×

मार्च फिर पड़ रहा भारी, महाराष्ट्र के बाद कई नए इलाकों में लॉकडाउन का खतरा

देश में पिछले साल मार्च महीने में ही कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद 24 मार्च को 21 दिनों के लॉकडाउन का एलान किया था। अब देश में कोरोना की दूसरी लहर ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और सरकार की चिंता बढ़ा दी है।

Shreya
Published on: 13 March 2021 7:11 AM GMT
मार्च फिर पड़ रहा भारी, महाराष्ट्र के बाद कई नए इलाकों में लॉकडाउन का खतरा
X
मार्च फिर पड़ रहा भारी, महाराष्ट्र के बाद कई नए इलाकों में लॉकडाउन का खतरा

नई दिल्ली: देश में कोरोना से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या में दिन-प्रतिदिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मरीजों की संख्या में लगातार तेजी से हो रही बढ़ोतरी अब चिंता का विषय बनती जा रही है। शुक्रवार को देश में कोरोना के 24,845 नए मामले दर्ज किए गए और 140 लोगों की कोरोना से मौत हो गई।

देश में पिछले साल मार्च महीने में ही कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद 24 मार्च को 21 दिनों के लॉकडाउन का एलान किया था। अब देश में कोरोना की दूसरी लहर ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और सरकार की चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र में नागपुर के बाद कई नए इलाकों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। कोरोना के प्रति बढ़ती लापरवाही को केसों की बढ़ोतरी का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: पंजाब में स्कूल बंद: 8 जिलों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान, विकराल होती जा रही महामारी

महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार बेकाबू

महाराष्ट्र में कोरोना के नए केसों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को यहां 15,817 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। कोरोना से शुक्रवार को 56 लोगों की मौतें दर्ज की गई है। राज्य में अब तक 22,82,191 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इस वायरस ने अभी तक 52,723 लोगों की जान ले ली है।

maharashtra (फोटो- सोशल मीडिया)

कई शहरों में लगा लॉकडाउन

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कोरोना के संक्रमण की रफ्तार तेज होने के बाद शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। सप्ताह के बाकी दिनों में रात 11:00 बजे से सुबह 7:00 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।

यह भी पढ़ें: देश में बढ़ा कोरोना का खतरा: 24 घंटे में आए इतने मामले, इस राज्य में मचा हाहाकार

जलगांव में भी सरकार ने 15 मार्च तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इनके अलावा नासिक में भी आंशिक लॉकडाउन के जरिए कोरोना की रफ्तार रोकने की कोशिश की जाएगी। नागपुर में 15 से 23 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है।

केरल में भी हालात खराब

चुनावी राज्य केरल में भी कोरोना की रफ्तार ने सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस राज्य में शुक्रवार को 1780 नए मरीज मिले हैं। राज्य में अब तक 10,87,444 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं।

राज्य में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं और विभिन्न जिलों में चुनावी गतिविधियों ने तेजी पकड़ ली है। चुनावी माहौल में कोरोना की तेज रफ्तार ने सरकार और प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

कई अन्य राज्यों में भी केस बढ़े

मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में भी कोरोना के केसों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को गुजरात में 715 नए लोग कोरोना से संक्रमित मिले। उधर मध्यप्रदेश में 603, राजस्थान में 237 और दिल्ली में 431 लोग कोरोना के शिकार हुए। इन सभी राज्यों की सरकारें कोरोना की बढ़ती रफ्तार को थामने के लिए सक्रिय हो गई हैं।

यह भी पढ़ें: सावधान! कोरोना की दूसरी लहर शुरू, लोगों से दूरी बनाएं, मास्क जरूर पहनें

covid-19 (फोटो- सोशल मीडिया)

महामारी में तेजी से बढ़ी चिंता

कोरोना पर काबू पाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से वैक्सीन लगाने का काम काफी तेजी से किया जा रहा है मगर संक्रमण की बढ़ती रफ्तार भी सरकार के लिए चिंता का विषय बन गई है। जानकारों का कहना है कि कोरोना संक्रमण में तेजी का कारण बचाव की गाइडलाइन पर गंभीरता से अमल न करना माना जा रहा है।

गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे लोग

सोशल डिस्टेंसिंग की गाइडलाइन का पूरी तरह उल्लंघन किया जा रहा है और सड़कों पर घूमने वाले अधिकांश लोग मास्क का का उपयोग नहीं कर रहे हैं। यही कारण है कि बड़ी आबादी एक बार फिर कोरोना की चपेट में आती जा रही है।

जानकारों का मानना है कि अभी तो महाराष्ट्र और देश के कुछ अन्य हिस्सों में ही लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है मगर अगर वायरस के संक्रमण की रफ्तार यही बनी रही तो कई नए इलाकों में भी लॉडाउन की स्थितियां पैदा हो जाएंगी।

अंशुमान तिवारी

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में लॉकडाउन! अब यहां लगा संपूर्ण Lockdown, नियम तोड़ने पर सख्त सजा

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story