Aaj Ka Mausam: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आज भी होगी बारिश, जानें अपने शहर का हाल
राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई हिस्से में तथा बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ भागों में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के पहाड़ी राज्यों होकर जो बादल आ रहे हैं।;
बारिश (सांकेतिक फोटो : सोशल मीडिया
Aaj Ka Mausam 29 December 2021 : पिछले 24 घंटों से देश के मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है, वह अभी थमने वाला नहीं है। खासकर,राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई हिस्से में तथा बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ भागों में भी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से देश के पहाड़ी राज्यों होकर जो बादल आ रहे हैं, वो गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार, झारखंड के आसमान में भी दिखाई दे रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (Bhartiya Mausam Vibhag) के अनुसार, एक सर्कुलेशन पूर्वी भारत में बिहार और झारखंड के ऊपर बना हुआ है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश पर है। लेकिन, एक सबसे अहम सर्कुलेशन राजस्थान के ऊपर बना हुआ है जो नमी को खींचकर देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ा रहा है। मतलब, देश में जो अभी मौसमी हलचल दिख रहा है वो इन्हीं सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से है। वहीं, बात करें देश के दक्षिणी भाग की तो वहां मौसम साफ और शुष्क नजर आ रहा है। किसी तरह के मौसमी बदलाव की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।
Aaj kaisa rahega mausam- मौसम विभाग (mausam vibhag) के अनुसार, 29 दिसंबर को देश के पूर्वी भाग में बारिश की सबसे ज्यादा संभावना है। यहां, बिहार, झारखंड और ओडिशा के आसपास के इलाकों में अच्छी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। बुधवार को बिहार में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें देखने को मिल सकती हैं।जबकि, झारखंड में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। रांची, दुमका, डाल्टेनगंज, लातेहार, पलामू, जमशेदपुर आदि झारखंड के ऐसे इलाके होंगे जहां आज बुधवार को अच्छी वर्षा का अनुमान है। वहीं, बात करें पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 29 दिसंबर को अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी आदि में 28 दिसंबर को भी कई जगहों पर बारिश हुई थी, जो अगले 24 घंटों में इन इलाकों सहित अन्य जगहों पर भी जारी रहेगी। उसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। बिहार के कई जगहों तथा पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्रों और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी 29 दिसंबर को अच्छी-खासी बारिश का अनुमान जताया जा रहा है। मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन मेघालय तथा असम के कुछ हिस्सों में वर्षा होने की संभावना रहेगी।
29-12-2021 Mausam- बात मध्य भारत की करें, तो यहां ओडिशा के उत्तरी भागों में कई जगहों पर 29 दिसंबर को मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर सहित पास के इलाके को छोड़कर पूरे राज्य में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सागर, सतना, पन्ना, रीवा, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, छिंदवाड़ा, होशंगाबाद, बैतूल सहित अन्य जिलों में अगले 24 घंटों में वर्षा हो सकती है। जिसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। महाराष्ट्र के विदर्भ में चंद्रपुर, नागपुर, गढ़चिरौली में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है। इसके अलावा अकोला, वर्धा, यवतमाल, औरंगाबाद, जलगांव, धुले, नाशिक में भी वर्षा होगी। वहीं, मराठवाड़ा, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र में मुख्यतः मौसम शुष्क रहेगा। जबकि, मध्य प्रदेश के शिवपुरी, गुना, ग्वालियर में अब तक ठीक-ठाक बारिश हो चुकी है। इससे यहां का मौसम अब ठंडा है। रतलाम, भोपाल, उज्जैन, देवास, धार, मंदसौर, खरगौन में 29 दिसंबर की सुबह में आसमान में बादल देखने को मिलेंगे और हल्की बूंदाबांदी का आनंद लिया जा सकेगा।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- बात करें गुजरात की तो यहां 29 दिसंबर को पूरी तरह राज्य में शुष्क मौसम रहेगा। हवाएं पूर्वी दिशा से चल रही हैं इसलिए शीतलहर जैसी संभावनाएं फिलहाल नहीं हैं। राजस्थान और पश्चिमी यूपी सहित पंजाब और हरियाणा की बात करें तो राजस्थान में आज कई जगहों पर बारिश का सिलसिला बना रहेगा। जयपुर, सवाई माधोपुर, अजमेर, कोटा में हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो जाएगा। इसी तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, इटावा, एटा, मैनपुरी तक 28 दिसंबर को बारिश देखी गई जहां 29 दिसंबर से मौसम साफ हो जाएगा। यूपी में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए अगले बुधवार और गुरुवार को बारिश के आसार जताए हैं। यूपी में मौसम विभाग की तरफ से 18 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। अचानक आए मौसमी बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। मेरठ, नोएडा, पीलीभीत, बरेली, हाथरस, बहराइच, संतकबीर नगर, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, औरैया, फतेहपुर, प्रयागराज, बलिया, वाराणसी, मऊ, बरेली, आगरा में मौसम विभाग ने बारिश होने की संभावना जताई है।
बुधवार को हरियाणा, दिल्ली में भी बारिश की संभावना नहीं रहेगी। वहीं, पंजाब होकर चलने वाली हवाओं के कारण हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का तापमान 29 दिसंबर को गिरेगा और गलन वाली ठंड का एहसास हो सकता है। पहाड़ी राज्यों में मुख्यतः मौसम शुष्क रहेगा लेकिन आसमान में बादल देखने को मिलेंगे। जिससे दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाके में बुधवार को वर्षा का अनुमान है। शेष हिस्से में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।