Aaj Ka Mausam : देश में फिर पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक, इन राज्यों में चलेंगी ठंडी हवाएं और यहां होगी बारिश

आने वाले समय में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दस्तक देंगे, जिससे पहाड़ों से लेकर मैदान तक एक बार फिर से बारिश देखने को मिलेगी। यानी बारिश का मौसम और पश्चिमी विक्षोभ का आना अभी खत्म नहीं हुआ है।;

Written By :  aman
twitter icon
Update:2022-02-13 06:19 IST
western disturbance

western disturbance

  • whatsapp icon

Aaj Ka Mausam 13 February 2022 : बीते कुछ समय की मौसमी गतिविधियों पर नजर डालने के बाद वर्तमान हालात को देखें तो हम कह सकते हैं कि देश में इस वक्त चारों हिस्सों में मौसम में ज्यादा हलचल फिलहाल नहीं है। लेकिन आपको बता दें, कि आने वाले समय में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) उत्तर भारत में दस्तक देंगे, जिससे पहाड़ों से लेकर मैदान तक एक बार फिर से बारिश देखने को मिलेगी। यानी बारिश का मौसम और पश्चिमी विक्षोभ का आना अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसमी विशेषज्ञ इसे जलवायु परिवर्तन से जोड़कर देख रहे हैं जब फरवरी से मार्च तक सर्दी का क्रम टूटता नहीं है। इसलिए अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी देश में काफी बारिश होती रहेगी। 13 फरवरी की बात करें तो दक्षिण भारत के ऊपर एक सर्कुलेशन बना हुआ था बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के ऊपर, उसका असर बादलों के रूप में यहां दिखाई दे रहा है। इसी तरह पूर्वोत्तर भारत में अभी कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है।

Aaj kaisa rahega mausam- देश के उत्तरी इलाकों में चल रही उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से आसमान चमकदार होने लगा है। उसी वजह से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि शहरों में चमकदार धूप के दर्शन हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब आदि, साथ ही साथ बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के तमाम इलाकों पर मध्यम से घना कोहरा भी देखने को मिलेगा। राजस्थान और मध्य प्रदेश के तमाम इलाकों में बीते दिनों भी घना कोहरा देखने को मिला। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी घना कोहरा देखने को मिल रहा है। आज यानी 13 फरवरी को एक पश्चिमी पश्चिमी विक्षोभ भारत पहुंच रहा है उसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद से लेकर लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है। ज्यादा बारिश नहीं होगी। हिमाचल प्रदेश में शिमला, चंबा, ऊना, धर्मशाला, लाहौल स्पीति आदि जगहों पर भी मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहेगा। ऐसी ही स्थिति उत्तराखंड में भी देखने को मिलेगी, चमोली, उत्तरकाशी, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, जोशीमठ, नैनीताल, हृषिकेश आदि जगहों का मौसम भी साफ हुए शुष्क बना रहेगा।

13 February 2022 Mausam- बात अगर मैदानी भाग में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली की करें तो यहां हवाओं के रुख में थोड़ा परिवर्तन आ जाएगा। क्योंकि, उत्तर भारत में उत्तर दिशा से आने वाली इन हवाओं को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बने सिस्टम रोक लेते हैं। इस वजह से यहां सामान्यतः चलने वाली हवा की रफ़्तार जो अब तक 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से चल रही थी वो कम हो जाएगी और उसकी दिशा भी बदलने वाली है। इन मैदानी राज्यों में तापमान में गिरावट का जो सिलसिला जारी था, अब वो रुकेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के सभी क्षेत्र में हवा की दिशा बदलने के कारण तापमान में गिरावट का सिलसिला थमेगा। यहां आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। ऐसी ही स्थितियां बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल की कमोबेश देखने को मिलेगी। सिक्किम और देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भी आसमान पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- इसी तरह देश के मध्य भाग के मौसम की बात करें तो, गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र से लेकर पूर्वी तथा उत्तर से लेकर दक्षिण तक, मध्य प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र के विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण गोवा तथा गोवा सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। हवाओं का मिलाजुला रूप देखने को मिलेगा। देश के मध्य भाग में हवाओं का रुख बदला है। अब यहां अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की तरफ से हवाएं आने लगी हैं, जिनमें नमी है। इस वजह से यहां धुंध देखने को मिलेगा। लोगों को चमकदार धूप नहीं देखने को मिलेगी। तेलंगाना, कर्नाटक के आंतरिक इलाके, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा आदि भागों में भी मौसम शुष्क रहेगा। तमिलनाडु में पम्बन से लेकर निचला इलाका जो मदुरई, तिरुचिरापल्ली, कन्याकुमारी, कोच्चि सहित अन्य भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समन में रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश देखने को मिल सकती है।

Tags:    

Similar News