×

Meerut News: पौधों की निकलेगी बारात, पौधरोपण कार्य को एक उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कल वन विभाग द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर पौधों की बारात निकालने की तैयारी है।

Sushil Kumar
Published on: 17 July 2023 2:45 PM GMT
Meerut News: पौधों की निकलेगी बारात, पौधरोपण कार्य को एक उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी
X
पौधरोपण कार्य को एक उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी: Photo- Newstrack

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कल वन विभाग द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर पौधों की बारात निकालने की तैयारी है। इस बावत जानकारी देते हुए जिला वन अधिकारी मेरठ राजेश कुमार ने बताया कि 22 जुलाई को मेरठ जिले में पौधरोपण अभियान के तहत 28 लाख पौधे रोपे जाएंगे।

शासन के आदेश पर हर विभाग के कर्मचारियों को लगाना होगा पौधा

जिला वन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विभाग के कर्मचारियों को इस बार पौधा रोपना होगा। इसके लिए शासन स्तर से आदेश जारी किया गया है। नगर निगम के साथ ही नगर पंचायत और नगर पालिका में भी चेयरमैन और पार्षदों के साथ मिलकर पौधरोपण होगा। जिलेभर में किसान सम्मान निधि के चयनित किसानों के जरिए भी पौधरोपण कराया जाएगा। जिला वन अधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस वर्ष वृक्षारोपण कार्य को एक उत्सव के रूप में मनाया जाना है।

22 जुलाई को सभी कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश

जिला वन अधिकारी ने आगे बताया कि 22 जुलाई को सभी सरकारी कार्यालयों में वृक्षारोपण कार्य हेतु आधे दिन का अवकाश रहेगा। सभी कार्मिक इस दिन जहां भी उनकी तैनाती हो, उस दिन पौधारोपण अवश्य करेगें। जिला वन अधिकारी मेरठ राजेश कुमार के अनुसार प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, मेरठ द्वारा प्रभागीय मुख्यालय पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना कर दी गयी है, जो 24 घंटे लगातार क्रियाशील रहेगा। प्रभागीय कार्यालय के कार्मिकों को संबंधित कार्यदायी विभागों का आवंटन कर उनके नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किये जाने हेतु निर्देश निर्गत किये जा चुके हैं। कृषि वानिकी के क्षेत्र में वनीकरण को बढ़ावा देने के लिए मिलिया डुबिया (मालाबार नीम) का वृहद प्रचार प्रसार किया गया है। इस हेतु किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत उप निदेशक, कृषि को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

कई तरह की वाटिकाएं बनाई जाएंगी

जिला वन अधिकारी के अनुसार विगत वर्षों में वृक्षारोपण कार्य में जनपद के केवल 28 विभाग सम्मिलित थे, परन्तु इस वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के अन्य समस्त 59 विभागों, जो वृक्षारोपण कार्य से नहीं जुडे हुए थे, को भी सम्मिलित करते हुए वृक्षारोपण कार्यों में उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित की गयी है। प्रभागीय निदेशक, मेरठ द्वारा वर्ष 2023 वृक्षारोपण में सभी धर्मों एंव समाज के लोगों को इससे जुड़ने हेतु अधिक से अधिक सर्व धर्म वाटिकाऐं स्थापित किये जाने के सम्बन्ध में भी अवगत कराया गया। जिसमें पंचवटी, नक्षत्र वाटिका, कुरान वाटिका, तीर्थंकर वाटिका, बुद्ध वाटिका, हरिशंकरी वाटिका की स्थापनाएं भी की जायेंगी।

Sushil Kumar

Sushil Kumar

Next Story