×

Weather Update: उत्तर प्रदेश और बिहार में हीटवेव का तांडव, राजधानी दिल्ली में आंधी-तूफान की चेतावनी

Weather Update: मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज और कल बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने और छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। इससे अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। कुछ स्थानों पर ओले और बिजली भी गिरने की आशंका है।

Anshuman Tiwari
Published on: 19 April 2023 9:34 AM GMT (Updated on: 19 April 2023 10:13 AM GMT)
Weather Update: उत्तर प्रदेश और बिहार में हीटवेव का तांडव, राजधानी दिल्ली में आंधी-तूफान की चेतावनी
X
गर्मी की तपिश से बेहाल लखनवाइट्स (फोटो- आशुतोष त्रिपाठी)

Weather Update News: भीषण गर्मी और लू ने इन दिनों देश के बड़े हिस्से में कहर ढा रखा है। देश के बड़े हिस्से में मंगलवार को भी लोग भीषण गर्मी और लू से बेहाल रहे। कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश भी भीषण गर्मी से झुलस रहा है और सुबह से ही भीषण गर्मी के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मंगलवार को प्रयागराज और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा के साथ उत्तर भारत के बड़े हिस्से में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पश्चिमी हिमालय और आसपास के मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों को भी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है और इन इलाकों में भी छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।

दिल्ली में बदलेगा मौसम,यूपी में गर्मी का कहर
मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में आज और कल बादल छाए रहेंगे। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने और छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। इससे अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। कुछ स्थानों पर ओले और बिजली भी गिरने की आशंका है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में लगातार चौथे दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से झुलस रहा है। प्रयागराज और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। प्रदेश के कई जिले हीटवेव की चपेट में है और इस कारण सुबह से ही लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उत्तर प्रदेश में अभी आगे भी भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी गई है।

बिहार में भी ऑरेंज अलर्ट जारी
बिहार इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की ओर से राजधानी पटना, बांका, जमुई, नवादा, औरंगाबाद और सुपौल सहित राज्यों के कई जिलों में अगले दो दिनों के लिए भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बेगूसराय, नालंदा, गया, अरवल, रोहतास, बक्सर, खगड़िया और मुंगेर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और लू के कारण लोगों का दिन में काम करना मुश्किल हो गया है।

झारखंड में स्कूलों का समय बदला
झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप दिख रहा है। गर्मी और लू के कारण स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक केजी से कक्षा पांच तक की कक्षाएं अब सुबह सात बजे से ग्यारह बजे तक ही चलेंगी। कक्षा 6 और उसके ऊपर की कक्षाएं सुबह सात बजे से बारह बजे तक ही संचालित की जाएंगी। पूरे राज्य में यह व्यवस्था 19 अप्रैल से 25 मई तक लागू रहेगी।

कई और प्रदेशों में गर्मी और लू का प्रकोप
पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में पिछले छह दिनों से लू की स्थिति बनी हुई है। भीषण गर्मी के कारण राज्य सरकार की ओर से सभी स्कूल-कॉलेज 22 अप्रैल तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा और झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भी अगले दो दिनों के दौरान लू चलने की आशंका जताई गई है। उसके बाद मौसम में थोड़ी बहुत नरमी सकती है। 21 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इन इलाकों में होगी बारिश
स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान, जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन राज्यों के ऊपरी इलाकों में एक-दो जगहों पर बर्फबारी होने की भी संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तरी राजस्थान, असम, अरुणाचल प्रदेश और केरल में छिटपुट बारिश हो सकती है। विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश संभव है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story