×

Weather Today Update: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी को भी मिलेगी उमस वाली गर्मी से राहत

Aaj Ka Mausam 22 july 2023: मौसम विभाग की ओर से इन तीनों राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 22 July 2023 3:47 AM GMT
Weather Today Update: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी को भी मिलेगी उमस वाली गर्मी से राहत
X
Weather Today Update 22 july 2023 (photo: social media )

Weather Today Update 22 july 2023: देश के कई राज्यों में इन दिनों जोरदार बारिश का दौर बना हुआ है। कई राज्यों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। मौसम विभाग ने आज भी महाराष्ट्र, गुजरात और कोंकण व गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से इन तीनों राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लोग गर्मी और उमस से बेहाल हैं और अब मौसम विभाग ने 24 और 25 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। राजधानी दिल्ली में भी आज आज हल्की बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा, आंध्रप्रदेश और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना समेत कई राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से इन दोनों राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन दोनों राज्यों के साथ ही जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तेलंगाना कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश होने की आशंका है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा मैं भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका

मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और पुडुचेरी तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

कर्नाटक, कोंकण और गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की मध्य खाड़ी से सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी और दक्षिण श्रीलंका तट पर 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं।

महाराष्ट्र और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश,दक्षिण तमिलनाडु तट और दक्षिण पश्चिम और मध्य अरब सागर के ऊपर भी काफी तेज गति से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के अनुसार दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्वी गुजरात, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, गुजरात के कुछ हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और तटीय कर्नाटक में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

जम्मू कश्मीर, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, उत्तर पूर्व भारत, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, सौराष्ट्र व कच्छ और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story