UP Politics: प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भड़के अखिलेश यादव, कही ये बड़ी बात

UP Politics: सपा प्रमुख अखिलेश यादव नें कहा कि मैनपुरी के घिरोर में सीएचसी में बच्ची को लेकर 2 घंटे मां भटकती रही फिर भी उसे इलाज नहीं मिला।

Anant Shukla
Published on: 6 Sep 2023 1:31 PM GMT (Updated on: 6 Sep 2023 1:15 PM GMT)
UP Politics: प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भड़के अखिलेश यादव, कही ये बड़ी बात
X
Akhilesh Yadav (PHOTO: social media )

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। डेंगू का प्रकोप भी बढ़ रहा है। भाजपा सरकार दावे तो बड़े-बड़े करती हैं लेकिन हकीकत में अस्पतालों में न डाक्टर हैं और नहीं दवाएं है। मरीजों का कोई पुरसाहाल नहीं रहा है। बता दें कि चिकित्सा मंत्री ब्रजेश पाठक लगातार अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं लेकिन उसका कोई प्रभाव नहीं दिख रहा।

लखनऊ में लगातार बढ़ रहे डेंगू मरीजों की संख्या

अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ शहर में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। चंदरनगर में छह पुरूष चार महिलाएं, इन्दिरानगर में दो महिला एक पुरूष, अलीगंज में तीन महिलाएं, हजरतगंज में एक पुरूष और एक महिला डेंगू पीड़ित पाए गए। शनिवार को 15 नए मरीजों के डेंगू ग्रस्त होने की खब़र मिली। जबकि रविवार को 18 नए मरीज डेंगू के मिले। उन्होंने कहा कि डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बावजूद अभी शहर में दवा के छिड़काव की कोई सुचारू व्यवस्था नहीं हो पाई है। अस्पतालों में आम मरीजों के साथ ही डेंगू मरीजों को भी उपचार के लिए लाइन में लगना पड़ता है।

अस्पतालों में नहीं है व्यवस्था-अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव नें कहा कि मैनपुरी के घिरोर में सीएचसी में बच्ची को लेकर 2 घंटे मां भटकती रही फिर भी उसे इलाज नहीं मिला। शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में मरीजों को बेड नहीं मिल रहे है। फर्श पर लिटाकर मरीजों का इलाज हो रहा है। कानपुर में स्ट्रेचर न मिलने पर गर्भवती पत्नी को गोद में लेकर पति इमरजेंसी पहुंचा। यहां डफरिन अस्पताल में स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हुआ। ओपीडी से चार डाक्टर और सात कर्मचारी गायब पाए गए। कहीं बेड का संकट तो कहीं ऑक्सीजन की दिक्कत। गोंडा में गंभीर हालत में आए युवक को लखनऊ मेडिकल कालेज के ट्रामासेंटर में वेंटिलेटर के लिए 4 घंटे तक भटकने के बाद मरीज की मौत हो गई। ट्रामासेंटर में एक मरीज को मिर्गी का दौरा पड़ा तो स्ट्रेचर की जगह उसे घसीटते हुए साथी ले गए। जौनपुर के मछलीशहर के कायस्थाना मुहल्ला निवासी को जब एम्बूलेंस नहीं मिला तो उसे ठेले पर लादकर अस्पताल ले गए।

Anant Shukla

Anant Shukla

Next Story