×

Pervez Musharraf on MS Dhoni: धोनी की जुल्फों के दीवाने हो गए थे मुशर्रफ, हेयर कट न कराने की दी थी सलाह

Pervez Musharraf Death: राष्ट्रपति के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान टीम इंडिया ने पाकिस्तान का दौरा किया था। इस दौरान एक मैच के बाद परवेज मुशर्रफ की पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात हुई तो धोनी से मुलाकात के दौरान मुशर्रफ ने उनके बालों की तारीफ करते हुए उन्हें बाल न कटाने की सलाह दी थी।

Anshuman Tiwari
Published on: 5 Feb 2023 9:21 AM GMT (Updated on: 5 Feb 2023 9:55 AM GMT)
Pervez Musharraf and MS Dhoni
X

Pervez Musharraf and MS Dhoni(Photo: Social Media)

Pervez Musharraf Death: पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ का लंबी बीमारी के बाद आज दुबई में निधन हो गया। तख्तापलट के जरिए पाकिस्तान की सत्ता पर काबिज होने वाले मुशर्रफ क्रिकेट के बहुत बड़े फैन थे। राष्ट्रपति के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान टीम इंडिया ने पाकिस्तान का दौरा किया था। इस दौरान एक मैच के बाद परवेज मुशर्रफ की टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से भी मुलाकात हुई थी। धोनी से मुलाकात के दौरान मुशर्रफ ने उनके बालों की तारीफ करते हुए उन्हें बाल न कटाने की सलाह दी थी।

टीम इंडिया का यादगार पाकिस्तान दौरा

मुशर्रफ के कार्यकाल के दौरान टीम इंडिया ने दो बार पाकिस्तान का दौरा किया था। 1997-98 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने 2003-04 में पाकिस्तान का दौरा किया था। इस दौरे के समय टीम इंडिया ने पाकिस्तान में पांच वनडे और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली थी। इस दौरे के बाद 2005-06 में भी टीम इंडिया ने पाकिस्तान का दौरा किया था।

ये भी पढ़ें: जिस नवाज ने कुर्सी पर बैठाया उसी का पलटा तख्ता, जानें तानाशाह मुशर्रफ का अर्श से फर्श तक का सफर

इस दौरे के समय भारतीय टीम में महेंद्र सिंह धोनी भी शामिल थे। रांची जैसे शहर से निकलकर उन्होंने टीम इंडिया में अपनी प्रतिभा के दम पर जगह बनाई थी। माही के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी का हेयर स्टाइल भी हमेशा चर्चा का विषय रहा है। पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ भी उनके बालों के दीवाने थे।

मुशर्रफ ने दी थी धोनी को सलाह

2006 में लाहौर में खेले गए एक मुकाबले के बाद मुशर्रफ की धोनी से मुलाकात हुई थी। पाकिस्तान टीम के खिलाफ इस मैच के दौरान धोनी ने शानदार बल्लेबाजी की थी और 42 गेंदों पर 72 रन बना डाले थे। धोनी की शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरानमुशर्रफ और धोनीका आमना-सामना हुआ।

ये भी पढ़ें: जब दाऊद का नाम सुनकर उड़ा मुशर्रफ के चेहरे का रंग,जानिए क्यों फेल हुई थी अटल के साथ आगरा शिखर बैठक

धोनी को पुरस्कार देने के बाद मुशर्रफ ने उनके बालों की जमकर तारीफ की थी। मुशर्रफ ने धोनी से कहा था कि मैच के दौरान मैंने मैदान में कई प्ले कार्ड देखे जिसमें धोनी को बाल कटाने की सलाह दी गई थी मगर मेरा मानना है कि उन्हें बाल नहीं कटाने चाहिए। मुशर्रफ ने धोनी से कहा था कि आप मेरी राय मानो तो बाल मत कटाओ क्योंकि आप बड़े बालों में ज्यादा अच्छे लगते हो।

गांगुली ने मुशर्रफ को दिया था मजेदार जवाब

बाद में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी एक मजेदार घटना का जिक्र किया था। गांगुली का कहना था कि मुशर्रफ ने उनसे पूछा था कि आखिरकार धोनी को कहां से खोज कर लाए हो। इस पर मैंने उन्हें मजेदार जवाब देते हुए कहा था कि धोनी वाघा बॉर्डर पर वॉक कर रहा था और हम उसे वहीं से खींच लाए हैं।

ये भी पढ़ें: परवेज़ मुशर्रफ और दिल्ली की नहर वाली हवेली, जिसके लिए लड़ा युद्ध

सौरव गांगुली की कप्तानी में धोनी ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। बाद के दिनों में उन्होंने कई शानदार पारियां खेलकर टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की कर ली। उन्हें 2007 में भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया था और उनकी कप्तानी में ही भारत ने विश्व कप जीतने के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़ी कामयाबियां हासिल की थीं।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story