Mob Lynching in Chhattisgarh: बीफ बेचने के आरोप में भीड़ ने दो युवकों को कपड़े उतारकर बेल्ट से पीटा, फिर पुलिस को सौंपा

Mob Lynching in Chhattisgarh: ग्रामीणों ने पहले दोनों आरोपियों को निर्वस्त्र कर पीटा, फिर उनकी परेड निकाली। उन्हें बेल्ट से भी पीटा। पुलिस ने माना दोनों गोमांस ले जा रहे थे।

Written By :  aman
Update: 2022-11-02 11:51 GMT

गोमांस बेचने के आरोप में भीड़ ने दो लोगों को कपड़े उतारकर बेल्ट से पीटा

Mob Lynching in Chhattisgarh : बीफ या प्रतिबंधित मांस को लेकर आए दिन कोई न कोई विवाद होता रहता है। कई बार विवाद इतना बढ़ जाता है कि, एक पक्ष अमानवीय व्यवहार पर उतर आता है। ऐसा ही एक मामला कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में देखने को मिला। यहां दो लोगों को कथित तौर पर गोमांस मिलने और बेचने के आरोप में जमकर पीटा गया। भीड़ ने दोनों आरोपियों के कपड़े तक उतार दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों को निर्वस्त्र कर परेड कराई गयी, फिर उन्हें बेल्ट से पीटा गया। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि उनके पास से करीब 33 किलोग्राम गोमांस भी बरामद हुआ है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया है।

क्या है मामला?

ये मामला छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना का बताया जा रहा है। स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर उन्होंने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान नरसिंह रोहिदास (50 वर्ष) और रामनिवास मेहर (52 वर्ष) के रूप में हुई है। शिकायत देने वाले सुमित नायक का आरोप है कि दोनों आरोपियों सफेद बोरे से लदे दोपहिया वाहन पर सवार थे। जिसमें मांस होने को लेकर लोगों ने विवाद कर दिया। 

गांव में निकाली परेड

स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर उन लोगों से पूछताछ की। पूछा कि बोरी में क्या है? तो उन्होंने गोमांस होने की बात कबूली। स्थानीय लोगों ने दोनों के पास से गोमांस बरामद होने के बाद पहले तो जमकर पीटा। फिर गांव में घुमाकर उनकी परेड निकाली। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस (Chakarbhatha Police Station) गांव पहुंची। पुलिस ने पहले गांव वालों की पकड़ से दोनों आरोपियों को छुड़ाया। जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। थाने में दोनों से पूछताछ की गई।

 पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि, इनके पास से बरामद गोमांस की जांच पशु डॉक्टर से करवाई गई थी। पुलिस ने आरोपियों के दोपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।

Tags:    

Similar News