×

Weather Update Today: कई राज्यों को गर्मी और लू से मिलेगी राहत, इन इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी

Weather Update Today: मौसम विभाग की ओर से देश के कई इलाकों में आने वाले दिनों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में रविवार तक झमाझम बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 22 April 2023 8:45 AM GMT
Weather Update Today: कई राज्यों को गर्मी और लू से मिलेगी राहत, इन इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी
X
Weather Today Update (photo: social media )

Weather Update Today: देश के कई इलाकों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू के कारण लोग बेहाल दिख रहे हैं। वैसे कुछ इलाकों में हाल के दिनों में मौसम बदलने के बाद लोगों को राहत भी मिली है। मौसम विभाग की ओर से देश के कई इलाकों में आने वाले दिनों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में रविवार तक झमाझम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वोत्तर में व्यापक वर्षा के साथ ही बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पंजाब, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। दूसरी ओर उत्तरी और मध्य मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

राजधानी दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को मौसम गरम रहा और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक राजधानी का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग की ओर से शनिवार को भी राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वैसे शहर में हल्की बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

यूपी के कई इलाकों में बदला मौसम

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। जालौन और झांसी में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई और करीब 15 मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई। आगरा में भी शुक्रवार की सुबह बारिश हुई थी। बांदा में कल जमकर बारिश होने के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई है। झांसी के कुछ इलाकों में भी जमकर ओले गिरे जिससे किसानों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी होने की खबर है।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी का दौर आगे भी बना रहेगा। मौसम विभाग की ओर से राजधानी लखनऊ में आज मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड में बारिश की संभावना

झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से शुक्रवार को लोगों को राहत मिली। राज्य के कई इलाकों में शुक्रवार को बादल छाए रहे और इस दौरान हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई। बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कई इलाकों में 27 अप्रैल तक बादलों की गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 25 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न इलाकों में तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में बारिश का अलर्ट

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिमी हिमालय, दक्षिण तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में एक या दो स्थानों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पंजाब में धूल भरी आंधी आ सकती है। इसके साथ ही राज्य में गरज के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story