×

Rahul Gandhi News: राहुल गांधी का भाजपा पर जोरदार हमला, बोले-कांग्रेस नहीं भारत की जनता ही भाजपा को धूल चटाएगी

Rahul Gandhi News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा-भाजपा ने कर्नाटक में भी ध्रुवीकरण की कोशिश की थी, खुद प्रधानमंत्री ने ऐसा करने की कोशिश की लेकिन इसने काम नहीं किया। कर्नाटक में चुनाव बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ा गया था।

Ashish Pandey
Published on: 4 Jun 2023 4:25 PM GMT
Rahul Gandhi News: राहुल गांधी का भाजपा पर जोरदार हमला, बोले-कांग्रेस नहीं भारत की जनता ही भाजपा को धूल चटाएगी
X
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी: Photo- Social Media

Rahul Gandhi News: अपने अमेरिका दौरे पर राहुल गांधी केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर हमला बोल रहे हैं। राहुल गांधी ने अब अपने ताजा बयान में भाजपा पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक में भाजपा को धूल चटाई है, उसी तरह से तेलंगाना और अन्य राज्यों में भी कांग्रेस, भाजपा को हराएगी। उन्होंने आगे कहा कि ना केवल कांग्रेस बल्कि देश के लोग भाजपा की नफरत भरी विचारधारा को हराएंगे।

तेलंगाना में धूल चटा देंगे

राहुल गांधी वॉशिंगटन और सैन फ्रांसिस्को के बाद न्यूयॉर्क पहुंचे। जहां शनिवार को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस-यूएसए द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमने कर्नाटक में यह करके दिखाया है कि हम भाजपा को हरा सकते हैं। हमने ना केवल भाजपा को हराया बल्कि उसे धूल में मिला दिया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा ने सारे उपाय किए, उनके पास मीडिया था, हमारे मुकाबले 10 गुना ज्यादा पैसे थे, एजेंसियां थी लेकिन उसके बावजूद हमने उन्हें हरा दिया। मैं बताना चाहता हूं कि अब तेलंगाना के चुनाव में भी हम उन्हें हराएंगे।

भाजपा को ढूंढना मुश्किल हो जाएगा

राहुल गांधी रविवार को ही मैनहेट्टन में एक रैली भी करेंगे। न्यूयॉर्क के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव के बाद तेलंगाना में भाजपा को ढूंढना मुश्किल हो जाएगा। इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के समुदाय के अलावा न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स भी मौजूद थे। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि ना केवल तेलंगाना में बल्कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी हम कर्नाटक जैसा प्रदर्शन करेंगे। इस साल के अंत में भारत के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं 2024 में लोकसभा का चुनाव होना है ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा के चुनाव और भी अहम हो जाते हैं।

लोग हराएंगे भाजपा को

राहुल गांधी ने कहा कि यह केवल कांग्रेस पार्टी नहीं है जो भाजपा को हराएगी बल्कि ये भारत के लोग हैं, मध्य प्रदेश के लोग हैं, तेलंगाना, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लोग हैं, जो भाजपा को हराएंगे। भारत समझ चुका है कि जिस तरह से भाजपा समाज में नफरत बढ़ा रही है, उससे देश आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जीत दर्ज करने का दावा किया। कहा कि विपक्ष एकजुट है। यह विचारधारा की लड़ाई है, एक तरफ भाजपा की बांटने वाली विचारधारा है और दूसरी तरफ कांग्रेस की एकता और प्यार बढ़ाने वाली विचारधारा है।

गांधी ने कहा कि कर्नाटक का चुनाव बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ा गया। भाजपा ने यहां भी ध्रुवीकरण की कोशिश की थी, खुद प्रधानमंत्री ने ऐसा करने की कोशिश की लेकिन इसने काम नहीं किया। कर्नाटक में चुनाव बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ा गया था।

Ashish Pandey

Ashish Pandey

Next Story