Rajya Sabha Election 2022: कांग्रेस-BJP ने राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, इन्हें मिला मौका

Rajya Sabha Election 2022 : बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश से डॉ सिकंदर कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस रिपुन बोरा और जेबी माथेर को अपना प्रत्याशी घोषित की है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Published By :  aman
Update:2022-03-19 12:07 IST

संसद ( social media)

Rajya Sabha Election 2022 : पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की समाप्ति के बाद अब राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Election 2022) के लिए हलचल तेज हो गई है। 6 राज्यों की 13 राज्यसभा सीटों के लिए 31 मार्च को मतदान होना है। लिहाजा सियासी सरगर्मी एक और बार और बढ़ गई है। देश की दो प्रमुख पार्टियों सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने अपने कुछ राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है।

बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश से डॉ सिकंदर कुमार (Dr. Sikandar Kumar) को अपना उम्मीदवार बनाया है। सिकंदर कुमार वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कुलपति के पद पर कार्यरत हैं। वो हमीरपुर संसदीय सीट से संबंध रखते हैं। ये वही सीट है जहां से पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के बेटे और मोदी सरकार में केंद्रीय सूचना और प्रसारण और युवा कार्यक्रम तथा  खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सांसद हैं।

प्रदेश में राज्य सभा की 3 सीटें  

बता दें, कि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटें हैं। जिनमें से एक कांग्रेस और दो बीजेपी के पास है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और इन दिनों जी-23 के सक्रिय नेता आनंद शर्मा का राज्यसभा कार्य़काल समाप्त हो रहा है। इसी सीट पर चुनाव होना है। हिमाचल में बीजेपी की बहुमत को देखते हुए ये सीट उसके खाते में जाना तय मानी जा रही है। इसके अलावा हिमाचल के दो अन्य सीटों से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और इंदु गोस्वामी राज्यसभा सांसद हैं। 

कांग्रेस ने इन्हें बनाया उम्मीदवार 

वहीं कांग्रेस ने असम और केरल की राज्यसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। कांग्रेस की ओर से जारी बयान में बताया गया है, कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने असम के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और दिग्गज नेता रिपुन बोरा को वहां से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। जबकि केरल से कांग्रेस ने जेबी माथेर को अपना कैंडिडेट घोषित किया है।

बता दें कि असम, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, केरल, नागालैंड और त्रिपुरा सहित छह राज्यों में 31 मार्च को राज्यसभा के लिए मतदान होना है। इनमें सबसे अधिक पंजाब के पांच राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होना है। पंजाब में इसबार आप ने प्रचंड जनादेश के साथ सत्ता पायी है। 

Tags:    

Similar News