×

Maharashtra Crisis : देवेंद्र फडणवीस 1 जुलाई को ले सकते हैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ

उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद महाराष्ट्र में BJP सरकार बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। आगामी 1 जुलाई को फडणवीस सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। बीजेपी राज्यपाल के सामने जल्द दावा पेश कर सकते हैं।

aman
Written By aman
Published on: 29 Jun 2022 5:30 PM GMT (Updated on: 29 Jun 2022 5:33 PM GMT)

Maharashtra Political Crisis : महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक के बीच सुप्रीम कोर्ट ने कल यानी गुरुवार को ही फ्लोर टेस्ट कराने की इजाजत दी है। बता दें कि, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) ने फ्लोर टेस्ट (Floor Test) को लेकर उद्धव सरकार को नोटिस जारी किया था। उस फ्लोर टेस्ट के खिलाफ महाविकास आघाडी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई। जिस पर बुधवार शाम 5 बजे से सुनवाई शुरू हुई जो रात 8:30 बजे तक चली। तमाम पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने रात 9 बजे तक के लिए फैसला सुरक्षित रख लिया था।

बता दें कि, इस पूरे मामले में शिवसेना की ओर से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी (Abhishek Manu Singhvi) ने पक्ष रखा। वहीं, बागी एकनाथ शिंदे गुट की तरफ से कोर्ट में नीरज किशन कौल (एन.के.कौल) ने दलील रखी। इस दौरान अभिषेक मनु सिंघवी बोले, कि उन्हें आज ही फ्लोर टेस्ट को लेकर जानकारी मिली है। जब तक विधायकों का वेरिफिकेशन नहीं हो जाता, तब तक फ्लोर टेस्ट नहीं किया जा सकता है। जिसके बाद कोर्ट में गर्मा-गरम बहस हुई।

महाराष्ट्र में कल ही फ्लोर टेस्ट, SC ने सुनाया फैसला

सर्वोच्च न्यायालय ने आज फैसला देते हुए कहा कि, हम नोटिस जारी कर रहे हैं। कल का जो भी रिजल्ट आएगा वह हमारे अंतिम फैसले से बंधा होगा। जस्टिस सूर्यकांत (Justice Suryakant) ने ये भी कहा कि, हम फ्लोर टेस्ट पर रोक नहीं लगा रहे।

आज गोवा आ रहे बागी विधायक

महाराष्ट्र में फ्लोर टेस्ट होगा या नहीं यह आज शाम सुप्रीम कोर्ट तय होगा। इस बीच शिवसेना के बागी विधायक आज गोवा आ जाएंगे। इसके लिए स्पाइसजेट का एक विशेष विमान गुवाहाटी पहुंच रहा है। स्पाइसजेट के विमानों से ही बागी विधायकों को सूरत से गुवाहाटी पहुंचाया गया था।

दीपक केसरकर का इशारा- BJP के साथ जा सकते हैं 'बागी'

फ्लोर टेस्ट से पहले एकनाथ शिंदे खेमे के प्रवक्ता दीपक केसरकर का बयान आया है। केसरकर ने इस बीच बीजेपी के साथ जाने के संकेत दिये हैं। उन्होंने कहा, कि हम लोग फ्लोर टेस्ट से पहले मुंबई पहुंच जाएंगे। हमारे पास दो ही विकल्प हैं, या तो हम कांग्रेस-एनसीपी के साथ जाएं या फिर बीजेपी के साथ। हम लोग कांग्रेस और एनसीपी के साथ जाना नहीं चाहते हैं।

फ्लोर टेस्ट के खिलाफ शिवसेना की अर्जी मंजूर

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच फ्लोर टेस्ट के खिलाफ शिवसेना ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इतना ही नहीं सर्वोच्च अदालत ने शिवसेना की अर्जी मंजूर भी कर ली है। सुप्रीम कोर्ट में आज शाम 5 बजे इस पर सुनवाई होगी। शिवसेना के अभिषेक मनु सिंघवी की दलीलें सुनने के बाद सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि, वह मामले को समझते हैं और अपना कर्तव्य पूरा करेंगे।

