×

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा बड़ा असर, कई राज्यों में फिर होगी आफत की बारिश, ओलावृष्टि की भी आशंका

Weather Update: 23 मार्च से 25 मार्च तक उत्तर पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।

Anshuman Tiwari
Published on: 23 March 2023 7:57 AM GMT
Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा बड़ा असर, कई राज्यों में फिर होगी आफत की बारिश, ओलावृष्टि की भी आशंका
X
Weather Today (photo: social media )

Weather Update: मार्च महीने के दौरान मौसम में काफी बदलाव दिखा है। मार्च की शुरुआत में तापमान बढ़ जाने के कारण काफी गर्मी महसूस हो रही थी मगर पिछले कुछ दिनों से बारिश और ओलावृष्टि होने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आज भी देश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 23 मार्च से 25 मार्च तक उत्तर पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस कारण देश के कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश होने और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान लगाया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना है। कई मैदानी इलाकों में भी आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

देश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम की बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई प्रदेशों में फसल नष्ट हो जाने के कारण किसानों को भारी आर्थिक चोट पहुंची है। अभी भी कुदरत के कहर का अंत नहीं हुआ है। इस कारण किसानों की परेशानी और चिंता और बढ़ गई है। आने वाले समय में भी देश के कई इलाकों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेटवेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान गुजरात, पंजाब, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, पूर्वोत्तर भारत,ओडिशा के कुछ हिस्सों और उत्तर प्रदेश के तराई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और हिमपात हो सकता है।

तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 24 मार्च को मध्यम हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

एमपी में पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा खासा असर

हाल के दिनों में मध्यप्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई है। फसलें नष्ट होने के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ का मध्य प्रदेश में खासा असर दिखेगा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर और चंबल वाले इलाके में पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा प्रभाव दिखेगा।

ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में 24 मार्च को गरज-चमक और आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। भोपाल और इंदौर के इलाकों में भी 24 मार्च को हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में आज भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव की उम्मीद जताई गई है।

दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश

राजधानी दिल्ली में बुधवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहे। हाल के दिनों में दिल्ली में कई बार बारिश हुई है। राजधानी में बदली होने के बावजूद अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली का मौसम में एक बार फिर पलटी मारने वाला है। 24 मार्च को दिल्ली का मौसम फिर बदल सकता है और बादलों की गर्जन के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

झारखंड में फिर पलट सकता है मौसम

झारखंड में कई दिनों की बारिश के बाद अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड में मौसम साफ रहने की संभावना है मगर 26 मार्च को मौसम में एक बार फिर पलटी मार सकता है।

26 मार्च को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। हाल के दिनों में आंधी-तूफान और बारिश के कारण राज्य के किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कटाई के बाद खेतों में रखी रबी की फसल भींग जाने के कारण किसानों को भारी आर्थिक चोट पहुंची है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story