×

Rain Alert: बारिश-बाढ़ का कहर जारी, कुपवाड़ा में फटा बादल, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भरा पानी, जानें देश में कहां-कहां तबाही

Rain Alert: देश के कुछ हिस्सों में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। पहाड़ी इलाको में लगातार भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

Jugul Kishor
Published on: 23 July 2023 9:19 AM GMT (Updated on: 23 July 2023 9:53 AM GMT)
Rain Alert: बारिश-बाढ़ का कहर जारी, कुपवाड़ा में फटा बादल, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भरा पानी, जानें देश में कहां-कहां तबाही
X
Rain Alert (Social Media)

Rain Alert: देश के कुछ हिस्सों में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। पहाड़ी इलाको में लगातार भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में नदियां उफान पर चल रही हैं। बारिश और बाढ़ का कहर खासतौर पर हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर और दिल्ली में जारी है। आइए जानते हैं कि कहां कैसे हालात हैं। जम्मू कश्मीर के कुपवाडा़ में रविवार को बादल फट गया। जिससे इलाके में अचानक बाढ़ आ गई। जानकारी मिल रही है कि बादल फटने के बाद बाढ़ में कई गाड़ियां सूखे पत्तों की तरह बह गईं।

अहमदाबाद में एयरपोर्ट पर घुटनों तक भरा पानी

गुजरात में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण राज्य में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर घुटनों तक पानी भर गया है। हवाई अड्डे पर जलभराव के कारण यात्रियों को अपनी फ्लाइट के लिए समय पर पहुंचने में दिक्कत हो रही है। अहमदाबाद में शनिवार को 101 मिमी बारिश हुई थी। गुजरात के कई हिस्सों में आज भी बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण पोरबंदर और कच्छ से गुजरने वाले दो राष्ट्रीय राजमार्गों और 10 राज्य राजमार्गों को बंद कर दिया गया है। गुजरात राहत आयुक्त आलोक पांड ने बताया कि अब तक कुल 736 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होने कहा कि कुल मिलाकर 302 सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें से 271 पंचायत सड़कें भी शामिल हैं।

उत्तराखंड में कई जिलों में फट गया बादल

उत्तराखंड में हो रही बारिश लगातार मुसीबत बनती जा रही है। कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं होने से मार्गों को बंद कर दिया गया है। बीती रात प्रदेश में पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ जिले में बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। बाढ़ से बचने के लिए पूरी रात लोग इधर उधर भागते रहे। बाढ़ में कई मकान, दुकान, वाहन, पुल और सड़के बह गईं। गनीमत यह रही कि इस आपदा में किसी जिले से हताहत होने की सूचना नहीं आई।

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट

महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में रविवार को भी बारिश हुई है। जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। भारी बारिश को बाद भिवंडी में गंभीर जल जमाव हो गया। जिससे कई कारें पानी में डूब गई हैं। मौसम विभाग ने पालघर, ठाणें, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंदुदुर्ग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मुंबई के अलग-अलग इलाको में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। रविवार को दिल्ली में यमुना का जलस्तर 205.81 मीटर दर्ज किया गया है। ऐसे में एक बार फिर दिल्ली वालों की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। माना जा रहा है कि यमुना नदी का जलस्तर शाम तक 206 मीटर से ऊपर निकल जाएगा।

हिमाचल के सीएम ने केंद्र सरकार से लगाई मदद की गुहार

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ का कहर इस कदर जारी है कि अब तक 8000 करोड़ की संपत्ति बर्बाद हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 75 सालों में यह पहला मौका है जब राज्य में बाढ़ और बारिश की ऐसी तबाही देखी गई है। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Next Story