×

Mumbai Weather Alert: बिगड़ते मौसम का अलर्ट जारी, बिपरजॉय तूफान के कारण कई उड़ानें हुईं रद्द

Mumbai Weather Alert: आंधी-तूफान के कारण विजिबिलिटी भी कम हो गई है, जिसका असर उड़ानों के संचालन पर पड़ रहा है। खराब मौसम के कारण मुंबई एयरपोर्ट प्राधिकरण ने कुछ समय के लिए उड़ानों को परिचालन बंद कर दिया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 12 Jun 2023 2:42 AM GMT (Updated on: 12 Jun 2023 2:46 AM GMT)
Mumbai Weather Alert: बिगड़ते मौसम का अलर्ट जारी, बिपरजॉय तूफान के कारण कई उड़ानें हुईं रद्द
X
Mumbai Weather (photo: social media )

Mumbai Weather Alert: अरब सागर में उठे बिपरजॉय तूफान के कारण गुजरात और महाराष्ट्र जैसे पश्चिमी राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मायानगरी मुंबई में सुबह से जोरदार बारिश हो रही है। समुद्र तट की ओर से तेज हवा बह रही है। आंधी-तूफान के कारण विजिबिलिटी भी कम हो गई है, जिसका असर उड़ानों के संचालन पर पड़ रहा है। खराब मौसम के कारण मुंबई एयरपोर्ट प्राधिकरण ने कुछ समय के लिए उड़ानों को परिचालन बंद कर दिया है। रनवे को बंद कर दिया गया है। जिसकी वजह से एयर इंडिया समेत अन्य विमानन कंपनियों की उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।

बिपरजॉय तूफान का असर रविवार से ही महाराष्ट्र में देखा जा रहा है। राज्य में कल से ही आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज भी राज्य के तटीय इलाकों में भारी बारिश के साथ-साथ तेज रफ्तार में हवा बह रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर और रायगढ़ में 45-55 केएमपीएच की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश होने की आशंका जताई है। मछुआरों को और आम लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने को कहा गया है।

उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा बिपरजॉय

बिपरजॉय तूफान एक भयानक चक्रवात का रूप अख्तियार कर चुका है। रविवार शाम को यह मुंबई के तट से 540 किमी पश्चिम में स्थित था। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इसके 14 जून की सुबह तक उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। फिर यह उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा। इसके 15 जून तक गुजरात के मांडवी और पाकिस्तान की पोर्ट सिटी कराची के तट तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान 125-135 केएमपीएच की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 150 केएमपीएच की रफ्तार तक जा सकती हैं।

बिपरजॉय तूफान से सबसे अधिक प्रभावित गुजरात नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के तटीय शहरों में 14 और 15 जून को भीषण बारिश की चेतावनी दी है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story