM GMT
King Charles III Coronation: कौन हैं प्रिंस चार्ल्स के राज्याभिषेक में शामिल होने वाली इरा दुबे, जानें उत्तराखंड से इनका कनेक्शन
X
King Charles III Coronation Updates (photo: social media )

King Charles III Coronation Updates: ब्रिटेन के नए किंग प्रिंस चार्ल्स III और क्वीन कैमिला की आज यानी शनिवार 6 मई को ताजपोशी होगी। राज्याभिषेक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दुनियाभर से मेहमान लंदन पहुंच चुके हैं। भारत से भी उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ यूके पहुंच चुके हैं। एक और भारतीय शख्स के इस समारोह में शामिल होने को लेकर खूब चर्चा हो रही है। वो हैं लंदन की वेस्टमिंस्टर स्कूल में पढ़ाई करने वाली इरा दुबे।

इस कार्यक्रम में शामिल होकर इरा दुबे इतिहास रचने जा रही हैं। क्योंकि अब तक वेस्टमिंस्टर स्कूल के केवल मेल छात्र ही राजपरिवार के कार्यक्रम में शिरकत करते रहे हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब फीमेल स्टूडेंट्स को भी समारोह में आमंत्रित किया है। इससे इरा के परिवार वाले और सगे संबंधी काफी खुश हैं। कभी दुनिया के सबसे ताकतवर राजवंश रहे ब्रिटिश राजपरिवार के राज्याभिषेक कार्यक्रम में शामिल होना एक बड़ी बात है।

कौन हैं इरा दुबे ?

इरा दुबे मूलरूप से झारखंड के गोड्डा जिले बंदनवार की रहने वाली हैं। इरा के दादा शिक्षा विभाग के रिटायर अधिकारी हैं। पिता समीर दुबे लंदन में बैंकिंग सेक्टर में काम कर रहे हैं, वहीं मां ऋतु दुबे किसी प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। इरा दुबे ने किंग्स स्कॉलरशिप हासिल करने के बाद प्रतिष्ठित वेस्टमिंस्टर स्कूल में दाखिला लिया था।

इरा दुबे का उत्तराखंड से क्या है कनेक्शन ?

इरा दुबे का उत्तराखंड से भी कनेक्शन है। राज्य के कोटद्वार में इनकी बुआ प्रीति कुमारी रहती हैं, जहां बचपन में वो अक्सर आया – जाया करती थीं। प्रीति कुमारी डिग्री कॉलेज पोखड़ा और राजकीय पीजी महाविद्यालय, कोटद्वार में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। फिलहाल वो देवप्रयाग स्थित डिग्री कॉलेज में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं।

500 साल पुराना है वेस्टमिंस्टर स्कूल

लंदन स्थित वेस्टमिंस्टर स्कूल का एक समृद्ध अतीत रह है। यह 500 साल पुराना स्कूल है। ब्रिटिश राजपरिवार इस स्कूल में दाखिले के लिए स्कॉलरशिप देता है। स्कॉलरशिप हासिल करने के लिए छात्र-छात्राओं को एग्जाम पास करना होता है। यह स्कूल को ब्रितानी परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। यहां के छात्र राजा और रानी के अभिनंदन समारोह में 1540 ईस्वी से शामिल होते रहे हैं। इरा दुबे का कार्यक्रम में शामिल होना ऐतिहासिक इसलिए भी है क्योंकि इस बार ब्रिटिश राजपरिवार ने वेस्टमिंस्टर स्कूल में किंग्स स्कॉलरशिप पर पढ़ रहे छात्र के साथ-साथ छात्राओं को भी आमंत्रित किया है।

बिहार का लाल भी बनेगा ताजपोशी कार्यक्रम का गवाह

किंग प्रिंस चार्ल्स III के राज्याभिषेक कार्यक्रम में इरा दुबे के साथ-साथ एक और भारतीय छात्र भी शामिल होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 वर्षीय राघव दास भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले दास वेस्टमिंस्टर स्कूल के छात्र हैं। इनके दादा की मुंगेर में सबसे पुरानी इलेक्ट्रिक की दुकान है। इनके पिता सौरव दास भी लंदन में रहते हैं।

70 साल बाद हो रहा शाही परिवार में ये कार्यक्रम

बता दें कि ब्रिटिश शाही परिवार में 70 साल बाद राज्याभिषेक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। इससे पहले क्वीन एलिजाबेथ की साल 1953 में ताजपोशी हुई थी। तब वो 27 साल की थीं और चार्ल्स उस समय महज 4 साल के थे। किंग चार्ल्स अब 74 वर्ष के हो चुके हैं। क्वीन एलिजाबेथ का बीते साल 8 सितंबर को 96 साल की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद ही चार्ल्स को महाराज घोषित किया गया था।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story