×

Jhansi News: अवैध खनन के विवाद में फायरिंग, एक घायल

Jhansi News: अवैध खनन माफियाओं ने घाट का ठेका लेने वाले कंपनी के कर्मचारियों पर उस समय गोलीबारी कर दी, जब वह लोग जेसीबी लेकर उस रास्ते पर गड्ढा करने गए थे।

B.K Kushwaha
Published on: 5 April 2023 10:10 PM GMT
Jhansi News: अवैध खनन के विवाद में फायरिंग, एक घायल
X
झांसी में अवैध खनन के विवाद में फायरिंग- (Photo- Newstrack)

Jhansi News: अवैध खनन माफियाओं ने घाट का ठेका लेने वाले कंपनी के कर्मचारियों पर उस समय गोलीबारी कर दी, जब वह लोग जेसीबी लेकर उस रास्ते पर गड्ढा करने गए थे। गोली लगने से एक कर्मचारी घायल हो गया। यही नहीं, आरोप है कि बदमाशों ने सत्तादल के नेता के इशारे पर जेसीबी में भी जमकर तोड़फोड़ की। वहीं घायल को उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया।

राजस्थान के जयपुर की कंपनी शिवा कॉपरेशन प्राइवेट लिमिटेड ने टेहरका घाट के बालू का ठेका लिया है। कंपनी के मैनेजर धर्मवीर ने बताया कि एनओसी नहीं मिलने के कारण बालू का काम बंद है। आसपास के दबंग लोग अवैध तरीके से बालू का खनन रहे थे। अवैध खनन रोकने के लिए करीब सात दिन पहले शमशेरापुरा-टेहरका घाट का कच्चा रास्ता गड्‌ढा खोदकर बंद किया गया था।

लेकिन माफियाओं ने गड्‌ढा भरकर रास्ता खोल लिया और फिर से खनन करने लगे। इसकी जानकारी लगते ही कंपनी का नीरज शुक्ला और अशोक गड्ढा करने के लिए गए थे। जेसीबी से जैसे ही काम शुरू किया, तभी बाइकों से एक दर्जन लोग आए और आते ही फायरिंग की। नीरज और अशोक बच गए। इसी बीच बांदा के नरैनी निवासी मुहिद जेसीबी से उतरकर भागने लगा तो हाथ में गोली के छर्रे लग गए और वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने जेसीबी में तोड़फोड़ की। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व कंपनी के अधिकारी वहां पहुंच गए। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया।

जमकर किया जा रहा है बालू का अवैध भंडारण, अधिकारी बने तमाशबीन

टहरौली कस्बा के झाँसी गुरसरांय सड़क पर एवं टहरौली बिजना सड़क पर जगह- जगह बालू एवं गिट्टी के ढेर लगे हुये हैं। इस सड़क के किनारे सरकारी जमीन पर बालू विक्रेताओं ने कब्जा कर रखा है। सड़क के किनारे खाली पड़ी सरकारी जमीन पर बालू के ढेर लगे हुये हैं। विवाद और झगड़े के डर से कोई इसका खुलकर विरोध नहीं करता। कहते हैं कि सब कुछ जानने व समझने के बावजूद टहरौली के जिम्मेदार अधिकारी आंख बंद किए हुए हैं।

अधिकारियों व कर्मचारियों की अनदेखी से बालू कारोबारियों के हौसले और भी बुलंद हैं। मुख्य सड़कों के आसपास डंपिंग प्वाइंट बना लेने से लोगों को आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। दबी जुबान लोग कहते हैं कि ग्राहकों के घर बालू और गिट्टी पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली रोड पर लगा कर इन स्थानों पर लोडिंग की जाती है। इससे जाम की स्थिति भी बन जाती है। रोड पर बालू माफियाओं के ट्रैक्टर ट्रॉलियों के खड़े होने से पब्लिक को आवागमन में परेशानी होती है।

ये कहते हैं अधिकारी

उपजिलाधिकारी टहरौली श्वेता साहू ने कहा कि बालू का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। बिना रॉयल्टी की बालू से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली एवं ट्रक पकड़े जाने पर उनको बन्द करके नियमानुसार एक्शन होगा। बालू का अवैध भंडारण कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

B.K Kushwaha

B.K Kushwaha

Next Story