×

WFI Elections 2023: बृजभूषण शरण सिंह ने नामांकन से पहले बुलाई बैठक, नजदीकी शख्स ने किया कन्फर्म, जगह का खुलासा नहीं

WFI Elections 2023: भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने 30 जुलाई को बैठक बुलाई है। डब्ल्यूएफआई के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर ने इसकी पुष्टि की।

Aman Kumar Singh
Published on: 28 July 2023 5:32 PM GMT (Updated on: 28 July 2023 5:36 PM GMT)
WFI Elections 2023: बृजभूषण शरण सिंह ने नामांकन से पहले बुलाई बैठक, नजदीकी शख्स ने किया कन्फर्म, जगह का खुलासा नहीं
X
बृजभूषण शरण सिंह (Social Media)

WFI Elections 2023: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के निवर्तमान अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने डब्ल्यूएफआई चुनावों (WFI Elections 2023) में अपनी समिति को नामित करने के लिए 30 जुलाई को एक मीटिंग बुलाई है। यह पैनल कुश्ती महासंघ के नए पदाधिकारियों का चुनाव लड़ेगा। बता दें, बृज भूषण शरण (Brij Bhushan Sharan) और उनके बेटे करण चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल का हिस्सा नहीं हैं। बीजेपी नेता के दामाद विशाल सिंह (Vishal Singh) चुनाव में बिहार के प्रतिनिधि हैं। माना जा रहा है कि शीर्ष पद के लिए उनकी दावेदारी मजबूत है।

WFI के निवर्तमान सहायक सचिव विनोद तोमर (Vinod Tomar) ने पुष्टि की है कि, बृज भूषण शरण सिंह ने रविवार (30 जुलाई) को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। हालांकि, बैठक के आयोजन स्थल के बारे में कोई जानकारी नहीं है। तोमर ने बताया कि, 'निवर्तमान अध्यक्ष ने 30 जुलाई को एक अहम बैठक बुलाई है। ये तय नहीं किया गया है कि बैठक कहां होगी।

बैठक का स्थान अभी तय नहीं हुआ है

विनोद तोमर ने बताया, 'बैठक में संभवतः वे सभी (राज्य निकाय पदाधिकारी) शामिल होंगे, जो उनका (बृजभूषण शरण सिंह) समर्थन करते हैं। विभिन्न राज्य संघों के अध्यक्ष और सचिव चुनाव के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा के लिए बैठक में आने की संभावना है। बैठक का स्थान अभी तय नहीं किया गया है।'

WFI का चुनाव 12 अगस्त को

भारतीय कुश्ती महासंघ का चुनाव 12 अगस्त को होगा। इसके लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई, 2023 है। यूपी के कैसरगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह इन दिनों यौन उत्पीड़न के कई आरोपों का सामना कर रहे हैं। वो चुनाव लड़ने के योग्य नहीं हैं। क्योंकि, उन्होंने पहले ही एक पदाधिकारी के रूप में 12 साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। ये समय राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुसार अधिकतम है। WFI के दैनिक मामलों का प्रबंधन वर्तमान में भारतीय ओलंपिक संघ (Indian Olympic Association) द्वारा गठित भूपेंदर सिंह बाजवा की अध्यक्षता वाली तदर्थ समिति द्वारा किया जा रहा है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story