×

Weather Update: भीषण गर्मी अब लोगों को करने लगी बेहाल, कई राज्यों में लू की चेतावनी, पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update: मौसम विभाग ने जल्द ही अधिकतम तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। भीषण गर्मी के साथ कई राज्यों में लू भी लोगों को बेहाल करने लगी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत पांच राज्यों में लू चलने की आशंका जताई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 14 May 2023 8:23 AM GMT (Updated on: 14 May 2023 7:17 AM GMT)
Weather Update: भीषण गर्मी अब लोगों को करने लगी बेहाल, कई राज्यों में लू की चेतावनी, पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट
X
भीषण गर्मी अब लोगों को करने लगी बेहाल: Photo- Social Media

Weather Update: देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी अब लोगों को बेहाल करने लगी है। सुबह दस बजे के बाद धूप का तेवर अब काफी तीखा होने लगा है। कई राज्यों में चढ़ता तापमान अब लोगों की मुसीबत बढ़ाने लगा है। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जल्द ही अधिकतम तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है। भीषण गर्मी के साथ कई राज्यों में लू भी लोगों को बेहाल करने लगी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत पांच राज्यों में लू चलने की आशंका जताई है।

इस बीच बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मोचा उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मोचा म्यांमार के सिटवे से लगभग 700 किमी दक्षिण-पश्चिम में पहुंच गया है। तूफान के कारण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में लू चलने की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज देश के कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है। पश्चिम राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में आज लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है। गुजरात और पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में लू लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने गुजरात में लू की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में लू आज और कल लोगों को बेहाल करेगी। बिहार, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल और तटीय आंध्र प्रदेश में 15 और 16 मई को और यनम में 14 से 16 मई के दौरान लू चलने की चेतावनी दी गई है।

आज चरम तीव्रता पर दिखेगा चक्रवात मोचा

मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवात मोचा आज शाम को अपनी चरम तीव्रता पर पहुंच जाएगा। इसके कल दोपहर कॉक्स बाजार (बांग्लादेश) और क्यौकप्यू (म्यांमार) के बीच दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने की संभावना जताई गई है। इसका लैंडफॉल रविवार दोपहर के आसपास सितवे (म्यांमार) के करीब होगा। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात मोर्चा के चरण तीव्रता के दौरान 140-150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हवाओं की अधिकतम गति 165 किमी प्रति घंटे तक की हो सकती है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग की ओर से पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर और दक्षिणी असम में अधिकांश स्थानों पर जोरदार बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश के कारण इन राज्यों में शनिवार और रविवार को जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

बारिश और तेज हवाओं के कारण पूर्वोत्‍तर के राज्‍यों में भूस्खलन की भी संभावना है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ने और कच्ची सड़कों में दरारें पड़ने की भी आशंका है। इसके साथ ही फसलों को भारी नुकसान भी पहुंच सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

भीषण गर्मी की चपेट में ओडिशा

ओडिशा इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के आधे से अधिक जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के 30 में से 23 जिलों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। राज्य सरकार ने स्थानीय अधिकारियों को स्थिति की लगातार समीक्षा करने और तैयारियां करने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के 16 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है जबकि छह जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में समुद्र की स्थिति बहुत खराब हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के कारण समुद्र की लहरों की ऊंचाई काफी ज्यादा होने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है।

दक्षिण कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश हो सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ, गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story