दो किलो गेहूं के लिए बहा खून, 15 लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Update: 2018-10-07 11:02 GMT

शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में दो किलो गेहूं को लेकर युवक और कोटेदार के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि दोनों पक्ष के लोग आमने -सामने आ गए। दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी भी हुई। जिसमें एक बुजुर्ग को गोली लग गई। जबकि दोनों पक्षों के एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनो पक्षों की तहरीर के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

ये है पूरा मामला

घटना थाना निगोही के संडा खास गांव की है। यहां बीते शनिवार की शाम कोटेदार प्रेमपाल राशन बाट रहा था। गांव का ही रहने वाला रविंद्र राशन लेने गया तो जितना गेंहू दिया जाना था उससे दो किलो का वजन कम करके कोटेदार गेंहू बाट रहा था। जिसका रविंद्र ने विरोध किया। हालांकि बात बढ़ती तब तक लोगों ने बीच बचाव करा दिया।

लेकिन विवाद इतने पर खत्म नहीं हुआ। देर रात इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। उनके बीच जमकर गालीगलौज होने लगी। तभी एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। जिसमें कोटेदार प्रेमपाल के पिता को गोली लग गई। उसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से गोलियां चलना शुरू हो गई। लाठी-डंडे भी चलने लगे।

मारपीट में दोनो पक्षों के एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को सरकारी अस्पताल मे इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक बार फिर से फिर आमने सामने आ गए।

अस्पताल के अंदर ही कहासुनी शुरू हो गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही जांच भी शुरू कर दी।

पुलिस का पक्ष

सीओ सदर बलदेव सिंह खनेङा ने बताया कि दो पक्षों मे मामूली विवाद के बाद फायरिंग शुरू हुई। जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए है। उनको इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्यवाही की जा रही है।

ये भी पढ़ें...शाहजहांपुर: अवैध सम्बन्ध के शक के चलते सनकी पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी हत्या की, इलाके में मची सनसनी

 

Tags:    

Similar News