×

karnataka elections 2023: 'भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी घबरा गई है', कर्नाटक के हुबली में बोलीं सोनिया गांधी

karnataka elections 2023: कर्नाटक में सोनिया गांधी बोलीं, बीजेपी नेता खुलेआम धमकी देते हैं। पिछली बार बीजेपी ने राज्य में डकैती से सत्ता हथिया ली थी। उन्होंने भरोसा जताया, कि कर्नाटक की जनता ने हमारा हमेशा साथ दिया है।

Aman Kumar Singh
Published on: 6 May 2023 8:05 PM GMT (Updated on: 6 May 2023 8:23 PM GMT)
karnataka elections 2023: भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी घबरा गई है, कर्नाटक के हुबली में बोलीं सोनिया गांधी
X
सोनिया गांधी (social media )

karnataka elections 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भी पूरी ताकत लगा दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली सांसद सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) भी शनिवार (06 मई) को चुनाव प्रचार के लिए पहुंची। उन्होंने अपने संबोधन में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। सोनिया ने साफ तौर पर कहा कि, देश में झूठ, नफरत और अहंकार का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि, कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' (Bharat Jodo Yatra) से भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह घबरा गई है।

सोनिया गांधी ने आगे कहा, 'हालात ये है कि बीजेपी नेता खुलेआम धमकी देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा ने राज्य (कर्नाटक) में डकैती से सत्ता हथिया ली थी। क्या ऐसे लोकतंत्र चल सकता है? कांग्रेस नेता ने साफ-साफ कहा कि कर्नाटक की जनता ने हमारा हमेशा साथ दिया है।'

सोनिया गांधी- कर्नाटक के लोगों ने हमें गौरवान्वित किया

सोनिया गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत में ही कहा, 'इतनी दूर से आने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करती हूं। मुझे विश्वास है कि बदलाव होगा। यह बहुत जल्द होगा। प्रदेश के सभी लोगों ने कड़ी मेहनत कर कई क्षेत्रों में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा, कर्नाटक के लोगों ने हम सभी को बहुत गौरवान्वित किया। ये भी गर्व की बात है कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं, जो यहीं के हैं।'

सोनिया गांधी- डकैती बीजेपी का काम है

कांग्रेस सांसद ने कहा, 'चिक्कमंगलुरु के लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी का भी समर्थन किया था। जब मैं पहली बार चुनाव लड़ी तो बेल्लारी के लोगों ने मेरा साथ दिया। बीजेपी पर निषाना साधते हुए उन्होंने कहा, नफरत फैलाने वाली ये सरकार, हमें इनसे लड़ना है। सोनिया आगे कहती हैं, हजारों लोगों ने राहुल गांधी का समर्थन किया। वे उनके साथ चल पड़े। दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी डर गई है। डकैती बीजेपी का काम है। 2019 में आपने उन्हें सरकार नहीं बनाने दी, लेकिन उन्होंने डकैती की और सरकार बनाई।'

'कर्नाटक और देश के लोगों के साथ मत खेलो'

सोनिया गांधी (Sonia Gandhi Attacks BJP) ने संबोधन में आगे कहा, 'कर्नाटक के लोग आपको दिखाएंगे कि वे किस चीज से बने हैं। आज इन लोगों को ये बताने का समय आ गया है कि वे कड़ी मेहनत को नजरअंदाज नहीं कर सकते। वे नंदिनी दूध (Nandini Milk) में भी डकैती कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी को चेतावनी भरे लहजे में कहा, 'कर्नाटक और देश के लोगों के साथ मत खेलो। अपने फायदे के लिए हमें खत्म मत करो। लोगों से आह्वान किया, आपको आज शपथ लेनी होगी। आप किसका समर्थन करेंगे? हमें कर्नाटक को कमीशन और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है। आप किस पर भरोसा करेंगे?'

सोनिया ने दिलाई पुराने दिनों की याद

गौरतलब है कि, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा। उससे पहले कांग्रेस नेताओं ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 06 मई को हुबली पहुंचीं। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी (Congress MP Adhir Ranjan Chowdhury) सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। ज्ञात हो कि, कर्नाटक से नेहरू-गांधी परिवार का पुराना नाता रहा है। अपने भाषण में सोनिया ने सभा में मौजूद लोगों को उन्हीं दिनों की याद दिलाई और अपने पक्ष में वोट मांगे।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story