दूसरी ओर, एकनाथ शिंदे खेमे के वकील नीरज किशन कौल ने शिवसेना की अर्जी का विरोध किया। उन्होंने कहा, कि विधानसभा का सत्र बुलाना और फ्लोर टेस्ट सदन का मामला है। कोर्ट को इसमें दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंघवी कोर्ट को गुमराह कर रहे हैं। मगर, अदालत ने उनकी दलीलें नहीं मानी। सुप्रीम कोर्ट ने आगे कहा कि, हम आज ही मामले की सुनवाई करेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अभिषेक मनु सिंघवी से कहा कि, आज शाम को 5 बजे मामले की सुनवाई होगी। इसलिए दोपहर 3 बजे तक अर्जी की कॉपी सभी पक्ष को दे दें।

शरद पवार के घर हुई अहम बैठक

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार के घर आज सरकार बचाने को लेकर अहम बैठक हुई। बैठक में उद्धव सरकार बचाने को लेकर मंथन हुआ। इस मीटिंग में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सरकार के मंत्री आदि शामिल हुए।

बागी विधायक ने कहा- फ्लोर टेस्ट हम जीतेंगे

असम के गुवाहाटी स्थित रैडिसन ब्लू होटल में शिवसेना के बागी विधायक गुलाबराव पाटिल ने दावा किया कि बहुमत हमारे साथ है। हम कल फ्लोर टेस्ट जीतेंगे और सरकार बनाएंगे। हमारे लिए चिंता की कोई बात नहीं है।

Live Updates

  • 29 Jun 2022 1:09 PM GMT

    उद्धव ठाकरे ने बैठक में कहा- 'हमारे लोगों ने धोखा दिया'

    वहीं, उद्धव कैबिनेट की बैठक जारी है। औरंगाबाद का नाम बदलकर संभाजीनगर किए जाने पर उन्होंने खुशी जताई। ठाकरे बोले, 'अपने सभी साथियों का शुक्रिया अदा करता हूं।' लेकिन, इस बीच उद्धव ने ये भी कहा कि इस समय बने हालातों में उनके 'अपनों' ने ही उनके साथ धोखा दिया।

  • 29 Jun 2022 1:05 PM GMT

    कांग्रेस की मांग बदलें पुणे का नाम

    उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट बैठक जारी है। इस बीच कांग्रेस की तरफ से बड़ी मांग रखी गई है। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि पुणे का नाम बदलकर 'जिजाऊ नगर' कर दिया जाए। हालांकि, अभी तक बैठक में इस मांग पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। 

  • 29 Jun 2022 1:02 PM GMT

    औरंगाबाद का नाम बदलकर अब संभाजीनगर

    सियासी खींचतान के बीच उद्धव ठाकरे सरकार ने कैबिनेट बैठक में आज बड़ा फैसला लेते हुए औरंगाबाद का नाम बदल दिया है। औरंगाबाद का नाम बदलकर अब संभाजीनगर करने का फैसला लिया गया है। 

  • 29 Jun 2022 1:00 PM GMT

    अगर 'अयोग्यता' को 11 जुलाई तक टाला गया, तो फ्लोर टेस्ट भी टाला जाए

    सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना की ओर से पेश हुए उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, कि अगर 'अयोग्यता' को 11 जुलाई तक के लिए टाला गया है, तो फ्लोर टेस्ट को भी टाला जाए। जिसके बाद अब एकनाथ शिंदे गुट के वकील एन.के. कौल बहस कर रहे हैं।

  • 29 Jun 2022 12:49 PM GMT

    'गवर्नर को मुख्यमंत्री की सलाह पर काम करना चाहिए, न कि विपक्ष के नेता की' 

