×

Telangana Election 2023: एग्जिट पोल में बढ़त देखकर सतर्क हुई कांग्रेस, विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट करने का प्लान

Telangana Election 2023: प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की ओर से भी राज्य में इस बार सत्ता परिवर्तन का बड़ा दावा किया जा रहा है। एग्जिट पोल में चुनावी बाजी जीतने की संभावना को देखते हुए कांग्रेस सतर्क हो गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 1 Dec 2023 4:28 AM GMT
Telangana Election 2023
X

Telangana Election 2023   (photo: social media )

Telangana Election 2023: तेलंगाना में गुरुवार को वोटिंग समाप्त होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे भी सामने आ गए हैं। अधिकांश एग्जिट पोल में लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक इस बार राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) को बड़ा झटका लग सकता है। अधिकांश एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की ओर से भी राज्य में इस बार सत्ता परिवर्तन का बड़ा दावा किया जा रहा है।

एग्जिट पोल में चुनावी बाजी जीतने की संभावना को देखते हुए कांग्रेस सतर्क हो गई है। चुनाव नतीजे की घोषणा के बाद विधायकों को बेंगलुरु या किसी और शहर भेजने की रणनीति तैयार की गई है ताकि कड़े मुकाबले की स्थिति में विधायकों की खरीद-फरोख्त से बचा जा सके। तेलंगाना के चुनाव नतीजे की घोषणा अन्य राज्यों के साथ 3 दिसंबर को की जानी है। चुनाव नतीजे की घोषणा के बाद पार्टी विधायकों को किसी और शहर में शिफ्ट करने का बड़ा कदम उठाया जा सकता है।

एग्जिट पोल में बड़े बदलाव की संभावना

तेलंगाना को 2014 में अलग राज्य बनाया गया था और उसके बाद से ही केसीआर की अगुवाई वाली बीआरएस (पहले टीआरएस) राज्य की सत्ता में बनी हुई है। केसीआर ने 2018 में साल भर पहले विधानसभा चुनाव कराकर अपनी ताकत दिखाई थी। पिछले विधानसभा चुनाव में केसीआर की पार्टी राज्य की 119 विधानसभा सीटों में से 88 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी जबकि कांग्रेस सिर्फ 19 सीटों पर सिमट गई थी। वैसे इस बार सियासी हालात बदले हुए नजर आ रहे हैं।

गुरुवार की शाम आए अधिकांश एग्जिट पोल में राज्य में सत्ता परिवर्तन का अनुमान लगाया गया है। अधिकांश एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य में कांग्रेस मजबूत स्थिति में दिख रही है। तेलंगाना का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने इस बार पूरी ताकत झोंक दी थी और उसका अच्छा परिणाम आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Telangana Exit Poll 2023: तेलंगाना में केसीआर को लग सकता है बड़ा झटका, कांग्रेस बना सकती है सरकार

कांग्रेस को जीत की पूरी उम्मीद

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी पार्टी की बड़ी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार बीआरएस के 10 साल के कुशासन का अंत करने में कामयाब होगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी और राज्य के सभी वर्गों की उम्मीदों को पूरा करने का काम करेगी। उन्होंने एक कदम और आगे बढ़ते हुए 9 तारीख को कांग्रेस सरकार के शपथग्रहण का ऐलान तक कर डाला।

राज्य में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को देखकर विधायकों को खरीद-फरोख्त से बचाने की रणनीति भी तैयार की गई है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अगर कांग्रेस 70 सीटों को जीतने से दूर रह जाती है तो ऐसी स्थिति में पार्टी विधायकों को बेंगलुरु या किसी दूसरे शहर भेजे जाने का प्लान तैयार किया गया है। जीतने वाले विधायकों को किसी होटल या रिजॉर्ट में ठहराया जा सकता है। वैसे पार्टी अगर काफी ज्यादा मजबूत स्थिति में रहेगी तो इस रणनीति को स्थगित भी किया जा सकता है।

Telangana Election 2023: तेलंगाना में कांग्रेस का जीत का दावा, प्रदेश अध्यक्ष ने शपथग्रहण की तारीख का ऐलान तक कर डाला, ओवैसी ने ली चुटकी

विधायकों को भेजा जा सकता है बेंगलुरु

तेलंगाना में विधानसभा के 119 सीटें हैं जबकि बहुमत का जादुई आंकड़ा 60 सीटों का है। कई एग्जिट पोल में कांग्रेस को थोड़ी बढ़त मिलती हुई दिख रही है जबकि कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस को बड़ी जीत मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है। कांग्रेस नेतृत्व की ओर से ऐसे विधानसभा क्षेत्र में दो-दो पर्यवेक्षक भेजे गए हैं जहां पार्टी को जीत मिलने की संभावना है। चुनाव जीतने वाले विधायकों को किसी गुप्त स्थान पर भेजा जा सकता है।

विधायकों को किसी और स्थान पर शिफ्ट करने की रणनीति में कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। वे पहले भी इस तरीके के प्लान में बड़ी भूमिका निभा चुके हैं। इसी कारण विधायकों को बेंगलुरु भेजे जाने की ज्यादा संभावना जताई जा रही है।

तेलंगाना में एग्जिट पोल के नतीजे

-न्यूज 24-टुडेज चाणक्या ने अपने एग्जिट पोल में बीआरएस को 33 सीटें, कांग्रेस को 71 सीटें, भाजपा को 7 सीटें और अन्य को 8 सीटें दी हैं। इस एग्जिट पोल के मुताबिक इस बार राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को बड़ा झटका लग सकता है।

-टाइम्स नाऊ- ईटीजी के एग्जिट पोल में बीआरएस को 37-45 सीटें, कांग्रेस को 60-70 सीटें, भाजपा को 6-8 सीटें और अन्य को 5-7 सीटें मिलने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

-इंडिया टीवी-सीएनएक्स के अनुसार तेलंगाना में इस बार कांग्रेस को 63-79 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीआरएस को 31-47 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 2-4 और अन्य को 5-7 सीटें मिल सकती हैं।

-जन की बात के एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य में कांग्रेस बीआरएस की सत्ता को चुनौती देगी। यहां कांग्रेस को 48-64 सीटें मिल सकती हैं। वहीं केसीआर की पार्टी को 40-45 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 7-13 और अन्य को 4-7 सीटें मिलने का अनुमान है।

-रिपब्लिक- मैट्रिज के अनुसार, यहां कांग्रेस को 58-68 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीआरएस को 46-56 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को 4-9 और अन्य को 5-8 सीटें मिल सकती हैं।

-टीवी-9 भारतवर्ष-पोलस्टार्ट के एग्जिट पोल में कांग्रेस और बीआरएस में कड़ी टक्कर होने की उम्मीद जताई गई है। पोल के मुताबिक कांग्रेस को 49 से 59 सीटें तो बीआरएस को 48 से 58 सीटें मिलने की उम्मीद है। बीजेपी 5 से 10 सीटें जीत सकती है। इसके अलावा एआईएमआईएम को 6 से 8 सीटें मिलने की संभावना है।

-रिपब्लिक- पी मार्क ने एग्जिट पोल में बीआरएस को 37-51 सीटें, कांग्रेस को 58-71 सीटें, भाजपा को 2-6 सीटें और अन्य को 6-9 सीटें दी हैं।

-एबीपी-सी वोटर ने अपने एग्जिट पोल में बीआरएस को 38-54 सीटें, कांग्रेस को 49-65 सीटें, भाजपा को 5-13 सीटें और अन्य को 5-9 सीटें दी हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story