×

Manipur Violence: मणिपुर हिंसा का बड़ा असर, मिजोरम से मैतेई समुदाय का पलायन शुरू, सरकार ने की एयरलिफ्ट की तैयारी

Manipur Violence: मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने और उनके यौन उत्पीड़न की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मिजोरम में रहने वाले मैतेई समुदाय के लोगों में भारी दहशत फैल गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 23 July 2023 5:02 AM GMT (Updated on: 23 July 2023 6:10 AM GMT)
Manipur Violence: मणिपुर हिंसा का बड़ा असर, मिजोरम से मैतेई समुदाय का पलायन शुरू, सरकार ने की एयरलिफ्ट की तैयारी
X
Manipur Violence Update (Social Media)

Manipur Violence: मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने और उनके यौन उत्पीड़न की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मिजोरम में रहने वाले मैतेई समुदाय के लोगों में भारी दहशत फैल गई है। मिजोरम में रहने वाले मैतेई समुदाय के लोगों को धमकी दिए जाने के बाद यह दहशत फैली है। इस धमकी में कहा गया है कि मैतेई समुदाय के लोगों को जल्द से जल्द राज्य को छोड़ देना चाहिए।

इस धमकी के बाद तमाम लोगों ने हवाई अड्डों तो कुछ लोगों ने सुरक्षित स्थलों पर आश्रय ले रखा है। जानकारों का कहना है कि दहशत के कारण काफी लोग शनिवार को राज्य छोड़कर चले गए। मिजोरम के आइजोल में मैतेई समुदाय के लोगों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच मणिपुर सरकार ने कहा है कि जरूरत पड़ी तो मैतेई समुदाय के लोगों को चार्टर विमान से सुरक्षित मणिपुर लाया जाएगा।

धमकी के बाद फैली दहशत

दरअसल मणिपुर की घटना का असर अब मिजोरम में भी दिखने लगा है। दो कुकी महिलाओं के साथ हुई हैवानियत को लेकर मिजोरम में भी काफी गुस्सा दिखा रहा है। मिजोरम में पीस एकॉर्ड एमएनएफ रिटर्नीज एसोसिएशन कुकी और जोमी समुदाय की महिलाओं के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर काफी आक्रोशित है। संगठन की ओर से जारी बयान में मिजोरम में रहने वाले मैतेई समुदाय के लोगों को खुली धमकी दी गई थी। संगठन ने मैतेई समुदाय के लोगों को जल्द से जल्द मिजोरम छोड़ देने की चेतावनी दी थी।

बयान में कहा गया है कि मणिपुर में कुकी और जोमी समुदाय की महिलाओं के साथ की गई हैवानियत से मिजो लोगों की भावनाओं को काफी धक्का लगा है। इसलिए अब यहां मैतेई लोगों का रहना सुरक्षित नहीं है। जानकारों का कहना है कि कुछ अन्य युवाओं की ओर से भी मैतेई समुदाय के लोगों को धमकी दी गई है। इसी कारण मिजोरम में रहने वाले मैतेई लोगों में दहशत फैल गई है। इस दहशत के कारण ही पलायन का दौर भी शुरू हो गया है।

सरकार की एयरलिफ्ट करने की योजना

मिजोरम में रहने वाले मैतेई लोगों की सुरक्षा के लिए अब पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल में मैतेई समुदाय के करीब दो हजार लोग रहते हैं। इनमें से कई सरकारी विभागों में भी तैनात है। मैतेई लोगों को दी गई धमकी के बाद मिजोरम के डीआईजी उत्तरी रेंज की ओर से जारी आदेश मैतेई समुदाय के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीआईजी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हर स्थान पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए। मणिपुर की सरकार भी अब मैतेई समुदाय को लेकर चिंतित और परेशान दिख रही है। सरकार की ओर से कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर मिजोरम से मैतेई समुदाय के लोगों को चार्टर विमानों से एयरलिफ्ट किया जा सकता है। सरकार की ओर से इस योजना पर काम किया जा रहा है मगर इस दिशा में कदम कब उठाया जाएगा, यह अभी तक नहीं पता चल सका है।

मणिपुर की घटना के बाद बदल गए हालात

इस बीच एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत के दौरान मैतेई समुदाय की एक महिला ने कहा कि अभी तक उन्हें मिजोरम में किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं महसूस हुआ था मगर अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। मणिपुर में हुई घटना के बाद अब मिजोरम में भी उसका असर दिखने लगा है और इसी कारण मैतेई समुदाय के लोगों में दहशत दिख रही है।

महिला ने कहा कि लोग काफी डरे हुए हैं और यही कारण है कि उन्होंने पलायन भी शुरू कर दिया है। इस बीच मिजोरम के गृह विभाग की ओर से राज्य में रहने वाले मैतेई समुदाय के लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया है। राज्य के गृह विभाग का कहना है कि मैतेई समुदाय की सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त किए जा रहे हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story