×

Rajnath Singh in Rajasthan: BJP की तीसरी परिवर्तन यात्रा को राजनाथ ने दिखाई हरी झंडी, राहुल गांधी की लॉन्चिंग पर कसा तंज

Rajnath Singh in Rajasthan:बीजेपी राज्य के अलग-अलग हिस्से से परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में आज यानी सोमवार 4 सितंबर को जैसलमेर के रामदेवरा से तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा निकली है।

Krishna Chaudhary
Published on: 4 Sep 2023 8:36 AM GMT (Updated on: 4 Sep 2023 9:11 AM GMT)
Rajnath Singh in Rajasthan: BJP की तीसरी परिवर्तन यात्रा को राजनाथ ने दिखाई हरी झंडी, राहुल गांधी की लॉन्चिंग पर कसा तंज
X
Rajnath Singh in Rajasthan (photo: social media )

Rajnath Singh in Rajasthan: अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव का सामना करने जा रहे राजस्थान में सियासी सरगर्मी बढ़ रही है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने सीएम अशोक गहलोत के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। बीजेपी राज्य के अलग-अलग हिस्से से परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में आज यानी सोमवार 4 सितंबर को जैसलमेर के रामदेवरा से तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा निकली है। जिसे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाई।

यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले राजनाथ सिंह ने बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए। बाबा रामदेव मंदिर के पीठाधीश्वर भौमसिंह ने उन्हें बाबा की तस्वीर प्रदान की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी मौजूद भी रहे। इसके बाद वो पोकरण स्थित कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। मंच पर राजस्थान बीजेपी के नेताओं ने केंद्रीय मंत्री सिंह का तलवार और साफा भेंट कर स्वागत किया।

राजस्थान में बनेगी बीजेपी सरकार, बोले राजनाथ

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मौके पर पोखरण में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। सभा में जुटी भारी भीड़ को देखकर गदगद हुए सिंह ने कहा कि इस बार दुनिया की कोई ताकत भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान की सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि पोखरण वीर सपूतों की धरती है। इसी धरती पर परमाणु के पांच परीक्षण हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसी धरती पर 1971 में भारत-पाक युद्ध के दौरान लोंगोवाल की लड़ाई लड़ी गई थी, जिसमें भारत की निर्णायक जीत हुई थी। 1998 में हुए परमाणु परीक्षण का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इसके बाद ही दुनिया में भारत की ख्याति एक परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र के रूप में हुई।

राहुल गांधी पर कसा तंज

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चंद्रयान – 3 मिशन की सफलता के लिए अपनी सरकार का पीठ थपथपाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लपेट लिया। उन्होंने कहा कि 1998 में भारत ने परमाणु परीक्षण करके जो छलांग लगाई थी, उसी तरह की छलांग 23 अगस्त को चंद्रयान – 3 ने चांद की सतह पर उतर कर लगाई। भारत चांद पर तो पहुंच गया है, अब हम 15 लाख किमी का सफर तय करके आदित्य एल-1 से हम सूरज की तरफ जा रहे हैं। उन्होंने वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए कहा कि हॉलीवुड फिल्मों से भी कम बजट में हमारे वैज्ञानिकों ने य़ह काम करके दिखाया है। इसके बाद राजनाथ सिंह ने कहा, मंगलयान, चंद्रयान और सूर्ययान की तो लॉन्चिंग और लैंडिंग हो गई, मगर राहुलयान की न तो लॉन्चिंग हो पाई है और न ही लैंडिंग हो पाई है।

2018 में झांसा देकर कांग्रेस सत्ता में आई – वसुंधरा राजे

इससे पहले बीजेपी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जनसभा को संबोधित करते हुए सत्ताधारी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राजे ने कहा कि साल 2018 में कांग्रेस ने लोगों को झांसा देकर राजस्थान में सरकार बनाई। उन्होंने उंगलियों पर गिनकर 10 दिन में कर्जा माफ करने की बात कही थी, मगर ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान महिला अत्याचार के मामले में नंबर वन है यहां सरकार और कानून नाम की कोई चीज नहीं रही। प्रदेश में रोज हत्या, रेप और लूटपाट की वारदात हो रही है। ये सरकार बहरी और गूंगी है।

बता दें कि जैसलमेर जिले के रामदेवरा से शुरू हुई तीसरे चरण की परिवर्तन यात्रा 18 दिन में 2500 किमी से अधिक का सफर तय करेगी। यात्रा जोधपुर संभाग, अजमेर और नागौर जिलों की 51 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इससे पहले कल यानी रविवार 3 अगस्त को बीजेपी की दूसरी परिवर्तन यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम से रवाना किया था।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story