×

Wrestlers Protest: 'बेटियों के साथ कोई गलत काम करे, तो उसे गिरफ्तार कर फांसी पर लटका देना चाहिए', बोले CM केजरीवाल

Wrestlers Protest : दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा, 'हमारे देश की किसी भी बेटी के साथ अगर गलत काम हो, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर फांसी पर लटका देना चाहिए।'

Aman Kumar Singh
Published on: 29 April 2023 4:54 PM GMT (Updated on: 29 April 2023 7:58 PM GMT)
Wrestlers Protest: बेटियों के साथ कोई गलत काम करे, तो उसे गिरफ्तार कर फांसी पर लटका देना चाहिए, बोले CM केजरीवाल
X
CM केजरीवाल पहलवानों के प्रदर्शन में (Social Media)

Kejriwal in Wrestlers Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों से मिलने शनिवार (29 अप्रैल) को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहुंचे। रेसलर्स के बीच पहुंचकर केजरीवाल ने भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। उसके बाद उन्होंने पहलवानों के समर्थन में बोलना शुरू किया। केजरीवाल ने कहा, 'हमारी बहनों के साथ दुर्व्यवहार किया, ऐसे शख्स को तुरंत सजा देकर फांसी पर लटका देना चाहिए।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पहलवानों के समर्थन में कहा, 'हमारे देश की किसी भी बेटी के के साथ अगर गलत काम हो, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर फांसी पर लटका देना चाहिए। मगर, ये दुख की बात है कि वो लड़कियां, जिन्होंने भारत का राम रोशन किया उनके साथ किसी आदमी ने गलत काम किया। उसके खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए जंतर-मंतर पर क्यों बैठना पड़ रहा है? ऐसी क्या दिक्कत आई?

'मोदी ऐसे व्यक्ति को बचाने की कोशिश क्यों कर रहे?'

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर कहा, 'जो भी युवा ओलंपिक खेलने का सपना देखता है, वो इनके साथ खड़ा है। पूरा देश इन खिलाड़ियों के समर्थन में खड़ा है। ये अकेले नहीं हैं। हम सब साथ हैं। उन्होंने कहा, जब से ये लड़कियां FIR दर्ज कराने के लिए संघर्ष कर रही हैं, मेरे मन में सवाल आ रहा है कि मोदी ऐसे व्यक्ति को बचाने की कोशिश क्यों कर रहे? किसानों के ऊपर इनके एक आदमी ने गाड़ी चढ़ा दी थी। उस पर भी कार्रवाई नहीं करते। मतलब, इनका आदमी कुछ भी करे, बेटियों के साथ दुर्व्यवहार भी करता है तब भी उसका बाल भी बांका नहीं हो सकता।'

प्रियंका गांधी भी पहुंचीं जंतर-मंतर

इससे पहले, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पहलवानों के धरने में शामिल हुईं। उन्होंने पहलवानों के साथ करीब एक घंटे बिताए। इस दौरान उनकी परेशानी सुनी। प्रियंका ने उन्हें सांत्वना दी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से सवाल भी पूछे। उन्होंने पूछा, केंद्र सरकार बृजभूषण सिंह को क्यों बचा रही है? साथ ही प्रियंका वाड्रा ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा। पहलवानों के धरने में 7वें दिन सुबह 7 बजकर 45 मिनट पर प्रियंका गांधी जंतर-मंतर पहुंचीं। महिला पहलवानों से बात करती रहीं। उन्होंने विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से बात कर उनका पक्ष जाना। बातचीत के दौरान विनेश भावुक दिखीं।

प्रियंका के सरकार से कई सवाल

पहलवानों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने पूछा, 'जो FIR दर्ज की गई, उसमें क्या है? इसे सभी के सामने क्यों नहीं लाया जा रहा? जब ये पहलवान पदक जीतते हैं, तो हम सभी ट्वीट करते हैं। उन पर गर्व करते हैं। लेकिन, जब आज ये सड़क पर बैठे हैं, तो इन्हें न्याय क्यों नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा, ये सभी महिला पहलवानों ने ये मुकाम हासिल करने के लिए काफी संघर्ष किया है। मैं ये नहीं समझ पा रही हूं कि सरकार आरोपी बृजभूषण सिंह को क्यों बचा रही?


बृजभूषण शरण सिंह ने बताया, क्यों हो रहा प्रदर्शन

बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों के विरोध-प्रदर्शन के बीच बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि, आखिर पहलवान किस चीज़ और किस नियम को लेकर विरोध कर रहे हैं। मीडिया को बृजभूषण ने बताया कि, पहले हमारे देश में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के अलग नियम थे। उन्होंने बताया, 'पहले हमारे देश में ओलंपिक के लिए कोई कोटा लेकर आया करता था। उस वक़्त हमारे यहां नियम था कि जो खिलाड़ी कोटा लेकर आएगा, वही खेलने जाएगा। उन्होंने कहा, 'आपको याद दिला दें नरसिंह यादव (Narsingh Yadav) वर्ल्ड चैंपियनशिप के माध्यम के ओलंपिक में क्वालीफाई किए थे। सुशील कुमार (Sushil Kumar) जिनके पास डबल मेडल थे, उन्होंने मांग की थी कि इनका ट्रायल कराया जाए। लेकिन, उस वक़्त हमारे नियम के तहत जो क्वालीफाई करके आया है, वही जाएगा। इसके बाद विवाद हुआ। तब सुशील कुमार और नरसिंह यादव का ट्रायल नहीं हो पाया।'

पुलिस के साए में रहेंगी महिला पहलवान

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के चीफ बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला पहलवानों को दिल्ली पुलिस सुरक्षा मुहैया कराएगी। बृजभूषण सिंह के खिलाफ एक नाबालिग समेत कुल सात खिलाड़ियों ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस जल्द पीड़ितों के बयान दर्ज करने वाली है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story