Congress Strategy: मध्य प्रदेश में कांग्रेस का मोर्चा संभालेंगी प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में राहुल कैंपेन लीड करेंगे

Congress Strategy: मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की मुख्य रूप से जिम्मेदारी प्रियंका गांधी के कंधों पर होगी। 40 जनसभाओं और रैलियां की रणनीति तैयार की गई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-09-07 13:39 GMT

प्रियंका गांधी- राहुल गांधी: Photo- Social Media

Congress Strategy: मध्य प्रदेश,राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने अभियान का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। इन तीनों राज्यों में कांग्रेस के चुनाव प्रचार में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की ही मुख्य भूमिका होगी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की मुख्य रूप से जिम्मेदारी प्रियंका गांधी के कंधों पर होगी। मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी की 40 जनसभाओं और रैलियां की रणनीति तैयार की गई है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद प्रियंका मध्य प्रदेश में काफी सक्रिय दिखेंगी।

दूसरी ओर राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से राहुल गांधी के कंधों पर होगी। इन दोनों राज्यों में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की अगुवाई राहुल गांधी ही करेंगे। यह भी रणनीति तैयार की गई है कि मध्य प्रदेश की कुछ रेलिया में प्रियंका के साथ राहुल भी हिस्सा लेंगे तो छत्तीसगढ़ और राजस्थान में प्रियंका गांधी भी प्रचार अभियान में राहुल को मदद करेंगी।

तीन राज्यों के चुनाव कांग्रेस के लिए क्यों अहम

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। इनमें से दो राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को गिराकर सत्ता पर कब्जा कर लिया था।

ऐसे में कांग्रेस दो राज्यों में अपनी सरकारों में बचाने के साथ मध्य प्रदेश में भाजपा के हाथों अपने अपमान का बदला लेने की कोशिश में जुटी हुई है। हालांकि अभी तक चुनाव आयोग ने इन तीनों राज्यों में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान नहीं किया है मगर कांग्रेस के चुनाव रणनीतिकारों ने तीनों राज्यों में प्रचार अभियान का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है।

चुनाव के ऐलान के साथ ही शुरू हो जाएंगे दौरे

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि चुनाव प्रचार की घोषणा के साथ ही मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी के दौरे शुरू हो जाएंगे। प्रियंका गांधी की रैलियां का ऐसा कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है कि वे हर दूसरे-तीसरे दिन मध्य प्रदेश में अपनी सभाओं के जरिए भाजपा पर हमला बोलेंगी। एक दिन में उनकी दो से तीन सभाओं का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।

वैसे चुनाव के ऐलान से पहले ही प्रियंका मध्य प्रदेश में सक्रिय दिखाई दे रही हैं। पिछले दिनों उन्होंने जबलपुर और ग्वालियर में चुनावी सभाएं की थीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की ओर से कई गारंटियों का ऐलान करते हुए मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने शिवराज सरकार पर 50 फ़ीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला था।

कांग्रेस को महिलाओं के समर्थन की उम्मीद

मध्य प्रदेश के चुनावी अखाड़े में प्रियंका गांधी के उतरने से कांग्रेस को महिलाओं का समर्थन मिलने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता के के मिश्रा का कहना है कि महिलाओं और युवतियों के बीच प्रियंका गांधी का एक अलग आकर्षण है और इससे साफ है कि लोग उन पर भरोसा करते हैं। मध्य प्रदेश में पार्टी कोई इसका बड़ा सियासी लाभ मिल सकता है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित का कहना है कि प्रियंका गांधी सरलता के साथ विभिन्न मुद्दों को उठाती हैं और उसका विभिन्न राज्यों में काफी असर दिखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए प्रियंका गांधी एक बड़ी चुनौती बनकर उभर रही हैं। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने काफी मुखरता से काम किया है और यही कारण है कि महिलाओं में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

हिमाचल-कर्नाटक में भी निभाई थी बड़ी भूमिका

इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रचार में भी प्रियंका गांधी ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। हिमाचल प्रदेश के कई भीतरी इलाकों में भी पहुंचकर उन्होंने सभाएं और पदयात्रा की थी और इसका बड़ा असर दिखा था। चुनाव से पूर्व हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था मगर हिमाचल के चुनाव में कांग्रेस ने सबको हैरान करते हुए भाजपा पर बड़ी जीत हासिल की थी।

कर्नाटक के चुनाव में भी प्रियंका गांधी की सक्रियता दिखी थी और वहां भी कांग्रेस बीजेपी को पछाड़ने में कामयाब रही थी। मध्य प्रदेश में प्रियंका पहले से ही सक्रिय दिख रही हैं और अब आने वाले दिनों में प्रियंका की सक्रियता राज्य में और बढ़ेगी। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को भी प्रियंका की ताकत पर पूरा भरोसा है और इसी कारण वे पहले से ही प्रियंका की सभाएं कराने में जुटे हुए हैं।

Tags:    

Similar News