×

Weather Update: देश के 30 राज्यों में होगी झमाझम बारिश, UP में मानसून की जोरदार दस्तक, प्रदेश के 43 जिलों में अलर्ट जारी

Weather Update: देश के अन्य राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय हो गया है। शनिवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश हुई और आज भी प्रदेश के 43 जिलों में झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 Jun 2023 3:44 AM GMT (Updated on: 25 Jun 2023 5:11 AM GMT)
Weather Update: देश के 30 राज्यों में होगी झमाझम बारिश, UP में मानसून की जोरदार दस्तक, प्रदेश के 43 जिलों में अलर्ट जारी
X
बारिश का अलर्ट ( सोशल मीडिया)

Weather Update: दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण पूरे देश में अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से आज देश के 30 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में शनिवार को बारिश के बाद आज भी झमाझम बारिश होने की चेतावनी दी गई है। देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां दिख रही हैं और इसी कारण जोरदार बारिश की संभावना है।

देश के अन्य राज्यों के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय हो गया है। शनिवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश हुई और आज भी प्रदेश के 43 जिलों में झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुंबई, ढाणे और पालघर में भी 28 जून तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बार दिल्ली में मानसून पांच दिन पहले ही पहुंच गया है, वहीं मुंबई में दो हफ्ते की देरी से बारिश हुई है।

यूपी में मानसून की जोरदार दस्तक

उत्तर प्रदेश में शनिवार की शाम मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। मानसून की दस्तक के बाद लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, बाराबंकी, उन्नाव और सोनभद्र समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को जमकर बारिश हुई। बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत होने की खबर है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के 43 जिलों में झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रदेश के 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून के बादलों ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है और अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं।

बारिश के बाद तापमान में गिरावट

मौसम के जानकारों का कहना है कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय और बंगाल की खाड़ी में आए नए साइक्लोन की वजह से मानसून काफी तेजी से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ा। आमतौर पर मानसून 20 से 25 जून के भीतर प्रदेश में दस्तक देता है और इस हिसाब से मानसून प्रदेश में समय से पहुंचा है। मानसून की पहली बारिश के बाद लोगों का मन खिल उठा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। झमाझम बारिश के बाद प्रदेश के विभिन्न इलाकों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक आज उत्तराखंड और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दोनों प्रदेशों के विभिन्न इलाकों में आज भारी बारिश का कहर दिखेगा। झारखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

नार्थ ईस्ट में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के कई इलाकों में भी भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश,गंगीय पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मुंबई और दिल्ली में तेज बारिश

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शनिवार को भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में हुए जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मुंबई में आज भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। आईएमडी की ओर से मुंबई में अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में शनिवार को सुबह से ही बारिश का माहौल था मगर शाम को पांच बजे के बाद मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार की सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। बारिश से मौसम खुशगवार होने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार की शाम से ही बादल छाए हुए थे और कई इलाकों में बारिश भी हुई। राजधानी दिल्ली के साथ ही आसपास के इलाकों नोएडा और गाजियाबाद में भी झमाझम बारिश होने की खबर है। तेज बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव भी हो गया। राजधानी दिल्ली में बारिश का यह दौर अभी आगे भी कई दिनों तक बना रहेगा।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी तट, ओडिशा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा होने की आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत में भी कुछ तीव्र बारिश देखने को मिल सकती है।
पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के साथ-ही उत्तर पश्चिम भारत में भी अच्छी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, केरल, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story