×

Heat Rashes: गर्मियों में होने वाली घमौरियों से ऐसे पाएं तुरंत छुटकारा, आजमाएँ ये आसान से घरेलू उपाय

Heat Rashes: अगर आप घमौरियों से निजात पाना चाहते हैं तो कुछ घरेलू नुस्खे आपकी मदद कर सकते हैं। आइये जानते हैं क्या हैं ये घरेलू नुस्खे।

Shweta Shrivastava
Published on: 7 Jun 2023 9:53 PM GMT (Updated on: 7 Jun 2023 9:53 PM GMT)
Heat Rashes: गर्मियों में होने वाली घमौरियों से ऐसे पाएं तुरंत छुटकारा, आजमाएँ ये आसान से घरेलू उपाय
X
Heat Rashes (Image Credit-Social Media)

Heat Rashes: गर्मियां अपने साथ कई तरह की समस्याएं और परेशानिया भी लेकर आती है। वहीँ बेहद गर्म मौसम में, लोग अक्सर त्वचा की विभिन्न समस्याओं का अनुभव करते हैं, जिनमें से सबसे आम घमौरियां या पसीने से होने वाले लाल चकत्ते हैं। ये काफी परेशान करने वाली हो सकती हैं। जो शरीर के विभिन्न हिस्सों जैसे गर्दन, पीठ, कमर, छाती और कभी-कभी चेहरे पर भी छोटे लाल चकत्ते के रूप में प्रकट होता है। इससे खुजली और जलन होती है। आज हम आपके लिए इनसे बचने के कुछ घरेलू उपाय लेकर आये हैं।

घमौरियों से छुटकारा पाने के घरेलू उपाय

अत्यधिक पसीना और अस्वच्छता घमौरियों के विकास में योगदान करते हैं। इन चकत्तों का उच्च आर्द्रता वाले क्षेत्रों में होने की अधिक संभावना होती है, जहां अधिक पसीना आता है। हालांकि, घमौरियां आमतौर पर गंभीर नहीं होती हैं और कुछ ही दिनों में अपने आप चली जाती हैं। कुछ लोग इनसे बचाव के लिए ऐंटिफंगल और एंटीसेप्टिक पाउडर का इस्तेमाल भी करते हैं। अगर आप घमौरियों से निजात पाना चाहते हैं तो कुछ घरेलू नुस्खे आपकी मदद कर सकते हैं। आइये जानते हैं क्या हैं ये घरेलू नुस्खे।

1. मुल्तानी मिट्टी: घमौरियों से छुटकारा पाने के लिए एक लोकप्रिय उपाय मुल्तानी मिट्टी है। इसका इस्तेमाल करने के लिए 1 बड़ा चम्मच मुल्तानी मिट्टी में 1 बड़ा चम्मच गुलाब जल मिलाएं और इस पेस्ट को प्रभावित क्षेत्रों पर लगाएं। मुल्तानी मिट्टी में कूलिंग इफेक्ट होता है जो जलन और खुजली को कम करता है और इसके रोगाणुरोधी गुण फंगल संक्रमण और बैक्टीरिया के कारण होने वाली त्वचा की समस्याओं को रोकने में मदद करते हैं।

2. एलोवेरा: एक अन्य उपाय है जो घमौरियों के लिए काफी एफ्फेक्टिव माना जाता है वो है एलोवेरा जेल, जिसे एलोवेरा के पौधे से निकाला जा सकता है। जेल को प्रभावित क्षेत्रों पर लगाएं और 30 मिनट के लिए छोड़ दें। जेल अपने सुखदायक और नरम गुणों के लिए जाना जाता है। आप इसे सोने से पहले भी लगा सकते हैं और सुबह ठंडे पानी से धो सकते हैं। नियमित रूप से एलोवेरा जेल लगाने से घमौरियों को कम करने में मदद मिल सकती है।

3. बर्फ : घमौरियों को ख़त्म करने का एक कारगर उपाय जो बरसों से अपनाया जाता रहा है वो है बर्फ के टुकड़े का उपयोग करना जो एक सरल लेकिन प्रभावी उपाय है। एक कपड़े में 5-6 बर्फ के टुकड़े लपेटकर प्रभावित जगह पर बर्फ का पैक लगाएं। ये धीरे-धीरे घमौरियों से जुड़ी जलन, खुजली और लालिमा से राहत दिलाएगा। इसके अलावा आजकल कूलिंग पैक भी आता है इससे भी आप घमौरियों से छुटकारा पा सकते हैं।

4. नीम: नीम की पत्तियां एक और प्राकृतिक उपाय है। नीम की 15-20 पत्तियों को आधा लीटर पानी में उबालें, पानी को ठंडा होने दें और प्रभावित त्वचा को साफ करने के लिए इसका इस्तेमाल करें। नीम में ऐसे गुण होते हैं जो घमौरियों के कारण होने वाली जलन और खुजली को कम करने में मदद करते हैं।

5. दही : दही त्वचा के लिए कई लाभों के साथ आसानी से उपलब्ध उपाय है। दही को अच्छी तरह मिलाकर प्रभावित जगह पर लगाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें और फिर ठंडे पानी से धो लें। दही के जीवाणुरोधी गुण बैक्टीरिया को खत्म करने और घमौरियों को कम करने में मदद करते हैं।

Shweta Shrivastava

Shweta Shrivastava

Next Story