×

Anju-Nasrullah Love Story: शादी भी कर ली,धर्म भी बदल लिया, अंजू ने परिवार और मीडिया को इस तरह गुमराह किए रखा

Anju-Nasrullah Love Story: पाकिस्तान पहुंची अंजू भारत और पाकिस्तान की मीडिया में छाई हुई हैं। तमाम कयासों और अटकलों के बीच आखिरकार अंजू ने अपने पाकिस्तानी प्रेमी नसरूल्लाह से निकाह कर ही लिया। अंजू ने न केवल शादी की बल्कि अपना मजहब भी बदल लिया।

Krishna Chaudhary
Published on: 26 July 2023 4:39 AM GMT
Anju-Nasrullah Love Story: शादी भी कर ली,धर्म भी बदल लिया, अंजू ने परिवार और मीडिया को इस तरह गुमराह किए रखा
X
Anju-Nasrullah Love Story (Social Media)

Anju-Nasrullah Love Story: अपने दो बच्चों और पति को पीछे छोड़कर प्रेमी के लिए पाकिस्तान पहुंची अंजू भारत और पाकिस्तान की मीडिया में छाई हुई हैं। तमाम कयासों और अटकलों के बीच आखिरकार अंजू ने अपने पाकिस्तानी प्रेमी नसरूल्लाह से निकाह कर ही लिया। अंजू ने न केवल शादी की बल्कि अपना मजहब भी बदल लिया। अब वो ईसाई से मुसलमान बन चुकी हैं। इतना ही नहीं उसके नए ससुराल पक्ष ने उसे नया इस्लामिक नाम भी दिया है। वो अब पाकिस्तान में फातिमा के नाम से जानी जाएंगी।

इस बात की तस्दीक पाक मीडिया रिपोर्ट्स के अलावा वहां के शीर्ष पुलिस अधिकरी ने भी की है। सोशल मीडिया पर अंजू के निकाहनामे और उसके प्री-वेडिंग शूट की तस्वीरें छाई हुई हैं। अंजू ने जिस शातिर तरीके से अपने परिवार और मीडिया को इस बारे में अंधेरे में रखा, वो काफी हैरान कर देने वाला है। हालांकि, अंजू और नसरूल्लाह अब भी अपनी शादी की बात मानने को तैयार नहीं हैं।

पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारी ने किया कंफर्म

कुछ दिनों पहले खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के दीर जिले के एक पुलिस अधिकारी ने अंजू के आने की पुष्टि करते हुए कहा था कि उन्हें पूछताछ में ऐसी जानकारी प्राप्त नहीं हुई, जिसमें दोनों सगाई और शादी करने का इरादा रखते हों। लेकिन अब वहां के एक वरीय पुलिस अधिकारी ने अंजू और नसरूल्लाह के संबंधों की तस्वीर साफ कर दी है। इससे पहले पाक मीडिया रिपोर्ट्स में भी अंजू के भारत से तलाक लेकर आने की खबरें दिखाई गई थीं। जिसका अंजू की ओर खंडन किया गया था।
पाकिस्तान के केपी प्रांत के मालकुंड डिवीजन के डीआईजी नासिर महमूद दस्ती के मुताबिक अंजू और नसरूल्लाह ने 25 जुलाई को जिला अदालत में शादी कर ली है। अंजू ने इससे पहले इस्लाम कबूल किया। उसका इस्लामिक नाम फातिमा रखा गया है। दोनों की शादी जिला और सत्र न्यायाधीश डीआइजी के कोर्ट में कराई गई। निकाह के दौरान कोर्ट के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। शादी के बाद दोनों को पुलिस सुरक्षा में उनके घर पहुंचाया गया।
शादी की बात को दोनों ने किया खारिज

एक तरफ जहां पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारी और वहां की मीडिया अंजू - नसरूल्लाह की शादी कंफर्म कर रहे हैं तो वहीं खुद दोनों इससे इनकार कर रहे हैं। दोनों का निकाहनामा सोशल मीडिया पर वायरल है। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वाह की खूबसूरत घाटी में दोनों ने कई फोटो और वीडियो शूट कराए, जो आमतौर पर कोई कपल शादी से पहले करवाते हैं। हैरान कर देने वाली बात ये है कि सबकुछ ओपन होने के बावजूद अंजू और नसरूल्लाह इन सब चीजों को खारिज कर रहे हैं। अंजू ने तो यहां तक कह दिया कि उनके नॉर्मल वीडियो को प्री वेडिंग शूट बताकर गलत तरीके से वायरल कर दिया गया।

क्यों बार-बार झूठ बोल रही अंजू ?

सीमा हैदर का मामला सामने आने के बाद अंजू ने भारत से पाकिस्तान जाकर सबको चौंका दिया। अंजू के बारे में अब तक जितना पता चला है, उसके मुताबिक उसने सबकुछ सुनियोजित तरीके से किया है। 2019 में ही फेसबुक के जरिए पाकिस्तानी शख्स नसरूल्लाह से संपर्क में आने वाली अंजू ने अपने परिवार और करीबियों को अंधेरे में रखा और अपनी मंशा के बारे में उन्हें जरा भी भनक तक नहीं लगने दी।

पाकिस्तान पहुंचने के बाद भी उसने झूठ बोलना जारी रखा है, जिसे लेकर अब मीडिया के लोग भी हैरान हैं। लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल अब ये है कि आखिर सबकुछ सामने आने के बावजूद अंजू क्यों अभी भी इसे स्वीकार नहीं कर रहीं। अंजू ने अपनी शादी और धर्म बदलने से जुड़ी खबरों को लेकर निराशा जाहिर करते हुए मीडिया से अनुरोध किया है कि इससे उनके बच्चों पर विपरीत असर पड़ेगा, इसलिए ऐसी खबरें न दिखाई जाएं।

बता दें कि मूलतः एमपी के भिंड जिले की रहने वाली अंजू का पालन-पोषण उसके ननिहाल जो कि यूपी के जालौन में है, वहां हुआ था। करीबन 20 साल पहले शादी के बाद वह राजस्थान के भिवाड़ी शिफ्ट हो गई थीं। जहां वो अपने पति अरविंद और दो बच्चों के साथ रहती थीं। पति-पत्नी दोनों प्राइवेट जॉब करते थे। इसी बीच एक दिन अंजू अपने पति को जयपुर घूमने जाने की बात बोलकर घर से निकलीं और पाकिस्तान पहुंच गई।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story