    महाराष्ट्र संकट पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान आज अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, 'गवर्नर को मुख्यमंत्री की सलाह पर काम करना चाहिए। मगर, वर्तमान में राज्यपाल विपक्ष के नेता की सलाह पर काम कर रहे हैं। विपक्ष के नेता उनसे शाम के वक्त मिलते हैं और अगले ही दिन फ्लोर टेस्ट की चिट्ठी आ जाती है। फ्लोर टेस्ट के लिए महज एक दिन का समय दिया गया। गवर्नर ने अपने लेटर में लिखा है कि 7 निर्दलीय विधायकों और विपक्ष ने गवर्नर को पत्र दिया है। साथ ही, शिव सेना के 34 विधायकों ने पार्टी पर असंतोष जताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है।

  • 29 Jun 2022 12:40 PM GMT

    'आप गवर्नर पर सवाल नहीं उठा सकते' 

    वहीं, शिवसेना के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, '34 शिवसेना के विधायक की चिट्ठी वेरीफाई नहीं हुआ है। उस पत्र की सत्यता का पता नहीं है। सिंघवी ने कहा, ये जानना जरूरी है कि क्या उन्हें किसी ने मजबूर किया ऐसा लेटर लिखने के लिए। इसके लिए गवर्नर ने अभी वेरीफाई नहीं किया है। उन्होंने कहा, हफ्ते भर बाद बताया कि कोई चिट्ठी आई है।' इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, 'मगर हम कैसे गवर्नर के विवेक पर सवाल उठा सकते हैं? उनकी संतुष्टि होगी। जो भी सच है वो सदन के पटल पर ही साबित होगा। कोर्ट ने कहा, आप गवर्नर पर सवाल नहीं उठा सकते।'  

  • 29 Jun 2022 12:31 PM GMT

    कैबिनेट बैठक से बाहर आईं वर्षा गायकवाड ने बताई वजह

    वहीं, उद्धव कैबिनेट बैठक से बाहर आईं मंत्री वर्षा गायकवाड ने अचानक निकलने की वजह बताई। उन्होंने बताया कि वे अपनी एक महत्वपूर्ण फ़ाइल लेने आवास पर आई हैं। जल्द ही दोबारा कैबिनेट बैठक में शामिल होंगी।

  • 29 Jun 2022 12:26 PM GMT

    सिंघवी- तो आसमान नहीं टूट पड़ेगा

    सुप्रीम कोर्ट में सिंघवी ने कहा, 'राज्यपाल की तरफ से अचानक फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया गया। ऐसा विपक्ष के नेता के कहने पर किया गया। उन्होंने कहा, कि कल फ्लोर टेस्ट नहीं होगा तो आसमान नहीं टूट पड़ेगा। सिंघवी ने ये भी कहा कि, बागी विधायकों की अयोग्यता पर सुनवाई अगले हफ्ते होनी है।' इस पर सर्वोच्च न्यायालय ने बोम्बई केस का हवाला दिया।

  • 29 Jun 2022 12:18 PM GMT

    SC ने कहा- 'बहुमत का फैसला सिर्फ सदन में ही होगा'

    सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना के वकील अभिषेक मनु सिंघवी की दलीलें सुनने के बाद कहा कि, 'बहुमत का फैसला सिर्फ सदन में ही होगा।'  

  • 29 Jun 2022 12:09 PM GMT

    बैठक में तो आए, लेकिन बाहर निकल गए दो मंत्री

    महाराष्ट्र सरकार में स्कूल एजुकेशन मिनिस्टर वर्षा गायकवाड (School Education Minister Varsha Gaikwad) और कैबिनेट मंत्री असलम शेख (Cabinet Minister Aslam Sheikh) आज कैबिनेट बैठक में तो पहुंचे, मगर ज्यादा देर नहीं रुके। ये दोनों अचानक बाहर निकल गए। इस दौरान मीडिया ने दोनों ही मंत्रियों से संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। नहीं बताए कि वो सीएम उद्धव की कैबिनेट बैठक से क्यों बाहर निकले। 

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story