×

सत्ताधारियों और अपराधियों की मिलीभगत का खामियाजा है कानपुर मुठभेड़ कांड: अखिलेश

अखिलेश ने सवाल किया कि आखिर इतना जघन्य काण्ड करने की बदमाशों की हिम्मत कैसे पड़ गई? उन्होंने कहा कि यह सब ‘ठोकों नीति‘ का ही परिणाम है

Newstrack
Published on: 3 July 2020 6:09 PM GMT
सत्ताधारियों और अपराधियों की मिलीभगत का खामियाजा है कानपुर मुठभेड़ कांड: अखिलेश
X

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि कानपुर मुठभेड़ मामले में यूपी सरकार अपनी पोलपट्टी खुलने के डर से आनन-फानन में मुख्य अपराधी को न पकड़कर छोटी-मोटी मुठभेड़ दिखाने का नाटक करवा रही है। इससे पुलिस कर्मियों का मनोबल और गिरेगा। अपराधियों को जिन्दा पकड़ कर वर्तमान सत्ता का भंडाफोड़ होना चाहिए।

8 पुलिसकर्मियों का मारे जाना भाजपा सरकार की ऐतिहासिक नाकामी- अखिलेश

सपा मुखिया ने कहा कि कानपुर मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मियों के मारे जाने को भाजपा सरकार की ऐतिहासिक नाकामी करार देते हुए इसे सत्ताधारियों और अपराधियों की मिली भगत का खामियाजा बताया है। उन्होंने कहा कि इस मिलीभगत का खामियाजा कर्तव्यनिष्ठ पुलिस कर्मियों को भुगतना पड़ा है। उन्होंने कानपुर में कुख्यात अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम के 8 वीरों की शहादत पर श्रद्धांजलि देते हुए संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार से शहीद पुलिस कर्मियों को एक-एक करोड़ तथा घायलों को 50-50 लाख रुपए देने की मांग की है। सपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा राज में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। बेलगाम अपराधियों ने नृशंस हत्या ही नहीं की मृत पुलिस कर्मियों के असलहे भी लूट ले गए।

ये भी पढ़ें- कानपुर एनकाउंटर के आरोपियों के पास सिर्फ 48 घंटे, फिर होगा ऐसा

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब तो इस सच्चाई को स्वीकार करे कि उत्तर प्रदेश में माफियाओं की समानांतर सरकार चल रही है। राज्य में अपराधिक अवांछित तत्वों का साम्राज्य कायम हो चुका है। अखिलेश ने सवाल किया कि आखिर इतना जघन्य काण्ड करने की बदमाशों की हिम्मत कैसे पड़ गई? उन्होंने कहा कि यह सब ‘ठोकों नीति‘ का ही परिणाम है कि अपराधी पुलिस को ठोकने का दुस्साहसपूर्ण कृत्य करने में आगा-पीछा नहीं सोचते हैं। सपा मुखिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जब-तब दावा करते रहे हैं कि उनके राज में अपराधी या तो जेल भेजे गए या प्रदेश के बाहर चले गए। विकास दुबे दुर्दान्त हिस्ट्रीशीटर है, उस पर 25 हजार रुपए का इनाम था। 20 साल पहले उसने थाने में घुसकर हत्याएं की थीं। राज्य सरकार के बताये कि इसके बावजूद वह कैसे रह रहा था?

भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बना दिया हत्या प्रदेश- सपा प्रमुख

अखिलेश ने कहा कि दरअसल, भाजपा नेतृत्व की अहंकारी भाषा ने उत्तर प्रदेश को डुबो दिया है। पूरा राज्य डरा-सहमा हुआ है। कानून के राज्य की क्या यही परिभाषा है? जब अपराधी बेखौफ होकर जेल से भी अपना कारोबार चला रहे हैं तो फिर जनता की रक्षा कौन करेगा? क्या प्रदेश में कानून व्यवस्था संविधान के अनुसार कायम है? कानपुर की घटना ने तो प्रदेश के रामराज्य और कानून की धज्जियां उड़ा दी है। यह पूरी व्यवस्था के लिए खुली चुनौती है। उन्होंने कहा कि कानपुर की एक अकेली घटना नहीं।

ये भी पढ़ें- NEET-JEE 2020 की परीक्षा पर ऐलान, सरकार ने बताईं एग्जाम की नई तारीखें

राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र में एक मजदूर की कूच-कूच कर हत्या कर दी गई, लखनऊ के ही गोमतीनगर विस्तार में एक अवकाश प्राप्त डीआइजी के घर में घुसे युवक की थाना में मौत हो गई। उसके फांसी लगाने की कहानी बताई गई। प्रयागराज में 4 हत्याएं, अमरोहा में युवक की गोली मारकर हत्या, गाजियाबाद के साहिबाबाद में पिता और आठ साल की बच्ची की हत्या हुई और महोबा में पैरौल पर आए कैदी की हत्या हुई। सोनभद्र में निषादों की हत्या की गई। इन हत्याओं से प्रदेश थर्राया है। भाजपा ने अपने काले कारनामों से उत्तर प्रदेश को हत्या प्रदेश बना दिया है।

सपा ने की शहीदों के परिवारों को 1-1 करोड़ और घायलों को 50-50 लाख देने की मांग

इधर, कानपुर नगर में अपराधियों से मुठभेड़ में शहीद 8 पुलिस जवानों को सपा की सभी जिला इकाइयों ने श्रद्धांजलि दी और अधिकारियों को ज्ञापन देकर शहीदों के परिवारों को एक-एक करोड़ तथा घायलों को पचास-पचास लाख रुपये तत्काल देने की मांग की। सपा कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा की ओर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की। राजधानी लखनऊ में हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर कानपुर काण्ड में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि देने सपा कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस बल पर अपराधियों द्वारा किए गए हमले की निदा की और शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

ये भी पढ़ें- UP की आर्थिक स्थिति पर कोरोना का कहर, तीन महीने में सिर्फ इतना मिला राजस्व

कार्यकर्ताओं ने अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी किए जाने की मांग की। जब कार्यकर्ता श्रद्धांजलि दे रहे थे तब पुलिस बल ने उन्हें रोका और बल प्रयोग किया। पुलिस ने इसके बाद कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सपा के रविदास मेहरोत्रा पूर्वमंत्री, जयसिंह जयंत जिलाध्यक्ष, सुशील दीक्षित नगर अध्यक्ष, विजय सिंह यादव, अनीस राजा, सौरभ यादव, ताराचंद्र, इन्दल रावत, शैलेन्द्र सिंह पार्षद, देवेन्द्र सिंह जीतू पार्षद, नवीन धवन बंटी, दीपक रंजन, शब्बीर खान और पूजा शुक्ला को गिरफ्तार किया।

Newstrack

Newstrack

Next Story