24 घंटे के अंदर मिली दूसरी लाश, पुलिस पड़ताल में चौंकाने वाले खुलासे

Update: 2018-06-11 10:06 GMT

शाहजहांपुर: जिले में 24 घंटे के अंदर दो हत्‍याओं ने सनसनी फैला रखी है। रविवार को एक नाबालिग लड़की की लाश मिलने के बाद उसी इलाके में सोमवार सुबह दस बजे एक युवक की हत्‍याकर फेंकी लाश मिली है। इस मामले में पुलिस की तफ्तीश अब ऑनर किलिंग की दिशा में घूम गई है।

चर्चा है दोनों एक ही दिन हुए गायब

घटना थाना निगोही के गुरगवां गांव की है। यहां के रहने वाले गिरजादयाल का 22 साल का बेटा रामसुमिरन बाईक एजेंसी पर जॉब करता था। पिता गिरजादयाल ने बताया कि उसका बेटा दो दिन से लापता था। उसकी काफी तलाश करने की कोशिश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आज सुबह ग्रामीण खेतों पर काम करने जा रहे थे। तभी उनकी नजर एक युवक की लाश पर पङी। शव गांव के ही रहने वाले रामसुमिरन का था। पिता के मुताबिक उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। लेकिन उसके बेटे की हत्या करके शव को फेंका गया है। परिजनों ने आरोपियों को सजा दिलाने की मांग की है। वहीं घटना की खबर लगते ही युवक की मां बेहोश हो गई। फिलहाल सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि 24 घंटे मे हत्या की ये दूसरी घटना है। इससे पहले इसी थाना क्षेत्र के टिकरी गांव मे एक 15 साल की नाबालिग का शव गन्ने के खेत में मिला था। किशोरी भी रात में घर से लापता हुई थी उसके बाद कल उसकी लाश मिली थी। किशोरी के शरीर पर भी चोट का कोई निशान नहीं था और अब युवक का शव मिला उसके शरीर पर भी चोट के निशान नहीं मिले है। चर्चाएं ये ही हैं कि नाबालिग और युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनो के गांव पास में है। जिस तरह से शव पर चोट का एक भी निशान नहीं मिला है। ऐसे मे चर्चाएं तेज हो रही है कि कहीं ये ऑनर किलिंग की तो घटना नहीं है। शनिवार की रात नाबालिग घर से गायब हुई थी। उसी रात युवक भी घर से लापता था। ऐसे में पुलिस दोनो हत्याओं को जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

अधिकारी बोले- दोनों हत्‍याओं को फिलहाल जोड़कर कर रहे जांच

सीओ सदर बलदेव सिंह खनेङा का कहना है कि युवक का शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। एक नाबालिग का भी शव कुछ दूरी पर खेत में मिला था। इसलिए दोनों शवों की जांच को जोड़कर ही देखा जाएगा। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Similar News