PM Security Lapse News: जिस गुट ने पीएम का काफिला रोका उसके नेता के माओवादियों से लिंक

PM Security Lapse News: युक्त किसान मोर्चा का हिस्सा था लेकिन हाल ही में इसने मोर्चा से नाता तोड़ लिया था।;

Written By :  Neel Mani Lal
Published By :  Divyanshu Rao
Update:2022-01-05 23:13 IST

पीएम नरेंद्र मोदी की गाड़ी 

PM Security Lapse News: पंजाब के फिरोजपुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के काफिले को रोकने की घटना की जिम्मेदारी भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) ने ली है। फिरोजपुर जिले के प्यारेना गांव के पास एक फ्लाईओवर पर कुछ किसान प्रदर्शन कर रहे थे और वे सब हरे व लाल झंडे लिए थे। ये बीकेयू क्रांतिकारी के झंडे हैं। इन लोगों ने जैसे ही पीएम के काफिले को आते देखा, वे सब सड़क पर बैठ गए। बीकेयू क्रांतिकारी को एक अति वामपंथी किसान यूनियन माना जाता है।

हालांकि ये गुट संयुक्त किसान मोर्चा का हिस्सा था लेकिन हाल ही में इसने मोर्चा से नाता तोड़ लिया था। 2009 में बीकेयू क्रांतिकारी के अध्यक्ष सुरजीत फूल को यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था जिसके बाद वह कुछ समय जेल में रहा था। उसके ऊपर माओवादी संगठनों से संबंध का आरोप लगा था।

नरेंद्र मोदी का काफिला 

क्रांतिकारी किसान यूनियन के प्रेस सचिव अवतार मेहमा ने कहा है कि 31 दिसम्बर को बरनाला में सात किसान यूनियनों की बैठक हुई थी जिसमें निर्णय लिया गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान व्यापक प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हर संगठन को गांव में अपनी शक्ति के आधार पर अलग अलग जगहों पर प्रदर्शन करना था। इसी रणनीति के तहत बीकेयू क्रांतिकारी प्यारेना गांव में प्रदर्शन कर रहा था। इस संगठन के सदस्य सुबह साढ़े दस बजे से उस रूट पर प्रदर्शन कर रहे थे।

वैसे पीएम जिस रूट से जाने वाले थे उसपर पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्य हाईवे पर पांच जगह प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन जब अधिकारियों ने इस संगठन के नेताओं से कहा कि पीएम उनसे 15 मार्च को मिलेंगे तो धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया गया।

बीकेयू क्रांतिकारी पंजाब के 11 जिलों में सक्रिय है और इनमें से सात जिलों में उसका अच्छा खासा प्रभाव है। इस संगठन का दावा है कि राज्य में इसे 25 से 30 हजार सदस्य हैं।

Tags:    

Similar News