Firing in Katihar: बिहार में फिर बवाल, कटिहार में बिजली किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग, 1 की मौत

Firing in Katihar: बिहार के कटिहार जिले में बिजली कटौती से परेशान लोग सड़क पर उतरे। प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने फायरिंग-लाठीचार्ज किया। हालांकि, स्थानीय लोग बता रहे हैं कि पुलिस की गोली से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पुलिस ने एक की पुष्टि की है।

Update: 2023-07-26 11:32 GMT
कटिहार में बिजली किल्लत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग (Social Media)

Firing in Katihar: बिहार के कटिहार जिले में बुधवार (26 जुलाई) को गोली लगने से एक शख्स की मौत हो गई। दो लोगों की हालत गंभीर है। जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग बारसोई प्रखंड (Barsoi Block) पहुंच बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।प्रदर्शन में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान लोग अचानक उग्र हो गए। स्थानीय पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। भीड़ नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग भी की।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस की गोलीबारी में 3 लोगों को गोली लगने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो लोगों की मौत हुई है। बारसोई अनुमंडल (Barsoi Subdivision) के पुलिस पदाधिकारी का कहना है कि, एक शख्स की मौत हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है। कटिहार जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

खून से लथपथ लोग नजर आ रहे हैं

इस पूरी घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में खून से लथपथ 3 लोग जमीन पर पड़े नजर आ रहे हैं। वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा है। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि, कोई कह रहा है कि पुलिस वाले ने गोली मार दी। कुछ लोग अस्पताल ले जाने की बात भी कर रहे हैं। इसी दौरान लोग वीडियो बनाते भी दिख रहे हैं।

जिनकी जान गई वो विशेष समुदाय के

कटिहार में गोली लगने से जिस व्यक्ति की मौत हुई है उसकी पहचान मोहम्मद खुर्शीद (35 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक छछना गांव का निवासी था। वहीं, गंभीर रूप से घायल शख्स का नाम नियाज है, जिसे इलाज के लिए सिलीगुड़ी भेजा गया है। कटिहार की इस घटना पर लोगों में काफी गुस्सा है। स्थानीय लोगों पर पुलिस पथराव के आरोप हैं। प्रशासन का कहना है कि, पथराव के बाद ही पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए हवाई फायरिंग की थी। इसी में 3 लोगों को गोली लग गई।

Tags:    

Similar News