×

MP Politics: मन बहलाने को 'बाबा ख्याल' अच्छा है, राहुल के MP में कांग्रेस 150 सीटें जीतने के दावे पर शिवराज का पलटवार

MP Politics: दिल्ली में कांग्रेस मीटिंग के बाद राहुल गांधी बोले, 'हमारी बैठक में लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आंकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली, हमें मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली है।

Aman Kumar Singh
Published on: 29 May 2023 4:27 PM GMT (Updated on: 29 May 2023 4:31 PM GMT)
MP Politics: मन बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है, राहुल के MP में कांग्रेस 150 सीटें जीतने के दावे पर शिवराज का पलटवार
X
शिवराज सिंह चौहान और राहुल गांधी (Social Media)

MP Politics : कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित कांग्रेस का जोर अब मध्य प्रदेश असेंबली इलेक्शन पर फोकस है। इसी के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने सोमवार (29 मई) को मध्य प्रदेश के पार्टी नेताओं के साथ दिल्ली में मीटिंग की। बैठक में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath), दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।

कांग्रेस मीटिंग में आगामी मध्य प्रदेश चुनाव पर चर्चा हुई। इस बैठक के बाद पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि, 'हम कर्नाटक की तरह एमपी में रिपीट करेंगे। राज्य में 150 सीटें जीतेंगे।' राहुल के इस दावे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने पलटवार करते हुए कहा कि 'ख्याली पुलाव पकाते रहिए।'

'कर्नाटक वाली जीत MP में दोहराएंगे'

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस मीटिंग में राहुल गांधी ने कहा, 'पार्टी की बैठक में लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आंकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली। हमें (कांग्रेस) मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली है। कर्नाटक में हमने जो किया, हम वही एमपी में भी दोहराएंगे। वहीं, कमलनाथ ने बताया कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में करीब चार महीने शेष हैं। बैठक में मध्यप्रदेश के भविष्य और राज्य के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। राहुल बोले, हम जनता के मुद्दों को ध्यान में रखकर चुनावी मैदान में उतरेंगे।'

शिवराज सिंह- ख्याली पुलाव पकाना है, तो...

राहुल गांधी के दावों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'मन बहलाने को 'बाबा ख्याल' अच्छा है। बीजेपी मध्य प्रदेश में 200 सीटें जीतने जा रही है। अब उनको ख्याली पुलाव पकाना है, तो पकाते रहें।'

इसी साल आखिरी में होने हैं चुनाव

गौरतलब है कि, मध्य प्रदेश में इसी साल चुनाव होने वाले हैं। 230 सीटों वाले मध्यप्रदेश में इस वर्ष आखिरी में चुनाव होने हैं। एमपी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी विधानसभा चुनाव होंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोनों राज्यों में सरकार बनाई थी। मगर, 2020 में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने बगावत कर दी। जिसके बाद प्रदेश में बीजेपी ने सरकार बनाई, जो अब तक चल रही है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story