×

'मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करेगा 'वैगनर समूह,' विपक्षी एकता के बहाने शिवसेना यूबीटी मुखपत्र सामना का BJP पर अटैक

Political News : शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय लेख में वैगनर समूह के 'रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ विद्रोह' और पिछले हफ्ते पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक के बीच तुलना की गई है।

Aman Kumar Singh
Published on: 26 Jun 2023 5:21 PM GMT (Updated on: 26 Jun 2023 5:26 PM GMT)
मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करेगा वैगनर समूह, विपक्षी एकता के बहाने शिवसेना यूबीटी मुखपत्र सामना का BJP पर अटैक
X
उद्धव ठाकरे और पीएम मोदी (Social Media)

Political News : शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने मुखपत्र 'सामना' में एक लेख के जरिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और विपक्ष की तुलना रूस के ताजा हालात से की है। सामना ने पटना में हुए विपक्षी बैठक (Opposition Meeting) को लेकर 'वैगनर' शब्द का इस्तेमाल किया। इसकी खूब चर्चा हो रही है। आर्टिकल में लिखा गया है कि, भारत में 'वैगनर समूह' अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए बैलेट बॉक्स के जरिए नरेंद्र मोदी सरकार (Narendra Modi government) को सत्ता से बेदखल कर देगा।

दरअसल, बीते सप्ताह रूस में हुए एक नाटकीय घटनाक्रम में 'वैगनर समूह' के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन (Yevgeny Prig Ozhin) ने सशस्त्र विद्रोह का आह्वान किया था। जिसमें दावा किया गया था कि उनके बलों के पास रूस के दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में नियंत्रण की सैन्य सुविधाएं हैं। इस ग्रुप ने राजधानी मॉस्को की ओर कूच भी शुरू कर दिया था। हालांकि, ताजा हालात बदल चुके हैं।

क्या हैं रूस के ताजा हालात?

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने वैगनर समूह द्वारा किए विद्रोह को 'विश्वासघात' और 'देशद्रोह' की संज्ञा दी। बाद में प्रिगोजिन ने कहा, कि उन्होंने अपने भाड़े के सैनिकों को मास्को जाने से रोक दिया है। यूक्रेन में अपने क्षेत्रीय शिविरों में वापस जाने का उन्हें आदेश दिया। ये कदम उन्होंने बेलारूस के राष्ट्रपति के साथ बातचीत के बाद उठाया।

सामना में 'वैगनर ग्रुप' से विपक्ष की तुलना

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में वैगनर समूह (Wagner Group Rebellion) के 'रूसी राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ विद्रोह' तथा बीते हफ्ते पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक के बीच तुलना की गई है। विपक्षी बैठक की मेजबानी सीएम नीतीश कुमार ने की थी। शुक्रवार को पटना में 15 विपक्षी राजनीतिक दलों के 32 से अधिक नेताओं ने एक बैठक की। पटना मीटिंग में लोकसभा चुनाव 2024 में एकजुट होकर बीजेपी का मुकाबला करने का संकल्प लिया गया था।

'मोदी हों या पुतिन चुनौती दी जा सकती है

मराठी दैनिक 'सामना' के संपादकीय लेख (Saamana Editorial Article) में कहा गया है कि वैगनर ग्रुप ने दिखाया कि 'तानाशाही' को चुनौती दी जा सकती है। ये भी लिखा कि, 'मोदी हों या पुतिन, उन्हें विद्रोह का सामना करना पड़ सकता है। भारत में सरकार को एक 'अहिंसक वैगनर' द्वारा उखाड़ फेंका जाएगा। ये रास्ता बैलेट बॉक्स के जरिए गुजरेगा। संपादकीय में आगे कहा गया कि, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को भी जाना होगा। मगर, लोकतांत्रिक तरीके से।'

...तो देश में हो जाएगी मणिपुर जैसी स्थिति

सामना ने पिछले हफ्ते पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक का जिक्र करते हुए कहा, 'वैगनर समूह लोकतंत्र रक्षक के रूप में पटना में एक साथ आया। पार्टी ने आगे कहा, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) लोकसभा चुनाव 2024 में रिजल्ट तय नहीं करेगी, बल्कि लोग करेंगे।' सामना के संपादकीय लेख में दावा किया गया है कि अगर EVM में घोटाला होता है तो देश में मणिपुर जैसे हालात हो जाएंगे।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story