Aaj Ka Mausam : श्रीनगर, गुलमर्ग, कटरा, कुलगाम में भारी बर्फबारी, कश्मीर, पंजाब में भारी वर्षा, UP-MP में भी बारिश

एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के 7 जनवरी तक आने की संभावना जताई जा रही थी। आज शुक्रवार को यह कभी भी पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर पहुंच जाएगा। इसका व्यापक असर पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक देखने को मिलेगा।

Written By :  aman
Update:2022-01-07 06:08 IST

बारिश

Aaj Ka Mausam 07 January 2022 : भारतीय मौसम विभाग (Bhartiya Mausam Vibhag) के अनुसार, एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के 7 जनवरी तक आने की संभावना जताई जा रही थी। आज शुक्रवार को यह कभी भी पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर पहुंच जाएगा। इसका व्यापक असर पहाड़ों से मैदानी इलाकों तक देखने को मिलेगा। राजस्थान के दक्षिणी-पश्चिमी इलाकों के करीब एक सिस्टम बना हुआ है जो इस बदलते मौसम में सहायक बनेगी। अरब सागर की तरफ से नमी और बादलों का आना राजस्थान में जारी है, जो देश के अन्य उत्तरी राज्यों को भी प्रभावित करेंगे। इसी वजह से राजस्थान के पूर्वी भागों में, उत्तर प्रदेश के आसमान में, राजधानी दिल्ली में भी घने बादल पहुंचने लगे हैं। आगामी 24 घंटे में इन सिस्टम का बहुत ज्यादा असर रहने वाला है। वहीं, दक्षिण भारत में कोई मजबूत मौसमी सिस्टम नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूर्वोत्तर भारत के ऊपर भी घने बादल पहुंच रहे हैं।

Aaj kaisa rahega mausam- बीते तीन-चार दिनों से देश के पहाड़ी भागों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है। अब जबकि, एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहा है, तो घने बादलों का इस क्षेत्र में आना जारी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड इन सभी पहाड़ी राज्यों में तो बारिश होनी ही है, मैदानी हिस्सों में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी मध्यम और भारी बारिश होंगे। इस दौरान बिजली चमकने, गर्जना और ओले गिरने का भी पूर्वानुमान है। जम्मू में वैष्णो देवी का क्षेत्र जिसमें कटरा, उधमपुर और घाटी वाला हिस्सा जिसमें श्रीनगर, गुलमर्ग, कुलगाम, पहलगाम, काजीगुंड के इलाकों में बहुत भारी हिमपात की संभावना है। पर्यटकों के लिए यहां बेहद मुश्किल समय हो सकता है। रास्ते बंद होना और हिमस्खलन भी इस समय संभव है। अगले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में भी हालात ज्यादा मुश्किल भरे हो सकते हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 7 जनवरी को घने बादल रहेंगे, जिससे इन दोनों राज्यों में मौसम काफी सक्रिय रहेगा। लद्दाख में भी बादल रहेंगे लेकिन वर्षा नहीं होगी।

07 January 2022 Mausam- मौसम विभाग (mausam vibhag) के अनुसार, पंजाब में शुक्रवार को बहुत भारी बारिश हो सकती है। अमृतसर, तरनतारन, पटियाला, लुधियाना, मोगा, फरीदकोट, बरनाला, श्री मुक्त साहिब, बठिंडा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, हरियाणा के उत्तरी इलाकों जिनमें अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला और चंडीगढ़, करनाल और रोहतक में मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान है। जबकि, राजस्थान में चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ सहित अलवर,जयपुर, अजमेर, बीकानेर तक में भी कई स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं, बात पश्चिमी उत्तर प्रदेश की करें तो अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, सहारनपुर में भी मध्यम से तेज वर्षा का अनुमान जताया जा रहा है। यूपी के मध्य भाग जिनमें ललितपुर, झांसी, महोबा, चित्रकूट, बांदा, कानपुर में कुछ जगहों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। लखनऊ, रायबरेली, बहराइच, अमेठी, बाराबंकी, गोरखपुर, वाराणसी, सोनभद्र, भदोही के हिस्से में बादल पहुंच रहे हैं। जहां बादल पहुंच गए हैं जैसे लखनऊ सहित आसपास के इलाके, वहां अभी हल्की वर्षा हो रही है जो आगे और तेज होगी। प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर तक में बारिश हो सकती है। लेकिन प्रदेश के उत्तरी छोर पर वर्षा का अनुमान 8 जनवरी से होना बताया जा रहा है। वाराणसी में भी 8 जनवरी से वर्षा होने की संभावना है।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- मध्य भारत की बात करें तो, ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के मध्य भाग में बहुत घने बादल रहेंगे। अनुमान है, कि गुना ग्वालियर, रतलाम, इंदौर, मंदसौर, उज्जैन, धार, देवास, भोपाल, सागर, सतना, रीवा, टीकमगढ़ आदि में कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज बारिश और ओला गिरने का भी अनुमान जताया जा रहा है। गुजरात में सभी जगहों पर बादल रहेंगे। सौराष्ट्र और कच्छ के साथ-साथ पूर्वी भागों में बारिश होगी। अहमदाबाद, मेहसाणा, वडोदरा, सावरकांठा, बनासकांठा, कच्छ में भी कई जगहों पर राजकोट और जामनगर में भी कई जगहों पर बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र में भी बादल पहुंचने लगे हैं। मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर वर्षा हो सकती है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मुख्यतः मौसम शुष्क रहेगा, यहां 8 जनवरी से बारिश संभव है। दक्षिण भारत में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहने वाला है। तमिलनाडु, पुडुचेरी के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है। केरल में भी कमोबेश यही हालात रहेंगे। अगले 24 घंटों में हल्की वर्षा, बूंदाबांदी आदि देखने को मिल सकते हैं। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी कुछ जगहों पर वर्षा होगी।

Tags:    

Similar News