Bihar: औरंगाबाद में गर्लफ्रेंड के चक्कर में पत्नी की हत्या, अवैध संबंध का विरोध करने पर फंदे से लटकाया

Bihar : मायके वालों का आरोप है कि, हत्या आरोपी पति की गर्लफ्रेंड भी है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद से मृतका रीना गुमसुम रहने लगी थी। विरोध करने पर पति मारपीट करता था।

Newstrack :  Network
Update: 2022-07-02 12:51 GMT

Bihar Aurangabad News (social media) 

Bihar Aurangabad News : बिहार के औरंगाबाद जिले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यह मर्डर किसी और ने नहीं बल्कि मृतका के पति विराज राम ने ही किया। महिला के मायके वालों का आरोप है, कि विराज का किसी अन्य लड़की के साथ अवैध संबंध था। पत्नी इसी बात का विरोध करती थी। इसलिए विराज ने उसे फंदे से लटका कर मार डाला।

क्या है मामला? 

यह घटना औरंगाबाद जिले के मलुकी बिगहा गांव (Maluki Bigha Village) की है। शनिवार को रीना देवी (20 वर्ष) की मौत की सूचना पाकर मायके वाले स्तब्ध रह गए। जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो नजारा देखकर दंग रह गए। उसकी लाश फंदे से लटक रही थी। घटना के बाद पति और ससुराल वाले घर छोड़ फरार हो चुके थे। मायके वालों का आरोप है कि रीना की हत्या शुक्रवार देर रात ही हुई है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सास समेत 3 हिरासत में

स्थानीय पुलिस के अनुसार, मामला संदिग्ध है। हालांकि, पुलिस केस की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मृतका रीना की सास सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

विरोध करने पर करता था मारपीट

मायके वालों का आरोप है कि, विराज राम की एक गर्लफ्रेंड भी है। मायके वाले बताते हैं, कि इस बात की जानकारी मिलने के बाद से रीना काफी गुमसुम रहने लगी थी। उसने हमारे सामने इस बात का जिक्र भी किया था। हमलोगों ने उसके ससुराल वालों से बात की तो उन लोगों ने इनकार कर दिया। मायके वालों का आरोप है जब-जब रीना उसके अवैध संबंध का विरोध करती थी, तब-तब वह उसके साथ मारपीट करता था। मायके वालों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करे।

Tags:    

Similar News