Monsoon 2022: केरल में मानसून समय से 10 दिन पहले दे सकता है दस्तक, IMD की रिपोर्ट में अनुमान

Weather Forecast : मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम विभाग द्वारा अब तक के जुटाए गए आंकड़ों से यह अनुमान लगाया जा रहा कि केरल में मानसून इस बार समय से 10 दिन पहले ही दस्तक दे सकता है।

Written By :  Bishwajeet Kumar
Published By :  Rakesh Mishra
Update: 2022-05-07 07:45 GMT

Mansoon 2022 (Representative Image, Credit : Social Media)

Monsoon 2022 : इस बार मानसून करीब 10 दिन पहले केरल में दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मानसून को लेकर आईआईटीएम (IITM) मल्टीमॉडल एक्सटेंडेड रेंज प्रोडक्शन सिस्टम (Multimodal Extended Range Production System) का उपयोग कर अनुमान लगाया गया है कि इस बार केरल में मानसून 1 जून के बजाय 10 दिन पहले 20 मई में ही दस्तक दे सकता है।

टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक केरल में मानसून इस बार अपने निर्धारित समय से 10 दिन पहले किसी भी वक्त दस्तक दे सकता है। 28 अप्रैल को जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक केरल में वर्षा की गतिविधियां 19 से 25 मई के बीच काफी अधिक देखी जा रही है इस स्थिति से अंदाजा लगाया जा रहा कि इस बार मानसून केरल में 1 जून के बजाय 20 मई को ही आ सकता है।

चक्रवाती तूफान बनने का दिख रहा संकेत

भारतीय मौसम विभाग के ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान बनने का संकेत दिख रहा है। जिसके कारण अंडमान और निकोबार दीप समूह में मानसून का प्रभाव अधिक दिखने की संभावना है। मौसम विभाग के एक विशेषज्ञ के मुताबिक भारतीय मुख्य भूमि से जब चक्रवात एक बार थोड़ा दूर चला जाता है तो इसके कारण मानसून की गति में तेजी से वृद्धि होती है। इसी कारण से इस बार मानसून समय से पहले केरल पहुंच सकता है।

इन हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई हिस्सों में अगले 3 से 4 दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है। केरल, मिजोरम, नागालैंड, मेघालय जैसे राज्यों में 9 और 10 मई को भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं मणिपुर में 10 मई को भारी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा बिहार तथा छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान बिहार के कई हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, साथ ही बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News